LSG vs KKR Live Score, IPL 2026 LIVE Cricket Score: इकाना स्टेडियम में हो रहे आईपीएल 2026 के 38वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स से मिले 156 के लक्ष्य का पीछा कर रही लखनऊ सुपर जायंट्स को मिचेल मार्श के रूप में पहला झटका लगा है. (Live Scorecard)
इससे पहले रिंकू सिंह की नाबाद 83 रनों की पारी के दम पर कोलकाता नाइट राइडर्स ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 155 रन लगाए. टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता ने मोहसिन खान की कहर बरपाती गेंदों के सामने सरेंडर कर दिया. टिम सीफर्ट बिना खाता खोले मोहसिन खान का शिकार बने. इसके बाद अंगकृष रघुवंशी 9 रन बनाकर आउट हुए, तो कप्तान अजिंक्य रहाणे 15 गेंदों का सामना करने के बावजूद 10 रन ही बना सके. रोवमैन पॉवेल सिर्फ एक रन ही बना पाए. कैमरून ग्रीन ने टीम की लड़खड़ाती हुई पारी को कुछ हद तक संभालने का प्रयास किया, लेकिन वह 21 गेंदों में 34 रन बनाने के बाद अपना विकेट गंवा बैठे. ग्रीन ने अपनी पारी में 3 छक्के लगाए. अनुकूल रॉय को मोहसिन खान ने बिना खाता खोले पवेलियन भेजा. वहीं, रमनदीप सिंह 11 गेंदों में 6 रन बनाकर आउट हुए.
हालांकि, रिंकू सिंह ने एक छोर संभाला. उन्होंने 50 गेंदों में 83 रनों की नाबाद पारी खेली. इस पारी के दौरान उन्होंने 7 चौके और 5 छक्के लगाए. यह रिंकू का आईपीएल में सर्वोच्च स्कोर है. लखनऊ के लिए मोहसिन खान ने 4 ओवर में सिर्फ 23 रन देकर 5 विकेट निकाले.
कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेइंग इलेवन: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी, रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा और कार्तिक त्यागी.
लखनऊ सुपर जायंट्स की प्लेइंग इलेवन: एडेन मार्कराम, मिचेल मार्श, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), निकोलस पूरन, आयुष बदोनी, मुकुल चौधरी, जॉर्ज लिंडे, मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव, दिग्वेश सिंह राठी और मोहसिन खान.














