IPL 2026: संजू सैमसन के आने से बल्लेबाजी में 'दम', पर क्या CSK को कमजोर पेस अटैक और जडेजा की विदाई पड़ेगी भारी?

CSK Team X-Ray Ahead of IPL 2026: आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर रही थी. ऐसे में टीम आगामी सीजन में बेहतर प्रदर्शन करते हुए जोरदार वापसी करने की कोशिश करेगी.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
CSK Team Equation for IPL 2026

CSK Team X-Ray Ahead of IPL 2026: पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल 2026 में अपने अभियान की शुरुआत 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले से करेगी. इस बार टीम ने युवा खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है. फ्रेंचाइजी ने प्रशांत किशोर और कार्तिक शर्मा को 14.20 करोड़ रुपये की बड़ी बोली लगाकर टीम में शामिल किया है. वहीं, संजू सैमसन को राजस्थान रॉयल्स से ट्रेड कर अपने साथ जोड़ा गया है. इस सीजन चेन्नई की बल्लेबाजी काफी मजबूत दिखाई दे रही है. टॉप ऑर्डर में कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के साथ संजू सैमसन जैसे आक्रामक बल्लेबाज मौजूद हैं. हाल ही में समाप्त हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में संजू का प्रदर्शन शानदार रहा था. उन्होंने सिर्फ 5 मैचों में 321 रन बनाए और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी बने.

आयुष म्हात्रे ने भी पिछले सीजन अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया था. उर्विल पटेल, सरफराज खान और कार्तिक शर्मा जैसे भारतीय बल्लेबाज टीम की ताकत बढ़ाते हैं. उर्विल पटेल ने आईपीएल 2025 में कुछ अच्छी पारियां खेली थीं. इसके अलावा डेवाल्ड ब्रेविस मध्यक्रम में किसी भी गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ तेजी से रन बनाने की क्षमता रखते हैं. वहीं, यह देखना दिलचस्प होगा कि आईपीएल 2026 में एमएस धोनी किस क्रम पर बल्लेबाजी करने उतरते हैं.

ऑलराउंडर विभाग में प्रशांत किशोर, जेमी ओवरटन और शिवम दुबे जैसे खिलाड़ी टीम के पास मौजूद हैं. शिवम दुबे की हालिया फॉर्म शानदार रही है, जिससे टीम को फायदा मिल सकता है. प्रशांत किशोर भी बल्ले और गेंद दोनों से योगदान देने के लिए जाने जाते हैं. हालांकि तेज गेंदबाजी में चेन्नई थोड़ी कमजोर नजर आती है.

मैट हेनरी का टी20 क्रिकेट में रिकॉर्ड वनडे की तुलना में उतना प्रभावी नहीं रहा है, जबकि नाथन एलिस के पास भी सीमित अनुभव है. भारतीय तेज गेंदबाजों में खलील अहमद, मुकेश चौधरी और गुरजपनीत सिंह टीम का हिस्सा हैं. खलील अहमद ने पिछले सीजन 14 मैचों में 15 विकेट लिए थे, लेकिन उनका इकोनॉमी रेट 9.58 रहा था.

Advertisement

रवींद्र जडेजा की गैरमौजूदगी के बावजूद टीम का स्पिन आक्रमण मजबूत दिखता है. नूर अहमद, श्रेयस गोपाल, अकील हुसैन और राहुल चाहर जैसे स्पिनर टीम में शामिल हैं. एमए चिदंबरम स्टेडियम की पिच पर नूर अहमद और अकील हुसैन बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं. आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर रही थी. ऐसे में टीम आगामी सीजन में बेहतर प्रदर्शन करते हुए जोरदार वापसी करने की कोशिश करेगी.

Featured Video Of The Day
Netanyahu ने Death Rumours पर कहा मैं मर चुका हूँ! AI Video का सच और Iran की टेंशन | Middle East War