IPL 2026: ऋषभ पंत करेंगे बड़ा बदलाव, 'करो या मरो' सीजन में नए रोल में आएंगे नजर- रिपोर्ट

Rishabh Pant To Play at Number -3: भारतीय टी20 टीम में वापसी करने की कवायद में लगे ऋषभ पंत 28 मार्च से शुरू होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इस सत्र में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए तैयार हैं.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
Rishabh Pant To Play at Number -3

Rishabh Pant To Play at Number -3: भारतीय टी20 टीम में वापसी करने की कवायद में लगे ऋषभ पंत 28 मार्च से शुरू होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इस सत्र में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए तैयार हैं. लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के कप्तान के रूप में पंत के लिए यह सत्र निर्णायक साबित हो सकता है. उनके लिए काफी कुछ दांव पर लगा है क्योंकि फ्रेंचाइजी ने 2025 की मेगा नीलामी में उन्हें रिकॉर्ड 27 करोड़ रुपए में अपनी टीम से जोड़ा था. पिछले साल के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद अगर पंत इस सत्र में अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो वह भविष्य में भारत की टी20 योजनाओं का हिस्सा बन सकते हैं. पंत खेल के तीनों प्रारूप में से केवल भारतीय टेस्ट टीम के ही अभिन्न सदस्य हैं जबकि वनडे में वह केएल राहुल के बैकअप विकेटकीपर हैं.

इस 28 वर्षीय खिलाड़ी ने 2024 में भारत की विश्व कप जीत के बाद टी20 टीम में अपनी जगह गंवा दी थी. संजू सैमसन और ईशान किशन के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए टीम में वापसी करने के लिए उन्हें कुछ खास प्रदर्शन करना होगा, क्योंकि इन दोनों खिलाड़ियों ने अपने दमदार प्रदर्शन से टीम में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है. इसलिए पंत के लिए आईपीएल का आगामी सत्र काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि इसमें वह अपनी कीमत को जायज ठहराने के अलावा खेल के सबसे छोटे प्रारूप में अपनी प्रासंगिकता बनाए रखने की भी कोशिश करेंगे.

पंत ने पिछले सत्र में अधिकतर समय चौथे नंबर पर बल्लेबाजी की थी लेकिन तब वह आखिर के कुछ मैचों में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए उतरे थे. उस समय तक हालांकि लखनऊ की वापसी की संभावना समाप्त हो गई थी. पंत के तीसरे नंबर पर उतरने का मतलब होगा कि निकोलस पूरन को बल्लेबाजी क्रम में नीचे आना पड़ेगा. एलएसजी की टीम अभी लखनऊ में अपने घरेलू मैदान पर अभ्यास कर रही है. उसका पहला मैच एक अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होगा.

मुख्य कोच जस्टिन लैंगर और उनके सहयोगी स्टाफ अपने कप्तान के बल्लेबाजी क्रम को लेकर एकमत हैं. आईपीएल सूत्रों के अनुसार,"टीम प्रबंधन और पंत दोनों इस बात से सहमत हैं कि उनके लिए तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करना उपयुक्त होगा. इस साल उनके शीर्ष क्रम में एडन मार्क्रम, मिचेल मार्श और पंत शामिल होंगे."

Advertisement

पंत ने पिछले साल 133.17 के निराशाजनक स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और उन्होंने केवल 269 रन बनाए जिसमें नाबाद 118 रन की एक पारी भी शामिल है. लखनऊ की टीम के मध्य क्रम में पूरन, आयुष बडोनी, अब्दुल समद और शाहबाज अहमद शामिल हैं. पिछले सत्र में लखनऊ की सबसे बड़ी कमजोरी उसकी गेंदबाजी रही थी क्योंकि मयंक यादव और मोहसिन खान जैसे तेज गेंदबाज चोटों के कारण उपलब्ध नहीं थे. अन्य तेज गेंदबाजी विकल्पों में आवेश खान और एनरिच नार्किया शामिल थे.

सूत्र ने कहा,"लखनऊ की बल्लेबाजी अच्छी है और गेंदबाजी पिछले साल की तुलना में काफी बेहतर दिख रही है, लेकिन अभी भी संयोजन तय करने बाकी हैं. मयंक फिट हैं, लेकिन उन्हें नेट पर और अधिक गेंदबाजी करने की जरूरत है. उम्मीद है कि वह टीम की उम्मीद पर खरा उतरेंगे."

Advertisement

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डुप्लेसी का मानना है कि आईपीएल के इस सत्र में ऋषभ पंत पर सर्वाधिक दबाव रहेगा. उन्होंने जिओ स्टार से कहा,"मुझे लगता है कि आईपीएल की इस सत्र में ऋषभ पंत पर संभवत: सबसे अधिक दबाव रहेगा. कुछ खिलाड़ी कीमत के दबाव में अच्छा प्रदर्शन करते हैं, जबकि कुछ नहीं कर पाते. मुझे लगता है कि पिछला सत्र उनके लिए काफी मुश्किल रहा. टीम संघर्ष कर रही थी और एक बल्लेबाज के रूप में उन्हें भी संघर्ष करना पड़ा था."

यह भी पढ़ें: IPL 2026: 'क्रिकेट ही ठीक है...' वैभव सूर्यवंशी बने कैमरामैन, राजस्थान रॉयल्स ने शेयर किया मजेदार वीडियो

यह भी पढ़ें: IPL 2026: आकाश दीप को रिप्लेस करेगा पूर्व MI स्टार! KKR की नजर इन दो खिलाड़ियों पर

Featured Video Of The Day
Mathura Controversy: मथुरा गोरक्षक हत्या मामले में Yogi का बड़ा एक्शन! | Bharat Ki Baat Batata Hoon