- पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले मैच में नीदरलैंड को तीन विकेट से हराकर अपना अभियान शुरू किया
- नीदरलैंड्स ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी की लेकिन 19.5 ओवर में 147 रन पर ऑल आउट हो गई
- पाकिस्तान की जीत में फहीम अशरफ ने 11 गेंदों में 29 रन बनाकर प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता
Pakistan vs Netherlands: पाकिस्तान ने नीदरलैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले मुकाबले में 3 विकेट से जीत दर्ज करते हुए अपने अभियान की शुरुआत की. यह मैच शनिवार को सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया. टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी नीदरलैंड की टीम 19.5 ओवरों में महज 147 रन पर सिमट गई. इसके जवाब में पाकिस्तान की हालत खस्ता हो गई. टीम जैसे-तैसे तीन गेंद रहते जीत पाई. फहीम अशरफ, जिन्होंने पाक टीम को जीत दिलाई, उन्हें 11 गेंदों में 29 रनों की पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. वहीं पाकिस्तान के खिलाफ आखिरी ओवर में उलटफेर करने से चूके नीदरलैंड्स के कप्तान ने माना कि क्रिकेट कभी कभार 'क्रूर' हो जाता है.
पाकिस्तान के खिलाफ मैच के बाद पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी में नीदरलैंड्स के कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने कहा कि उन्हें मैच में बने रहने के लिए अच्छी गेंदबाजी करनी थी. नीदरलैंड्स के कप्तान ने कहा,"हमें लगा था कि 160 रन शायद हमें एक अच्छा मौका देंगे. तो हम थोड़े पीछे थे और हमें मैच में बने रहने के लिए अच्छी बॉलिंग करनी थी. और ज़ाहिर है, रोएलॉफ़ (वैन डेर मर्व) और पॉली (वैन मीकेरन) के कुछ स्पेल ने हमें मैच में वापस ला दिया."
स्कॉट एडवर्ड्स ने आगे कहा,"मुझे लगता है कि यह काफी अच्छी विकेट है. पाकिस्तान ने एक समय पर रन रेट को एक रन प्रति बॉल पर ला दिया था और पॉली ने एक ओवर फेंका, मुझे लगता है कि उसने मेडन ओवर फेंका या कुछ और (डबल-विकेट मेडन). और फिर एक ओवर जिसमें ज़्यादा रन नहीं बने, जिससे रन रेट ऊपर नहीं गया. और, और लड़कों ने उस मोमेंटम का फायदा उठाया. आप जानते हैं, कभी-कभी क्रिकेट एक क्रूर खेल हो सकता है."
मैच का सबसे अहम पल पाकिस्तानी पारी का 18वां ओवर रहा, जिसके दूसरी गेंद पर फहीम अशरफ को जीवनदान मिला था. लोगन वैन बीक ने इस ओवर में फहीम अशरफ का कैच छूटा था. मैक्स ओ'डॉउड से यह कैच ड्रॉप हुआ था. अगर यह कैच लपका जाता तो वह अपनी टीम को मैच जिता सकते थे. ओ'डॉउड ने गेंद को पकड़ने की कोशिश की, दोनों हाथ लगाए, लेकिन गेंद उनके हाथों से छूट गई और वह उसे दोबारा नहीं पकड़ पाए. इस गेंद पर पाकिस्तान को जीत के लिए 11 गेंदों में 23 रन चाहिए थे.
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते उतरी नीदरलैंड्स को माइकल लेविट और मैक्स ओ'डॉउड ने तेज शुरुआत दिलाई,. दोनों ने 3.1 ओवरों में 28 रन की साझेदारी की. ओ'डॉउड 7 गेंदों में 5 रन बनाकर आउट हुए, जबकि माइकल लेविट ने 15 गेंदों में 1 छक्के और 3 चौकों के साथ 24 रन की पारी खेली. यह टीम 31 के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट खो चुकी थी.
यहां से बास डी लीडे ने कॉलिन एकरमैन के साथ तीसरे विकेट के लिए 22 गेंदों में 34 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की. एकरमैन 20 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद बास डी लीडे ने कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स के साथ चौथे विकेट के लिए 40 रन जुटाते हुए टीम को 100 के पार पहुंचा दिया. इस टीम के लिए कप्तान एडवर्ड्स ने 29 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ सर्वाधिक 37 रन बनाए, जबकि बास डी लीडे 30 रन बनाकर पवेलियन लौटे. विपक्षी खेमे से सलमान मिर्जा ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद नवाज, अबरार अहमद और सईम अयूब ने 2-2 विकेट निकाले. एक विकेट शाहीन अफरीदी ने अपने नाम किया.
इसके जवाब में पाकिस्तान ने 19.3 ओवरों में जीत दर्ज की. पाकिस्तान को 27 के स्कोर पर सईम अयूब के रूप में झटका लगा. अयूब 13 गेंदों में 24 रन बनाकर आउट हुए. कुछ देर बाद टीम को कप्तान सलमान आगा (12) के रूप में दूसरा झटका लगा. पाकिस्तानी टीम 53 के स्कोर तक अपने 2 विकेट खो चुकी थी. यहां से साहिबजादा फरहान ने बाबर आजम के साथ तीसरे विकेट के लिए 38 गेंदों में 45 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 98 के स्कोर तक पहुंचा दिया.
साहिबजादा फरहान 31 गेंदों में 2 छक्कों और 4 चौकों के साथ 47 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया. आलम ये रहा कि टीम ने 114 के स्कोर तक अपना सातवां विकेट खो दिया. यहां से फहीम अशरफ (नाबाद 29) ने शाहीन अफरीदी (नाबाद 5) के साथ 20 गेंदों में 34 रन की साझेदारी करते हुए पाकिस्तान को अंतिम ओवर में जीत दिलाई.
पाकिस्तान को अंतिम 2 ओवरों में 29 रनों की दरकार थी. 18.2 ओवर में फहीम अशरफ को जीवनदान मिला, जिसका उन्होंने फायदा उठाते हुए टीम को रोमांचक जीत दिलाई. नीदरलैंड की तरफ से आर्यन दत्त और पॉल वैन मीकेरेन ने 2-2 विकेट हासिल किए. एक-एक विकेट लोगान वैन बीक, काइल क्लेन और रोएलोफ वैन डेर मेर्वे के हाथ लगा.
यह भी पढ़ें: वैभव ने खोला 175 रनों का पारी का राज़- एशिया कप के फ़ाइनल की हार से वर्ल्ड चैंपियन बनने तक का सफ़र
यह भी पढ़ें: T20 World Cup: भारत को बड़ा झटका, सूर्यकुमार यादव ने हर्षित राणा की चोट पर दिया अपडेट, बढ़ी फैंस की टेंशन














