ICC vs PCB: पीसीबी ने आईसीसी के साथ चल रहे गतिरोध को खत्म करने के लिए तीन मांगें रखी हैं. पाकिस्तान ने पहले ICC की संभावित नतीजों की चेतावनी के बावजूद, भारत के खिलाफ आगामी T20 वर्ल्ड कप 2026 मैच का बहिष्कार करने का फैसला किया था. सूत्रों के मुताबिक, PCB ने रविवार को लाहौर में ICC अधिकारियों के साथ एक बैठक में गतिरोध तोड़ने के लिए तीन मांगें रखीं: (1) बांग्लादेश के लिए बढ़ा हुआ मुआवजा, (2) T20 वर्ल्ड कप से बाहर होने के बावजूद बांग्लादेश के लिए भागीदारी शुल्क, और (3) भविष्य में ICC इवेंट के लिए मेजबानी का अधिकार. लेकिन रिपोर्ट सामने आ रही है कि पाकिस्तान बोर्ड की ओर से रखे गए शर्त को आईसीसी नहीं मानेगा. वहीं, जिससे अब यह बात स्पष्ट हो गई है कि पाकिस्तान के पास अब आईसीसी के सामने सरेंडर करने के सिवा दूसरा कोई चारा नहीं है.
आईसीसी ने पीसीबी को चेतावनी दी है कि अगर बहिष्कार जारी रहता है तो इसके गंभीर परिणाम होंगे.
- पॉइंट्स का नुकसान: पाकिस्तान मैच के पॉइंट्स खो देगा और उसके नेट रन रेट को बड़ा झटका लगेगा.
- वित्तीय प्रतिबंध: संभावित नुकसान राजस्व और मुआवजे के दावों में करोड़ों डॉलर तक पहुंच सकता है.
- भविष्य में मेज़बानी के अधिकार: ICC ने संकेत दिया है कि बहिष्कार से आईसीसी आयोजनों के लिए भविष्य में मेज़बान के रूप में पाकिस्तान की स्थिति खतरे में पड़ सकती है.
- फोर्स मेज्योर खारिज: PCB की ओऱ से "फोर्स मेज्योर" क्लॉज़ लागू करने का प्रयास कथित तौर पर ICC की ओऱ से खारिज कर दिया गया था.
- बॉयकॉट करने पर पाकिस्तान को लगभग 2200 करोड़ रुपये का नुकसान
अगर PCB बॉयकॉट करता है, तो उसे गंभीर फाइनेंशियल नुकसान हो सकता है, जिसमें लगभग 2200 करोड़ रुपये का नुकसान शामिल है. इससे न सिर्फ ICC बल्कि दूसरे क्रिकेट बोर्ड और श्रीलंका की इकॉनमी पर भी असर पड़ेगा, जो मैच होस्ट करने पर निर्भर है. इसके अलावा, रेवेन्यू कम होने की वजह से PCB को खिलाड़ियों की सैलरी देने और पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) को मैनेज करने में भी दिक्कत हो सकती है.
बहिष्कार खत्म करने के लिए, PCB ने ICC के सामने कई शर्तें रखी हैं:
- बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के लिए बढ़ा हुआ मुआवजा.
- बाहर होने के बावजूद बांग्लादेश के लिए राजस्व हिस्सेदारी या भागीदारी शुल्क की गारंटी.
- भविष्य के ICC आयोजन के लिए औपचारिक मेज़बानी के अधिकार.
BCCI का रिएक्शन
राजनीतिक ड्रामे के बावजूद, BCCI ने कहा है कि वह ICC प्रोटोकॉल का पालन करेगा, और भारतीय टीम 15 फरवरी के मुकाबले के लिए कोलंबो में अपनी निर्धारित यात्रा और अभ्यास कर रही है.
ये भी पढ़ें- ICC vs PCB: भारत टी-20 वर्ल्ड कप मैच बहिष्कार को लेकर पाकिस्तान ने बदला पैंतरा, ICC के सामने रखी ये शर्तें- रिपोर्ट
अपनी चाल में चौतरफा घिरा पाकिस्तान
पाकिस्तान अपनी ही चाल में घिरा हुआ मालूम पड़ा रहा है. पाकिस्तान के रवैये को लेकर पहले श्रीलंका बोर्ड ने खत लिखकर हाई-प्रोफाइल मैच के बहिष्कार के फैसले पर पुनर्विचार करने और मैच रद्द होने से होने वाले भारी आर्थिक नुकसान का हवाला दिया है और साथ ही 2009 की लाहौर हमले की याद दिलाई. इसके बाद अब एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड ने मोहसिन नकवी आईना दिखाया है. एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को लेटर लिखकर ICC के एसोसिएट देशों को भी सम्मान देने को कहा है. यानी पाकिस्तान अब अपनी ही चाल में फंस चुका है.
PM शहबाज शरीफ से मुलाकात के बाद आखिरी फैसला, कोई विकल्प नहीं
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी पाकिस्तान के PM शहबाज शरीफ से मुलाकात करेंगे जिसके बाद यह फैसला हो पाएगा कि पाकिस्तान भारत के साथ मैच खेलेगा या नहीं.पाकिस्तान ने भारत के साथ मैच न खेलने को लेकर जो फैसला लिया है, उसे लेकर पाकिस्तानी फैन्स काफी नाखुश हैं. पाकिस्तान टीम के फैन्स ने पाकिस्तान के रवैये पर रिएक्ट किया है और पीसीबी को फटकार लगाई है.
पाकिस्तानी फैन्स का रिएक्शन
पाकिस्तान के कई फैन ने पाकिस्तान के रवैये पर रिएक्ट किया है और पीसीबी को फटकार लगाई है. पाकिस्तान के फैन्स का मानना है कि "मैच होना चाहिए. भारत में जाकर पाकिस्तान के साथ मैच खेलनी चाहिए थी. मैच को लेकर हम सब इंतजार कर रहे हैं .यह कोई एशिया कप का ट्रॉफी नहीं है कि आप खुद रख लेंगे. यह मैच आईसीसी का है. आईसीसी की ट्रॉफी जीतना अहम है. भारत के साथ न खेलना है तो फिर यह ट्रॉफी छोड़ दें. एक फैन ने कहा कि, अगर आप भारत के साथ नहीं खेलना है तो आपको पूरा वर्ल्ड कप बॉयकॉट करना चाहिए था".
सोशल मीडिया पर भी मजाक का पात्र बना पाकिस्तान
यही नहीं सोशल मीडिया पर भी पाकिस्तान बोर्ड को लेकर फैन्स रिएक्ट कर रहे हैं और मीम्स शेयर कर पाकिस्तान क्रिकेट की खिल्ली उड़ा रहे हैं. एक फैन ने लिखा खेलना ही था तो इतना ड्रामा क्यों किया.
(IANS के इनपुट के साथ)














