Rajat Patidar T20 Record; RR IPL 2026: आईपीएल 2026 के 16वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने राजस्थान के सामने जीत के लिए 202 रनों का लक्ष्य रखा. आरसीबी के तरफ से कप्तान रजत पाटीदार ने मुश्किल वक्त में मोर्चा संभालते हुए एक कप्तानी पारी खेली. जब टीम के बड़े और नामी बल्लेबाज जल्दी पवेलियन लौट रहे थे, तब रजत पाटीदार ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से न सिर्फ पारी को संभाला बल्कि टीम को एक सम्मानजनक और चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया. रजत पाटीदार जब क्रीज पर आए तो टीम गहरे संकट में थी. उन्होंने अपनी जिम्मेदारी को बखूबी समझा और बिना किसी दबाव के राजस्थान के गेंदबाजों की क्लास लगाना शुरू कर दिया. रजत ने 40 गेंद पर 63 रनों की पारी खेली और 4 चौके 4 चक्के जड़े. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 157.50 का रहा.
रजत पाटीदार ने 3000 रन के साथ बनाई खास क्लब में जगह
राजस्थान के खिलाफ खेलते हुए टी20 क्रिकेट में सबसे तेज (सबसे कम पारियों में) 3000 रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की इस विशेष सूची में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के कप्तान रजत पाटीदार ने अपनी एक बेहद खास जगह बनाई है. दाएं हाथ के कलात्मक बल्लेबाज रजत पाटीदार के लिए टी20 क्रिकेट में 3000 रनों का आंकड़ा छूना उनके लगातार शानदार प्रदर्शन और आक्रामक खेल का नतीजा है. इस लिस्ट में जहां तिलक वर्मा (90 पारी) और ऋतुराज गायकवाड़ (91 पारी) जैसे युवा सितारे टॉप पर काबिज हैं, वहीं रजत पाटीदार ने महज 95 पारियों में 3000 टी20 रन पूरे कर भारत के चौथे सबसे तेज बल्लेबाज बने है.
पाटीदार ने इस मामले में न सिर्फ विस्फोटक ओपनर यशस्वी जायसवाल (102 पारी) को पीछे छोड़ा है, बल्कि खुद को केएल राहुल (93 पारी) के बिल्कुल करीब ला खड़ा किया है. नंबर 4 जैसे जिम्मेदारी भरे और कठिन बैटिंग ऑर्डर पर लगातार खेलते हुए इतनी कम पारियों में 150 से अधिक के स्ट्राइक रेट के साथ इस मुकाम तक पहुंचना यह दर्शाता है कि पाटीदार केवल रन ही नहीं बनाते, बल्कि बेहद तेज गति से इम्पैक्टफुल पारियां खेलते हैं.
रजत पाटीदार ने नंबर 4 की अहमियत को समझा
क्रिकेट में चौथे नंबर की बल्लेबाजी पोजीशन बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है. इस स्थान पर आने वाले खिलाड़ी के पास परिस्थिति के अनुसार गियर बदलने और पारी को संभालने का सबसे बड़ा जिम्मा होता है. रजत ने इस बात को साबित किया कि वह इस रोल के लिए सबसे सटीक खिलाड़ी हैं. एक तरफ जहां विराट कोहली (32 रन) के अलावा टॉप ऑर्डर का कोई भी बल्लेबाज आज क्रीज पर खास कमाल नहीं दिखा सका, वहीं पाटीदार ने दूसरे छोर से अकेले दम पर मोर्चा संभाले रखा.
कप्तानी का दिखा असली दम
रजत पाटीदार को जब से आरसीबी की कप्तानी मिली है, उनके खेल में एक अलग ही निखार देखने को मिला है. दबाव में बिखरने के बजाय निखरना उनकी पहचान बनती जा रही है. आज के मैच में भी जब टीम को एक लीडर और संकटमोचक की जरूरत थी, उन्होंने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से विरोधी खेमे में खलबली मचा दी और यह बता दिया कि वह सिर्फ फैसलों से ही नहीं बल्कि अपने बल्ले से भी टीम का नेतृत्व करना जानते हैं. निश्चित तौर पर रजत पाटीदार की इस बेहतरीन पारी की बदौलत आरसीबी मैच में एक कड़ा मुकाबला देने की स्थिति में पहुंच पाई है














