Anil Kumble on Rohit Sharma:भारत के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले आईपीएल के इस सत्र के पहले मैच में रोहित शर्मा के प्रदर्शन से काफी प्रभावित हैं और उनका मानना है कि रोहित का ‘2.0 अवतार' पूरे टूर्नामेंट में विरोधी टीमों के लिये चिंता का सबब रहेगा. 38 वर्ष के रोहित ने 38 गेंद में 78 रन बनाये जिसकी मदद से मुंबई इंडियंस ने रविवार को आईपीएल के पहले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स को छह विकेट से हराया.
कुंबले ने ‘स्टार स्पोटर्स' से कहा ,‘‘ लगता है कि रोहित शर्मा अपने 2 . 0 अवतार में आ गए हैं. उनकी पारी से साबित हो गया है कि वह फिर से अपना दबदबा बनाने को तैयार हैं. जिस तरह से वह बल्लेबाजी कर रहे थे, मुझे उनके कैरियर के शीर्ष दिनों की याद आ गई.''
उन्होंने कहा ,‘‘ वरूण चक्रवर्ती, सुनील नारायण और ब्लेसिंग मुजरबानी जैसे गेंदबाजों को छक्के लगाना आसान नहीं है लेकिन उसने इसे आसान बना दिया. उसने अपनी फिटनेस पर काफी काम किया है और ब्रेक के बाद लौटने पर लय और टाइमिंग हासिल करने में पांच से सात दिन लगते हैं.''
कुंबले ने कहा ,‘‘ वह शानदार पारी थी, छक्के आसानी से लग रहे थे. इस पारी ने साबित कर दिया कि रोहित का यह अवतार आईपीएल की बाकी टीमों के लिये चिंता का सबब होगा. ''
इस कारण हारा केकेआर
मुंबई के प्रदर्शन की तारीफ़ करते हुए, कुंबले ने कोलकाता की रणनीतिक गलतियों की ओर भी इशारा किया. उनका मानना था कि KKR ने नरेन और चक्रवर्ती की स्पिन जोड़ी पर बहुत ज़्यादा भरोसा किया, लेकिन उनका सही तरीके से इस्तेमाल नहीं कर पाया. खास तौर पर, उन्होंने यह सवाल उठाया कि जब रोहित और उनके ओपनिंग पार्टनर ज़ोरदार हमला कर रहे थे, तब पावर प्ले के दौरान नरेन को गेंदबाज़ी के लिए क्यों नहीं बुलाया गया.














