IPL 2026: आईपीएल-IPL का सबसे बड़ा गेंदबाज़ कौन? लगातार जीतकर भी टीम को खल रही है किस की कमी? मुनाफ पटेल ने बताया

Delhi Capitals vs Gujarat Titans: दिल्ली बुधवार को अरुण जेटली स्टेडियम में गुजरात से भिड़ने जा रहा है, लेकिन उसके बॉलिंग कोच ने पूर्व संध्या पर बताया कि उन्हें किस बॉलर की कमी खल रही है

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
Indian Premier League 2026: दिल्ली कैपिटल्स की फाइल फोटो
X: social media

दिल्ली की टीम को IPL 2026 में ड्रीम शुरुआत मिली है. पहले दो मैचों में 100% जीत का रिकॉर्ड बनाते हुए दो में से दो मैचों में जीत के बाद दिल्ली की टीम के हौसले सातवें आसमान पर होने चाहिए. लेकिन दिल्ली टीम के बॉलिंग कोच मुनाफ़ पटेल बड़ी ही सादगी और चतुराई से टीम की गेंदबाज़ी की रणनीति, गेंदबोज़ों की सोच, उनकी ताक़त, कमज़ोरी और आदतों के बारे में बताते हैं. वो ये भी बताते हैं कि कैसे आईपीएल तेज़ी से बदल रही है और ऐसे में किसी गेंदबाज़ का क्या रोल होता है. गेंदबाज़ी में वैरिएशंस की ज़रूरत पर भी वो ज़ोर देते हैं. वो बताते हैं कि बतौर गेंदबाज़ी कोच उनका रोल अपने गेंदबाज़ों को ‘मैच के लिए तैयार करने का होता है.' वो आईपीएल के बेस्ट बॉलर और उनकी तुलना की जाने वाले खिलाड़ी के बारे में भी बात करते हैं. 

'स्टार्क से बड़ा आईपीएल में कोई गेंदबाज़ नहीं'

भारत के लिए 86 अंतर्राष्ट्रीय मैचों (13 टेस्ट, 70 वनडे, 3 टी-20-I) में 125 विकेट लेने वाले 42 साल के मुनाफ़ पटेल ऑस्ट्रेलियाई पेसर मिचेल स्टार्क की कमी साफ़ तौर पर महसूस कर रहे हैं. वो कहते हैं, “मैं तो रोज़ पूछता रहता हूं कि वो (स्टार्क) कब आएगा? हम लगातार जीत रहे हैं इसलिए उसकी कमी की बात नहीं हो रही है. लेकिन जिस दिन हारेंगे उनकी कमी महसूस होगी.” मुनाफ़ पटेल ये भी कहते हैं, “मैं तो स्टार्क को आईपीएल का सबसे बड़ा गेंदबाज़ मानता हूं. उनकी तुलना अगर आज किसी से हो सकती है तो वो जसप्रीत बुमराह हैं.”

ग्लेन मैक्ग्रा के अलावा ऑस्ट्रेलिया के लिए 100 टेस्ट खेलनेवाले सिर्फ़ दूसरे पेसर मिचेल स्टार्क (105 टेस्ट में 433 विकेट, 130 वनडे- 247 विकेट, 65 टी-20-I में 79 विकेट) वर्कलोड मैनेजमेंट की वजह से इस बार अबतक आईपीएल का हिस्सा नहीं हो पाये हैं. इससे पहले बैंगलोर और 2024 की चैंपियन कोलकाता टीम के हीरो स्टार्क का इंतज़ार सिर्फ़ दिल्ली की टीम ही नहीं बल्कि दुनिया भर के फ़ैन्स कर रहे हैं. 

कोलकाता की टीम ने स्टार्क को 2024 में 24.75 करोड़ रुपये में खरीदा तो शुरुआत में उनकी आलोचना भी होती रही. लेकिन हैदराबाद के ख़िलाफ़ 2024 के फ़ाइनल में स्टार्क ने सिर्फ़ 14 रन देकर अभिषेक शर्मा और राहुल तेवतिया के विकेट अपने नाम किए और फुल पैसा वसूल परफ़ोरमेंस से उस आईपीएल के फ़ाइनल में अपनी टीम कोलकाता को चैंपियन बनवाया और उस टूर्नामेंट को हमेशा के लिए यादगार बना दिया.  स्टार्क ने आईपीएल के चार सीज़न 2014 (14 विकेट), 2015 (20 विकेट), 2024 (17 विकेट) और 2025 (14 विकेट) में अलग-अलग टीमों के लिए खेलकर अपनी धाक जमाई और 52 मैचों में 65 विकेट झटके हैं, सिर्फ़ 8.61 की इकॉनमी के साथ. IPL 2026 सीज़न के लिए दिल्ली की टीम ने स्टार्क को पिछली नीलामी में 11.75 करोड़ रुपये की रकम में खरीदा है. ज़ाहिर है दिल्ली की बेताबी स्पीड और स्विंग के किंग मिचेल स्टार्क के लिए बढ़ती जा रही है. 

Advertisement

रणजी के स्टार आक़िब दार को मौक़े का इंतज़ार

जम्मू कश्मीर के बारामुला में शीरी से आनेवाले 29 साल के आक़िब दार को लेकर भी क्रिकेट सर्किट में जमकर चर्चा हो रही है. जम्मू कश्मीर में उनके स्टार बनने की कई कहानियां क्रिकेट फ़ैन्स को भाने लगी हैं. जम्मू कश्मीर को 67 साल के इतिहास में पहली बार रणजी ट्रॉफ़ी का ख़िताब हासिल करवाने में अहम रोल अदा करने वाले आक़िब ने रणजी ट्रॉफ़ी में इस सीज़न सबसे ज़्यादा 60 विकेट झटके. दिल्ली की टीम ने IPL2025 के ऑक्शन में उन्हें 8.4 करोड़ रुपये में खरीदा है और क्रिकेट की दुनिया आईपीएल में उनका हुनर देखने को बेताब है. 

मुनाफ़ पटेल उनकी तारीफ़ों के पुल बांधते हुए कहते हैं, “बहुत ही अच्छा बच्चा है आक़िब. सारे गेंदबाज़ चार-पांच ओवर गेंदबाज़ी करते हैं. लेकिन आक़िब नेट्स पर 10-11 ओवर गेंदबाज़ी करते हैं. उन्हें रोकना पड़ता है कि भाई अब कल कर लेना. वो कहते हैं बस 6 गेंदें और डाल लेता हूं. तो उसमें सीखने की ललक है जो काबिले तारीफ़ है.”

Advertisement
Featured Video Of The Day
Iran War: Donald Trump का ईरान को अल्टीमेटम, रात 8 बजे Civilisation खत्म करने की आखिरी चेतावनी