Irfan Pathan Picks Varun Chakaravarthy as Team India Trump Card: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने दूसरे मुकाबले में नामीबिया के खिलाफ गेंदबाजी में मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने अपनी फिरकी से कोहराम मचा दिया. वरुण के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर इरफान पठान ने उन्हें इस T20 World Cup 2026 टूर्नामेंट में भारत का सबसे बड़ा 'ट्रम्प कार्ड' घोषित कर दिया.
वरुण का 'मैजिकल स्पेल'
210 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया के खिलाफ वरुण चक्रवर्ती जैसे ही आक्रमण पर आए, उन्होंने मैच का रुख पलट दिया. वरुण ने अपने पहले ओवर की पहली ही गेंद पर लॉरेन स्टीनकैंप को चकमा देकर पवेलियन का रास्ता दिखाया. इस विकेट को देखकर इरफान पठान ने कहा, "यह गेंदबाज इस टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का असली ट्रम्प कार्ड साबित होगा."
दूसरे ओवर का कहर
वरुण यहीं नहीं रुके. अपने स्पेल के दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर उन्होंने जान निकोल लॉफ्टी-ईटन को अक्षर पटेल के हाथों कैच कराया. इसी ओवर की चौथी गेंद पर उन्होंने जेजे स्मिट (JJ Smit) को भी चलता कर दिया. इस तरह वरुण ने अपने शुरुआती 2 ओवरों में ही 3 नामीबियाई बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर उनकी कमर तोड़ दी.
इससे पहले भारत ने नामीबिया के खिलाफ अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 9 विकेट खोकर 209 रन बनाए. टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम ने 9 विकेट खोकर 209 रन बनाए. ईशान किशन ने तिलक वर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 31 गेंदों में 79 रन की पारी खेली. ईशान 24 गेंदों में 5 छक्कों और 6 चौकों के साथ 61 रन बनाकर आउट हुए, जबकि तिलक वर्मा ने 25 रन का योगदान टीम के खाते में दिया.
इन दोनों खिलाड़ियों के आउट होने के बाद हार्दिक पंड्या (52) ने शिवम दुबे (23) के साथ पांचवें विकेट के लिए 39 गेंदों में 81 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 200 के पार पहुंचा दिया. हालांकि, 205 के स्कोर पर पंड्या का विकेट गिरने के बाद भारत ने तेजी से विकेट खो दिए और 20 ओवर में 209 रन बनाए.














