India vs West Indies 2nd T20I Match Scorecard: कप्तान शाइ होप के नाबाद 102 रन की मदद से वेस्टइंडीज ने दूसरे टी20 मैच में शुक्रवार को जीत के लिये रिकॉर्ड 250 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को छह विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर ली. भारत के पांच विकेट पर 249 रन के जवाब में वेस्टइंडीज के लिये होप ने 45 गेंद में छह चौकों और नौ छक्कों की मदद से नाबाद 102 रन बनाये. वहीं शेरफान रदरफोर्ड ने 37 गेंद में 84 रन बनाये जिसमें सात चौके और सात छक्के शामिल थे.इन दोनों पारियों की मदद से वेस्टइंडीज ने 18.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया.
भारत के लिये संजू सैमसन 82 रन की आक्रामक पारी के साथ फॉर्म में लौटे जबकि श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा ने भी उपयोगी पारियां खेली .लेकिन होप और रदरफोर्ड ने भारत के स्पिन आक्रमण की धज्जियां उड़ा दी. पहले टी20 में अर्धशतक जमाने वाले होप ने उसी लय को कायम रखते हुए शतक जड़ा . उन्होंने अक्षर पटेल को छक्का लगाकर दूसरा टी20 शतक पूरा किया और टीम को जीत तक पहुंचाया.
रदरफोर्ड ने उनका पूरा साथ दिया और सिर्फ 54 गेंद में 120 रन की साझेदारी की. रदरफोर्ड को 38 के स्कोर पर जीवनदान मिला था जब कुलदीप यादव की गेंद पर मयंक यादव ने उनका आसान कैच छोड़ा. इस जीवनदान का भारत को बड़ा खामियाजा भुगतना पड़ा. रोमारियो शेफर्ड ने आखिर में 13 गेंद में 34 रन बनाये. इससे पहले पिछले चार मैचों में खराब प्रदर्शन के बाद सैमसन ने 21 गेंदों में अपना नौवां टी20 अर्धशतक जमाया. उन्होंने ईशान किशन (22 गेंदों में 43 रन) के साथ 97 रन की साझेदारी की. दोनों ने 11 ओवर के बाद 12 की रनरेट से भारत को एक विकेट पर 139 रन तक पहुंचाया. अपने घरेलू मैदान पर खेल रहे ईशान ने अपनी पारी में छह चौके और दो छक्के लगाये.
आफ स्पिनर रोस्टन चेस ने इस साझेदारी को तोड़ा और लगातार दो विकेट लिये. ईशान और शिवम दुबे (सात) दोनों बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में बोल्ड हुए. दुबे को चौथे नंबर पर भेजने का फैसला गलत साबित हुआ और वह दस गेंद खेलकर विकेट गंवा बैठे. सैमसन 15वें ओवर में आउट हुए और शतक से 18 रन से चूक गए. स्प्रिंगर की गेंद पर उन्होंने डीप बैकवर्ड प्वाइंट पर कामिल पूरन को कैच दिया.
भारत ने बीच के ओवरों में 23 रन के भीतर तीन विकेट गंवाये. लखनऊ में पिछले मैच में अपना पहला टी20 शतक लगाने वाले कप्तान श्रेयस ने उस लय को कायम रखते हुए 18 गेंद में 40 रन बनाये जबकि तिलक ने 18 गेंद में 44 रन की पारी खेली. तिलक के टी20 क्रिकेट में 5000 रन भी पूरे हो गए. श्रेयस और तिलक ने 83 रन की साझेदारी 32 गेंद में पूरी की.
भारत ने पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर तेज शुरूआत की. अभिषेक शर्मा ने स्पिनर अकील हुसैन को एक छक्का लगाया जबकि सैमसन को क्रीज पर जमने में समय लगा. उन्हें छह रन के स्कोर पर जीवनदान भी मिला जब हुसैन की गेंद पर कवर में पूरन ने उनका कैच छोड़ा. सैमसन ने इसका पूरा फायदा उठाकर हुसैन को तीन छक्के और दो चौके जड़े. अभिषेक 12 गेंद में 20 रन बनाकर आउट हुए.
भारतीय टीम: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नमन धीर, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, मयंक यादव, रवि बिश्नोई, नितीश कुमार रेड्डी, वैभव सूर्यवंशी, प्रिंस यादव.
वेस्टइंडीज टीम: शाई होप (विकेटकीपर/कप्तान), कामिल पूरन, शिम्रोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोस्टन चेज़, रोमारियो शेफर्ड, मैथ्यू फोर्डे, शमर स्प्रिंगर, अकील होसेन, शमर जोसेफ, गुडाकेश मोटी, कीमो पॉल, अमीर जांगू, क्वेंटिन सैम्पसन.
