Salman Ali Agha Statement After Lose vs ENG in T20 World Cup 2026 Super-8: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में मंगलवार को इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 2 विकेट से हराया. कप्तान हैरी ब्रूक की शतकीय पारी के दम पर इंग्लैंड ने पाकिस्तान से मिले 165 रनों के लक्ष्य को 8 विकेट खोकर 19.1 ओवर में हासिल कर लिया. इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर स्कोर बोर्ड पर 164 रन लगाए. इंग्लैंड से मिली करारी हार के बाद पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा बेहद निराश नजर आए. मैच के बाद उन्होंने हार के कारणों और हैरी ब्रूक की तूफानी पारी पर खुलकर बात की.
हार पर बोले सलमान आगा
हार पर सलमान आगा ने कहा, "मैच की शुरुआत बल्ले से तो अच्छी रही थी, लेकिन हम वैसी फिनिशिंग नहीं कर पाए जैसी चाहते थे. आखिरी में आपको विपक्षी टीम को श्रेय देना ही पड़ता है. जिस तरह से हैरी ब्रूक ने बल्लेबाजी की वह कमाल थी. उन्होंने अकेले दम पर हमसे मैच छीन लिया."
हैरी ब्रूक का खौफ और शाहीन की तारीफ
"पिच थोड़ी मिली-जुली थी, लेकिन मुझे लगा कि हमारे गेंदबाजों ने शुरुआत में बहुत अच्छी गेंदबाजी की. शाहीन अफरीदी ने वही किया जिसके लिए वह मशहूर हैं.शुरुआती झटके देना. लेकिन फिर हैरी ब्रूक आए और उन्होंने एक असाधारण पारी खेली. हमने उन पर दबाव बनाने की पूरी कोशिश की, लेकिन आज वह हमारे लिए बहुत भारी पड़े. ऐसा लगता है कि जब भी हम हारते हैं, ब्रूक) ही फर्क पैदा करते हैं. वह मैदान के चारों ओर 360 डिग्री शॉट खेलते हैं, जिससे उनके खिलाफ फील्ड सेट करना बहुत मुश्किल हो जाता है."
साहिबजादा फरहान पर बोले सलमान आगा
"साहिबजादा फरहान इस पूरे वर्ल्ड कप में हमारे लिए लगातार अच्छा खेल रहे हैं, लेकिन दुर्भाग्य से अन्य बल्लेबाज वैसा प्रदर्शन नहीं कर पाए जैसी उम्मीद थी. वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में ऐसा होता है पर हमें उम्मीद है कि अगले मैच में हम सुधार करेंगे."
सेमीफाइनल की उम्मीदों और बाकी समीकरणों पर सलमान ने कहा
"अब हमें दूसरे मैचों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा. हम उम्मीद करेंगे कि परिणाम हमारे पक्ष में रहें, क्योंकि अब हमें श्रीलंका के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी. जब मोहम्मद नवाज ने सेकेंड लास्ट ओवर फेंका, तो मुझे लगा शायद कुछ चमत्कार हो जाए. क्रिकेट एक अनिश्चितताओं का खेल है, यहां कुछ भी मुमकिन है. एक टीम के तौर पर हमें अब भी अपनी किस्मत पर भरोसा है."
इससे पहले पाक टीम की तरफ से साहिबजादा फरहान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 45 गेंदों में 63 रनों की लाजवाब पारी खेली. वहीं, फखर जमान ने 25 रनों का योगदान दिया. बाबर आजम ने 24 गेंदों का सामना करते हुए 25 रन बनाए. शादाब खान ने अंतिम ओवरों में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 11 गेंदों में 23 रन बनाए.
गेंदबाजी में इंग्लैंड की ओर से लियाम डॉसन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 24 रन खर्च करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए. वहीं, जोफ्रा आर्चर ने 32 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि जेमी ओवरटन ने 2 विकेट निकाले. इस हार के साथ ही पाकिस्तान की सेमीफाइनल में पहुंचने की राह मुश्किल हो गई है. वहीं, इंग्लैंड ने सुपर-8 राउंड में लगातार दूसरी जीत दर्ज करते हुए अपनी स्थिति को बेहद मजबूत कर लिया है.














