Sarfaraz Ahmed Retires From International Cricket: पाकिस्तान की टीम से बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है. पूर्व दिग्गज कप्तान सरफराज अहमद ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है. पिछले काफी समय से वह ग्रीन जर्सी में वापसी करने के लिए संघर्ष कर रहे थे. मगर पाक टीम में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया है. सरफराज का नाम पाक क्रिकेट के सफलतम कप्तानों में शुमार है. उनकी अगुवाई में ही ग्रीन टीम ने 2017 की चैंपियंस ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था. फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान की भिड़ंत टीम इंडिया के साथ हुई थी. जहां पाक टीम ब्लू टीम को शिकस्त देते हुए चैंपियन बनी थी.
सरफराज ने भारत के खिलाफ जयपुर में किया था डेब्यू
सरफराज अहमद का जन्म 22 मई साल 1987 में कराची के सिंध प्रांत में हुआ था. ग्रीन टीम के लिए उन्होंने पहला मुकाबला वनडे फॉर्मेट के तहत 18 अप्रैल साल 2007 में भारत के खिलाफ जयपुर में खेला था. जहां उन्हें बल्लेबाजी करने का मौका तो नहीं मिला. मगर विकेटकीपिंग के दौरान वीरेंद्र सहवाग (10) और युवराज सिंह (50) का उन्होंने दो शानदार कैच पकड़ा था.
सरफराज ने पाकिस्तान की तरफ से कुल 100 मैचों में की कप्तानी
सरफराज पाकिस्तान की तरफ से इंटरनेशनल लेवल पर कुल 100 मैचों में पाकिस्तान कप्तानी करने में कामयाब रहे. जिसमें 50 वनडे 37 टी20 इंटरनेशनल और 13 टेस्ट मुकाबले शामिल हैं. सरफराज की देखरेख में टीम ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में नंबर वन का रैंकिंग हासिल किया था. यहीं नहीं उनकी ही अगुवाई में टीम ने लगातार 11 टी20 इंटरनेशनल सीरीज जीतने का रिकॉर्ड भी बनाया था.
सरफराज का इंटरनेशनल क्रिकेट करियर
सरफराज पाकिस्तान की तरफ से इंटरनेशनल क्रिकेट में कुल 54 टेस्ट, 117 वनडे और 61 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेलने में कामयाब रहे. इस बीच उनके बल्ले से टेस्ट की 95 पारियों में 37.41 की औसत से 3031, वनडे की 91 पारियों में 33.55 की औसत से 2315 और टी20 की 42 पारियों में 27.26 की औसत से 818 रन निकले. सरफराज के नाम टेस्ट क्रिकेट में चार शतक और 21 अर्धशतक, वनडे में दो शतक और 11 अर्धशतक एवं टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में तीन अर्धशतक दर्ज है.
यह भी पढ़ें- NZ vs SA: घर में ताश के पत्तों की तरह बिखर गई न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका ने सात विकेट से रौंदा