India vs West Indies 2nd T20I LIVE Score | IND Vs WI Scorecard, Toss, Playing XI Updates
IND vs WI 2nd T20 Live Score: वेस्टइंडीज ने 6 विकेट से जीता मैच
वेस्टइंडीज ने दूसरे टी20 मैच में भारत को छह विकेट से हरा दिया. वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी-20 मैच में 249 रन का विशाल स्कोर खड़ा करने के बावजूद भारत को रांची में हार का सामना करना पड़ा. वेस्टइंडीज ने शुरुआती झटकों के बाद शानदार वापसी करते हुए 18.3 ओवर में 252/4 रन बनाकर मुकाबला 6 विकेट से अपने नाम कर लिया.
IND vs WI 2nd T20 Live Score: भारत की बढ़ी धड़कनें, 18 गेंदों में चाहिए सिर्फ 27 रन
17 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर 223/4 पहुंच गया है. शाई होप 40 गेंदों में 88 रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं, जबकि रोमारियो शेफर्ड भी तेजी से रन बटोर रहे हैं. अब कैरेबियाई टीम को जीत के लिए सिर्फ 27 रन की जरूरत है और उसके पास 18 गेंदें बाकी हैं.
IND vs WI 2nd T20 Live Score: होप अब भी डटे, 16 ओवर बाद वेस्टइंडीज 199/4
16 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर 199/4 है. शाई होप 37 गेंदों में 75 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं और कैरेबियाई टीम की उम्मीदों को जिंदा रखे हुए हैं. हालांकि रदरफोर्ड का बड़ा विकेट भारत को मिल चुका है, लेकिन मुकाबला अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. वेस्टइंडीज को आखिरी 4 ओवर में 51 रन की जरूरत है.
IND vs WI 2nd T20 Live Score: कुलदीप ने रदरफोर्ड को भेजा पवेलियन
वेस्टइंडीज को 15वें ओवर की पहली ही गेंद पर बड़ा झटका लगा है. कुलदीप यादव ने तूफानी बल्लेबाजी कर रहे शेरफेन रदरफोर्ड को संजू सैमसन के हाथों कैच कराकर भारत को अहम सफलता दिलाई. रदरफोर्ड ने महज 37 गेंदों में 84 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 7 छक्के शामिल रहे.
T20I में भारत-वेस्टइंडीज के लिए सबसे तेज 50 रन (गेंदों के आधार पर)
- 20 - जॉनसन चार्ल्स, लॉडरहिल, 2016
- 24 - एविन लुईस, किंग्स्टन, 2017
- 24 - निकोलस पूरन, चेन्नई, 2018
- 24 - शाई होप, रांची, 2026
- 24 - शेरफेन रदरफोर्ड, रांची, 2026
IND vs WI 2nd T20 Live Score: रदरफोर्ड ने छक्के से पूरा किया अर्धशतक
शेरफेन रदरफोर्ड ने 12वें ओवर की पहली गेंद पर लंबा छक्का जड़ते हुए अपना शानदार अर्धशतक पूरा कर लिया. उन्होंने दबाव के बीच अटैकिंग बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की उम्मीदों को जिंदा रखा है.
IND vs WI 2nd T20 Live Score: वेस्टइंडीज ने 10 ओवरों में ठोके 122 रन
वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी पारी के 10 ओवर समाप्त हो गए हैं. टीम ने 10 ओवरों की समाप्ति के बाद तीन विकेट के नुकसान पर 122 रन बनाए हैं. जीत के लिए आखिरी के 10 ओवरों में 128 रनों की दराकर है.
IND vs WI 2nd T20 Live Score: शाई होप ने जड़ी फिफ्टी
शाई होप ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए फिफ्टी पूरी कर ली है. फिलहाल वह 24 गेंद में 220.83 की स्ट्राइक रेट से 53 रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से चार चौके और चार छक्के निकले हैं.
IND vs WI 2nd T20 Live Score: वेस्टइंडीज के 100 रन हुए पूरे
भारत की तरफ से जीत के लिए मिले 250 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की टीम ने शुरुआती 100 रन पूरे कर लिए हैं. कैरेबियन टीम ने इस आंकड़े को 8.1 ओवरों में हासिल किया है. कैप्टन शाई होप 22 गेंद में 46 और शरफेन रदरफोर्ड 11 गेंद में 28 रन बनाकर खेल रहे हैं.
