भारतीय बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने अपने करियर और निजी जिंदगी को लेकर योगराज सिंह द्वारा की गई टिप्पणियों पर सख्त प्रतिक्रिया दी है. शॉ ने सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए साफ कहा कि वह अपने अतीत से नहीं भागते, लेकिन किसी को भी उनकी छवि खराब करने, झूठे आरोप लगाने या उनके नाम का इस्तेमाल कर लोकप्रियता हासिल करने की अनुमति नहीं देंगे.
दरअसल, पूर्व क्रिकेटर और युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह ने एक इंटरव्यू के दौरान पृथ्वी शॉ के करियर में आई गिरावट को उनकी जीवनशैली से जोड़ते हुए कई गंभीर टिप्पणियां की थीं. योगराज ने कहा था कि पृथ्वी शॉ के साथ वही हुआ जो कभी विनोद कांबली के साथ हुआ था. उन्होंने पार्टी, शराब और गलत संगत को शॉ के करियर में गिरावट का कारण बताया. इसके बाद पृथ्वी शॉ ने इंस्टाग्राम पर लंबा बयान जारी कर अपनी बात रखी.
'मेरी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की किसी को अनुमति नहीं'
शॉ ने अपने बयान में लिखा, 'मेरा अतीत मेरी जिंदगी का हिस्सा है और मुझे उससे न तो कुछ छिपाना है और न ही शर्मिंदा होने की कोई वजह है. हालांकि, मैं किसी को भी मेरे नाम, मेरी निजी जिंदगी या मेरे अतीत का जानबूझकर इस्तेमाल करके नकारात्मकता फैलाने, अनावश्यक विवाद पैदा करने, मेरी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने या मेरे नाम पर प्रचार और ध्यान बटोरने की अनुमति नहीं दूंगा.'
पृथ्वी शॉ ने दी अंतिम चेतावनी
उन्होंने लिखा, 'किसी विषय पर अपनी राय व्यक्त करने और किसी व्यक्ति को झूठी, भ्रामक, मानहानिकारक या दुर्भावनापूर्ण बातों के जरिए जानबूझकर निशाना बनाने के बीच स्पष्ट अंतर होता है. इसे अंतिम और स्पष्ट चेतावनी माना जाए कि ऐसी गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति या मंच के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जा सकती है.'
'मेरी चुप्पी को कमजोरी न समझा जाए'
शॉ ने आगे लिखा, 'अपनी गरिमा, निजता और प्रतिष्ठा की रक्षा के लिए उपलब्ध सभी कानूनी उपाय अपनाने का अधिकार मैं सुरक्षित रखता हूं. मेरी चुप्पी को कभी भी मेरी कमजोरी न समझा जाए. मैं सम्मान और गरिमा के साथ आगे बढ़ना चुनता हूं, लेकिन अपने लिए खड़े होने और अपनी बात रखने से पीछे नहीं हटूंगा.'
योगराज सिंह ने क्या कहा था?
दरअसल, स्पोर्ट्स लॉन्चपैड पर बातचीत के दौरान योगराज सिंह ने पृथ्वी शॉ और विनोद कांबली का जिक्र करते हुए कहा था कि प्रतिभाशाली खिलाड़ी कई बार गलत संगत और अनुशासन की कमी की वजह से अपना करियर नुकसान पहुंचा लेते हैं. योगराज ने दावा किया था कि पृथ्वी शॉ के करियर में आई गिरावट के पीछे भी पार्टी करना, शराब पीना और गलत लोगों का साथ जैसे कारण रहे हैं। उनके इन बयानों के बाद क्रिकेट जगत में काफी चर्चा शुरू हो गई थी.
बदला हुआ नजरिया दिखा रहे हैं पृथ्वी शॉ
पृथ्वी शॉ का यह बयान उनके बदले हुए रवैये की ओर भी इशारा करता है. पिछले साल उन्होंने स्वीकार किया था कि एक कठिन दौर के दौरान उनका पूरा ध्यान क्रिकेट पर नहीं था. हालांकि इस बार उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि वह अपने चरित्र और निजी जिंदगी को लेकर लगाए जा रहे आरोपों का जवाब देने और जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई करने के लिए तैयार हैं.
शॉ ने अपने संदेश में यह भी साफ किया कि आलोचना और बदनाम करने की कोशिश के बीच बड़ा अंतर होता है. उनका कहना है कि वह गरिमा के साथ आगे बढ़ना चाहते हैं, लेकिन यदि उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई तो वह चुप नहीं बैठेंगे.
यह भी पढ़ें- विराट ने सेंचुरी नहीं बनाई, फिर भी PAK के खिलाफ पलट दी थी बाजी, ऐसा था मैच का रोमांच
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं