पाकिस्तान सुपर लीग और इंडियन प्रीमियर लीग में एक बार फिर टकराव हो रहा है. आमतौर पर पाकिस्तान स्थित टी20 लीग जनवरी और फरवरी के बीच होती थी और आईपीएल शुरू होने से पहले समाप्त हो जाती थी, जिससे किसी भी शेड्यूल में टकराव से बचा जाता था. हालांकि, पिछले साल से, दोनों टूर्नामेंट ओवरलैप हो गए हैं, जिसके कारण कई विदेशी खिलाड़ी, जो पीएसएल और आईपीएल, दोनों में खेलते हैं, उन्हें एक फैसला लेना पड़ा रहा है. इस साल आईपीएल की शुरुआत जहां 28 मार्च से हो रही है तो पीएसएल की शुरुआत 26 मार्च से.
पीएसएल के मुकाबले आईपीएल में पैसा अधिक है और खिलाड़ियों को सुरक्षा का भी कोई खतरा नहीं होता है, ऐसे में खिलाड़ी पीएसएल का साथ छोड़ आईपीएल चुन रहे हैं. सबसे पहले यह मामला पिछले साल सामने आया था, तब दक्षिण अफ्रीका के कॉर्बिन बॉश ने 2025 में लिज़ाद विलियम्स के रिप्लेसमेंट के रूप में मुंबई इंडियंस में शामिल होने के लिए पेशावर जाल्मी टीम को छोड़ दिया था, जिसके परिणामस्वरूप एक साल का पीएसएल प्रतिबंध लगा दिया गया.
वर्ल्ड कप के कारण खिसका पीएसएल
टी20 विश्व कप 2026 फरवरी-मार्च में हुआ था. ऐसे में पीएसएल को एक बार फिर मार्च-अप्रैल विंडो में धकेल दिया गया, जिसके कारण विदेशी खिलाड़ियों ने आईपीएल में शामिल होने के लिए पाकिस्तान सुपर लीग से बाहर होने का विकल्प चुना. जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजाराबानी बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान के स्थान पर कोलकाता नाइट राइडर्स में शामिल हुए है. मुज़ारबानी को इस्लामाबाद यूनाइटेड ने वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज शमर जोसेफ के रिप्लेसमेंट के रूप में साइन किया था, लेकिन जिम्बाब्वे के स्टार ने पीएसएल के बजाय आईपीएल को चुना और तीन बार आईपीएल चैंपियन के साथ अनुबंध किया.
मुज़ारबानी के अलावा, श्रीलंका के कप्तान और ऑलराउंडर दासुन शनाका आगामी आईपीएल सीज़न में घायल सैम कुरेन के रिप्लेसमेंट के रूप में राजस्थान रॉयल्स में शामिल होने के लिए तैयार हैं. शनाका ने पीएसएल फ्रेंचाइजी लाहौर कलंदर्स को अपने फैसले के बारे में सूचित कर दिया है और वर्तमान में स्विच की औपचारिकताओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है. बता दें, सैम करन कमर की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं.
पीसीबी कार्रवाई करेगा: मोहसिन नकवी
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने उन खिलाड़ियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का चेतावनी दी है, जिन्होंने आखिरी मिनट में पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) छोड़कर आईपीएल में जाने का फैसला किया है. मोहसिन नकवी ने कहा,"हम नियमों के अनुसार उन खिलाड़ियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे. पिछले साल भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था (कॉर्बिन बॉश, जिन्हें पीएसएल से एक साल के लिए बैन कर दिया गया था), और इस बार भी वैसा ही होगा."
नकवी ने आगे कहा,"आईपीएल के साथ टकराव कोई समस्या नहीं है, क्योंकि अगर खिलाड़ी वहां जा रहे हैं, तो हमारे यहां भी बेहतरीन खिलाड़ी आ रहे हैं. हम पाकिस्तान सुपर लीग को टालने का जोखिम नहीं उठा सकते थे, क्योंकि हमारे पास पूरे साल में कोई और समय उपलब्ध नहीं है."
कई खिलाड़ियों ने नाम लिया वापस
पीएसएल के इस सीजन के लिए कुछ और खिलाड़ियों ने भी अपना नाम वापस ले लिया है, जिनमें गुडाकेश मोती, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, ओटनील बार्टमैन और स्पेंसर जॉनसन शामिल हैं. हालांकि, इनमें से ज्यादातर खिलाड़ियों ने निजी कारणों का हवाला दिया है. इसके अलावा कई अफगान खिलाड़ियों ने पीएसएल नीलामी के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया था, लेकिन बात में उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया था. ऐसे में वो भी उपलब्ध हैं.
वो खिलाड़ी जिन्होंने पीएसएल छोड़ आईपीएल चुना
सीजन 2025
कॉर्बिन बॉश - पेशावर जाल्मी से मुंबई इंडियंस
सीजन 202
ब्लेसिंग मुज़ारबानी - इस्लामाबाद यूनाइटेड से कोलकाता नाइट राइडर्स
दासुन शनाका - लाहौर कलंदर्स से राजस्थान रॉयल्स
यह भी पढ़ें: पहले ठुकराया कॉन्ट्रैक्ट, अब उठाई ये मांग... विदेशी खिलाड़ियों ने बढ़ाई PCB की ढेंशन
यह भी पढ़ें: PSL में विदेशी खिलाड़ियों को मिली धमकी के बीच पाकिस्तान पहुंचे स्टीव स्मिथ