IND vs WI 2nd T20 Live Score: मयंक यादव का कहर जारी, झटका तीसरा विकेट
मयंक यादव ने एक बार फिर अपनी रफ्तार का जलवा दिखाते हुए रोवमेन पॉवेल को क्लीन बोल्ड कर दिया है. पॉवेल ने 13 गेंदों में 24 रन की तेज पारी खेली, लेकिन भारतीय तेज गेंदबाज ने छठे ओवर की पहली गेंद पर उनकी पारी पर ब्रेक लगा दिया. इसके साथ ही मयंक के खाते में तीसरा विकेट आ गया है और वेस्टइंडीज की रनचेज दबाव में आ गई है.
IND vs WI 2nd T20 Live Score: दो विकेट गिरने के बावजूद विंडीज का अटैक जारी
मयंक यादव के पहले ओवर में दो विकेट लेने के बाद शाई होप और रोवमैन पॉवेल ने वेस्टइंडीज की पारी को संभाल लिया है. दोनों बल्लेबाज अटैकिंग अंदाज में रन बटोर रहे हैं और चौथे ओवर के बाद टीम का स्कोर 47/2 पहुंच गया है. शाई होप 14 गेंदों पर 29 रन बनाकर शानदार लय में नजर आ रहे हैं, जबकि पॉवेल भी तेजी से रन जुटाकर भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं.
IND vs WI 2nd T20 Live Score: मयंक ने पहले ही ओवर में झटके दो विकेट
मयंक यादव ने अपनी रफ्तार से वेस्टइंडीज की शुरुआत ही बिगाड़ दी. पहले उन्होंने कामिल पूरन को कैच आउट कराया और अगली ही गेंद पर शिमरॉन हेटमायर को बोल्ड कर कैरेबियाई टीम को दोहरे झटके दे दिए. 250 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा कर रही वेस्टइंडीज अब शुरुआती ओवर में ही दबाव में आ गई है.
IND vs WI 2nd T20 Live Score: वेस्टइंडीज को मिला 250 का लक्ष्य
संजू सैमसन की 82 रन की विस्फोटक पारी के बाद ईशान किशन (43), श्रेयस अय्यर (40) और तिलक वर्मा (नाबाद 44) ने भी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की, जिससे भारत ने 20 ओवर में 249/5 का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया. अब वेस्टइंडीज को जीत के लिए 250 रन बनाने होंगे.
IND vs WI 2nd T20 Live Score: 19 ओवर बाद भारत 226/4
19 ओवर के बाद भारत ने 226/4 का मजबूत स्कोर खड़ा कर लिया है. श्रेयस अय्यर 17 गेंदों में 40 रन बनाकर तेजी से रन बटोर रहे हैं, जबकि तिलक वर्मा 14 गेंदों पर 25 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दे रहे हैं.
IND vs WI 2nd T20 Live Score: डेथ ओवरों में श्रेयस अय्यर का विस्फोट
18 ओवर के बाद भारत का स्कोर 215/4 पहुंच गया है. श्रेयस अय्यर ने सिर्फ 14 गेंदों में 34 रन बनाकर डेथ ओवरों में वेस्टइंडीज के गेंदबाजों पर जोरदार हमला बोला है. तिलक वर्मा भी 11 गेंदों में 21 रन बनाकर तेजी से रन जुटा रहे हैं.
IND vs WI 2nd T20 Live Score: श्रेयस अय्यर ने बढ़ाई रनों की रफ्तान
संजू सैमसन के आउट होने के बाद श्रेयस अय्यर ने अटैकिंग रुख अपनाते हुए रनगति को फिर तेज कर दिया है. उन्होंने महज 10 गेंदों में 23 रन बनाकर भारत को 200 के करीब पहुंचा दिया. 17 ओवर के बाद भारत का स्कोर 194/4 है, जबकि तिलक वर्मा भी दूसरे छोर पर तेजी से रन जुटा रहे हैं.
IND vs WI 2nd T20 Live Score: संजू सैमसन 82 रन बनाकर आउट
भारत को 15वें ओवर में संजू सैमसन के रूप में बड़ा झटका लगा है. शानदार लय में दिख रहे सैमसन 39 गेंदों में 82 रन बनाकर आउट हुए और शतक से महज 18 रन दूर रह गए. सैमसन ने अपनी पारी में 9 चौके और 4 छक्के लगाए.
IND vs WI 2nd T20 Live Score: 14 ओवर के बाद भारत का स्कोर 161/3
14 ओवर के बाद भारत का स्कोर 161/3 है. संजू सैमसन 39 गेंदों में 82 रन बनाकर क्रीज पर टिके हुए हैं. श्रेयस अय्यर दूसरे छोर पर मौजूद हैं.
