- भारत और नीदरलैंड्स के बीच अहमदाबाद में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 36वां मुकाबला खेला गया
- भारतीय टीम ने इस मैच में लगातार चौथी जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में अच्छी प्रगति की
- भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मैच के बाद अपनी खुशी जाहिर करते हुए टीम की बल्लेबाजी की तारीफ की
Suryakumar Yadav Indian Captain Statement After Win Against Netherlands: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 36वां मुकाबला बुधवार (18 फरवरी) को भारत और नीदरलैंड्स के बीच अहमदाबाद में खेला गया. जहां भारतीय टीम टूर्नामेंट की लगातार चौथी सफलता हासिल करने में कामयाब रही. विपक्षी टीम के खिलाफ मिली जीत के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) काफी खुश नजर आए. मैच के उन्होंने कहा, 'हम पहले बल्लेबाजी ही करना चाहते थे और हमने अच्छा स्कोर खड़ा किया. ओस का असर दिख रहा था और गेंदबाजों के लिए चुनौतीपूर्ण स्थिति थी. आने वाले मुकाबलों में हम ऐसी स्थिति में आ सकते हैं. हम जानते हैं कि हमारे पास ऐसी बल्लेबाजी क्रम है जो बड़ा स्कोर खड़ा कर सकती है. बड़े मुकाबलों से पहले कह सकते हैं कि हमने सभी पहलू ठीक कर लिए हैं, लेकिन जब आप लगातार जीतते हैं तो भी आपके पास सीखने के लिए काफी कुछ होता है. टीम में गेंदबाजी के काफी विकल्प हैं, जो कि एक अच्छा सिरदर्द है. हर बल्लेबाज की ओर से योगदान आ रहा है और यह टीम के लिए बहुत अच्छी बात है.'
शिवम दुबे और पंड्या को छोड़ दें तो बाकि के बल्लेबाजों ने किया निराश
नीदरलैंड्स के खिलाफ जरूर भारतीय टीम को जीत मिली है. मगर शिवम दुबे (66) और हार्दिक पंड्या (31) के प्रदर्शन को छोड़ दें तो बाकी के अन्य बल्लेबाज नीदरलैंड्स जैसी कमजोर गेंदबाजी क्रम के सामने भी जूझते हुए ही नजर आए. तिलक वर्मा ने तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए 31 रनों का योगदान दिया. इस दौरान उन्होंने कुल 27 गेंदों का सामना किया. कुछ ऐसा ही हाल कैप्टन सूर्यकुमार यादव का भी रहा. जिन्होंने चौथे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंदों में 34 रन बनाए. अभिषेक शर्मा तो खाता भी नहीं खोल पाए. वहीं ईशान किशन ने सात गेंदों में 18 रनों का योगदान दिया.
दुबे, पंड्या, सुंदर रहे काफी महंगे
भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती ने आज काफी अच्छी गेंदबाजी की. मगर दूसरी तरफ शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या और वॉशिंगटन सुंदर काफी महंगे रहे. टीम के लिए पंड्या ने कुल तीन ओवरों की गेंदबाजी की. इस बीच 13.33 की इकॉनमी से 40 रन खर्च कर डाले. कुछ ऐसा ही हाल दुबे और सुंदर का भी रहा. टीम के लिए वह काफी महंगे साबित हुए. हालांकि, इस दौरान दुबे और पंड्या क्रमशः दो और एक विकेट चटकाने में कामयाब रहे. सुंदर को एक भी विकेट नहीं मिला.
भारत को मिली जीत
बात करें मैच के परिणाम के बारे में तो अहमदाबाद में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 20 ओवरों में 193/6 रन बनाने में कामयाब हुई थी. जिसका पीछा करते हुए नीदरलैंड्स की टीम 20 ओवरों में 176/7 रन तक ही पहुंच पाई. जिसके बदौलत भारतीय टीम 17 रनों से जीत हासिल करने में कामयाब रही.
यह भी पढ़ें- 11 चौके, चार छक्के, साहिबजादा फरहान ने 58 गेंद में जड़ा शतक, टी20 वर्ल्ड कप में बनाया गजब का रिकॉर्ड













