'ICC टूर्नामेंट में उनका रिकॉर्ड...' रिकी पोंटिंग ने माना भारतीय टीम का लोहा, बताया इतिहास की सबसे मजबूत टीम

Ricky Ponting Big Praise for Team India: रिकी पोंटिंग ने हाल में संपन्न टी20 विश्व कप में भारत की जीत के बाद उसे अब तक की सबसे मजबूत टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम करार देते हुए कहा कि टीम की गहराई, अनुभव और निरंतरता के कारण सफेद गेंद के क्रिकेट में उसका रिकॉर्ड शानदार है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
Ricky Ponting Big Praise for Team India

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने हाल में संपन्न टी20 विश्व कप में भारत की जीत के बाद उसे अब तक की सबसे मजबूत टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम करार देते हुए कहा कि टीम की गहराई, अनुभव और निरंतरता के कारण सफेद गेंद के क्रिकेट में उसका रिकॉर्ड शानदार है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर अपना तीसरा आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप खिताब जीता और यह खिताब लगातार दूसरी बार जीतने वाली पहली टीम बन गई. भारत ने पुरुषों के सीमित ओवरों के क्रिकेट में दबदबा बनाए रखा है. 2023 के अंत से लेकर अब तक हुए चार बड़े आईसीसी टूर्नामेंट में उसे सिर्फ दो मैच में हार का सामना करना पड़ा है. टीम को इस दौरान एक बार 2023 वनडे विश्व कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ और दूसरी बार 2026 टी20 विश्व कप के सुपर आठ चरण में दक्षिण अफ़्रीका के खिलाफ हार मिली.

आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल पोंटिंग से जब पूछा गया कि क्या मौजूदा भारतीय टीम टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास की सबसे मजबूत टीम है तो उन्होंने 'द आईसीसी रिव्यु' में कहा,"इस बात के खिलाफ तर्क देना बहुत मुश्किल है. अगर आप देखें तो सिर्फ टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम ही नहीं बल्कि पिछले पांच-छह वर्षों में आईसीसी टूर्नामेंट में उनका सफेद गेंद के प्रारूप में रिकॉर्ड काफी शानदार रहा है." 

उन्होंने कहा,"इस टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले ही बहुत से लोगों ने शायद यह पहचान लिया था कि मौजूदा भारतीय टीम में कितनी गहराई और ताकत है और साथ ही उनके पास कितना अनुभव है." ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान ने कहा,"सिर्फ टी20 टीम नहीं बल्कि भारत की यह सफेद गेंद की टीम बहुत-बहुत मजबूत है. लगातार दो विश्व कप जीतना—इसके लिए उन्हें सलाम." 

तीन बार विश्व कप जीतने वाले पोंटिंग ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) दोनों जगह दबाव वाले क्रिकेट को खेलने के अनुभव ने टीम को गढ़ने में अहम भूमिका निभाई है.  पंजाब किंग्स के मुख्य कोच पोंटिंग ने कहा,"इस मौजूदा टीम के बारे में एक बात जिस पर शायद कम ध्यान दिया जाता है, वह यह है कि इन खिलाड़ियों के पास कितना अनुभव है और उन्होंने कितना क्रिकेट खेला है—चाहे वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट हो या फिर सिर्फ आईपीएल." उन्होंने कहा,"आईपीएल के मैच अंतरराष्ट्रीय मैच जितने ही बड़े होते हैं इसलिए यह भारतीय टीम बेहतरीन संतुलन और एक शानदार टीम के साथ पूरी तरह से तैयार होकर मैदान में उतरी थी."

Advertisement

सुपर आठ चरण के दौरान भारत दक्षिण अफ्रीका से 76 रन से हार गया था और पोंटिंग को लगता है कि इस झटके ने टीम को फिर से एकजुट होने में मदद की. उन्होंने कहा,"जब आप लगातार 12 मैच जीतते हैं तो कोई ना कोई खराब दिन जरूर आता है. मुझे खुशी है कि यह जल्दी आ गया. हो सकता है कि भारत को इसी तरह के झटके की ज़रूरत थी." भारत ने इस हार के बाद जबरदस्त बल्लेबाजी का नजारा पेश करते हुए अपने बाकी बचे चार मैच में से तीन में 250 से अधिक का स्कोर बनाया जिसमें सेमीफाइनल और फाइनल भी शामिल थे.

यह भी पढ़ें: 'कप्तान और कोच ने ड्रेसिंग रूम में...' संजू सैमसन ने बताया गौतम गंभीर-सूर्यकुमार यादव की इस रणनीति से टीम इंडिया बनी वर्ल्ड चैंपियन

Advertisement

यह भी पढ़ें: IPL 2026: SRH को बड़ा झटका, कमिंस शुरुआती मैचों से बाहर, इस वर्ल्ड चैंपियन को मिल सकती है टीम की कमान- रिपोर्ट

Featured Video Of The Day
Iran Dancing Missile Attack: Israel के Iron Dome को तबाह करने वाली Sejjil Missile | Middle East War
Topics mentioned in this article