IPL 2026, RCB Players Wear Black Armbands: रॉयस चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मैच से आईपीएल के 19वें संस्करण का आगाज हुआ. इस मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाड़ी मैदान पर अपनी बांह पर काली पट्टी बांधकर उतरे. एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर पिछले साल आरसीबी की विक्ट्री परेड के दौरान हुई भगदड़ में 11 लोगों की जान गई थी. फ्रेंचाइजी ने उन लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सीजन ओपनर में काली पट्टी बांधने का फैसला लिया.
आरसीबी के एक बयान में कहा,"रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आरसीबी परिवार के उन ग्यारह सदस्यों को श्रद्धांजलि देगा जिन्होंने 4 जून को दुर्भाग्यपूर्ण घटना में अपनी जान गंवा दी." "सम्मान के प्रतीक के रूप में, खिलाड़ी अभ्यास के दौरान 11 नंबर वाली अभ्यास जर्सी पहनेंगे, इसके बाद मैच के दौरान बांह पर काली पट्टी बांधेंगे." बयान में निष्कर्ष निकाला गया,"स्टेडियम में ग्यारह सीटें खाली रहेंगी, जो उन फैंस के लिए एक स्थायी श्रद्धांजलि होगी जिनका अटूट समर्थन हमेशा आरसीबी परिवार का हिस्सा रहेगा." विराट कोहली की आरसीबी ने पिछले साल 18 साल के सूखे को खत्म करते हुए पहली बार टूर्नामेंट का खिताब जीता था.
इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का पहला मुकाबला शनिवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम खेला जा रहा है. आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है. जैकब डफी आरसीबी की ओर से आईपीएल में अपना डेब्यू कर रहे हैं.
रजत ने टॉस जीतने के बाद कहा,"हम पहले गेंदबाजी करेंगे. टीम में कई बेहतरीन खिलाड़ी हैं. सभी पूरी तरह फिट हैं और इस मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. हम अपनी जर्सी पर दूसरा सितारा लगाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करेंगे." आरसीबी की तरफ से अभिनंदन सिंह भी इस मुकाबले में अपना आईपीएल डेब्यू कर रहे हैं."
वहीं, ईशान किशन ने कहा कि टॉस जीतने या हारने से कोई फर्क नहीं पड़ता है. उन्होंने कहा,"विकेट एकदम ताजा लग रहा है, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप पहले बैटिंग करते हैं या बॉलिंग. आपको कुछ नया करने की जरूरत नहीं है. हमें बस अपनी योजनाओं को ठीक से लागू करना है. हर कोई अच्छी लय में दिख रहा है."
आरसीबी ने आईपीएल 2025 में 18 साल का सूखा खत्म करते हुए पहली बार खिताब जीता था. रजत पाटीदार की अगुवाई में आरसीबी की टीम इस बार भी काफी मजबूत नजर आ रही है। विराट कोहली और फिल साल्ट से टीम को पिछले सीजन की तरह इस बार भी दमदार प्रदर्शन की आस होगी.
देवदत्त पडिक्कल घरेलू क्रिकेट में काफी रन बनाकर आ रहे हैं। वहीं, कप्तान रजत के ऊपर नंबर चार पर खेलते हुए टीम की पारी को संभालने की जिम्मेदारी होगी. हालांकि, आरसीबी को तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड की कमी जरूर खल सकती है, जो शुरुआती कुछ मुकाबलों के लिए उपलब्ध नहीं हैं. हेजलवुड की गैरमौजूदगी में भुवनेश्वर कुमार नई गेंद से अहम भूमिका निभाते हुए नजर आएंगे.