IND vs WI 2nd T20 Live Score: रॉस्टन चेज ने शिवम दुबे को किया बोल्ड
भारत को 160 के स्कोर के आसपास तीसरा झटका शिवम दुबे के रूप में लगा, जिन्हें रॉस्टन चेज ने बोल्ड कर दिया है. दुबे 10 गेंदों पर 7 रन ही बना सके और बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में अपना विकेट गंवा बैठे.
IND vs WI 2nd T20 Live Score: ईशान किशन के नाम बड़ा रिकॉर्ड
ईशान किशन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अपनी विस्फोटक पारी के दौरान 2026 में टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 50 छक्कों का आंकड़ा छू लिया. वह एक कैलेंडर वर्ष में 50 छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की खास लिस्ट में शामिल हो गए हैं. टीम 2026 में टी20I में 311 छक्के लगा चुकी है, जो किसी भी फुल-मेम्बर टीम द्वारा एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा है.
IND vs WI 2nd T20 Live Score: ईशान किशन हुए बोल्ड
भारत को दूसरा बड़ा झटका ईशान किशन के रूप में लगा है, जिन्हें रॉस्टन चेज ने क्लीन बोल्ड कर दिया. ईशान ने 22 गेंदों में 43 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे.
IND vs WI 2nd T20 Live Score: 10 ओवर में भारत ने ठोक दिए 127 रन
संजू सैमसन और ईशान किशन की विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने 10 ओवर में 127/1 का मजबूत स्कोर खड़ा कर लिया है. सैमसन 32 गेंदों में 72 रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं. दूसरी ओर, ईशान किशन भी 17 गेंदों पर 33 रन बनाकर तेजी से रन बटोर रहे हैं.
IND vs WI 2nd T20 Live Score: रांची में संजू का शो जारी
संजू सैमसन शानदार लय में नजर आ रहे हैं और 29 गेंदों में 67 रन बनाकर वेस्टइंडीज के गेंदबाजों पर कहर बरपा रहे हैं. उनकी पारी में 6 चौके और 4 छक्के शामिल हैं. 9 ओवर के बाद भारत का स्कोर 107/1 है. ईशान किशन 19 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं.
IND vs WI 2nd T20 Live Score: सैमसन के बाद ईशान ने भी खोला बल्ला
संजू सैमसन ने अर्धशतक पूरा कर शानदार फॉर्म का प्रदर्शन किया है. सात ओवर के बाद भारत का स्कोर 87/1 है. ईशान किशन 13 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं और सैमसन के साथ बड़ी साझेदारी की ओर बढ़ रहे हैं.
IND vs WI 2nd T20 Live Score: संजू सैमसन की फिफ्टी
वेस्टइंडीज पर भारत का पलटवार जारी है. संजू सैमसन ने महज 21 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी कर ली है.
IND vs WI 2nd T20 Live Score: सैमसन के बल्ले से बरसे रन
संजू सैमसन ने अटैकिंग बल्लेबाजी करते हुए महज 18 गेंदों में 42 रन ठोक दिए हैं. उनकी विस्फोटक पारी की बदौलत भारत ने तेज रनगति बनाए रखी है और वेस्टइंडीज के गेंदबाज दबाव में नजर आ रहे हैं. पांच ओवर के बाद भारत का स्कोर 64/1 है.
India vs West Indies 2nd T20I LIVE: अभिषेक शर्मा 20 रन बनाकर आउट
वेस्टइंडीज के खिलाफ टीम इंडिया को पहला झटका अभिषेक शर्मा के रूप में लगा है. जोकि 12 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हो गए. रॉस्टन चेज की गेंद पर बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में वह गुडाकेश मोती के हाथों कैच आउट हो गए. अभिषेक ने अपनी पारी में 2 चौके और 1 छक्का लगाया.
India vs West Indies 2nd T20I LIVE: 2 ओवर के बाद भारत 21/0
भारत ने दो ओवरों में बिना किसी नुकसान के 21 रन बना लिए हैं. अभिषेक शर्मा शानदार लय में नजर आ रहे हैं और महज 9 गेंदों में 19 रन बनाकर वेस्टइंडीज के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया है. वहीं, संजू सैमसन दूसरे छोर से उनका अच्छा साथ दे रहे हैं.
India vs West Indies 2nd T20I LIVE: मैदान पर संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा
वेस्टइंडीज के खिलाड़ी मैदान पर हडल बनाकर रणनीति तय कर रहे हैं. कप्तान शाई होप अपने साथियों को निर्देश दे रहे हैं. वहीं, भारत की ओर से संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा बल्लेबाजी की शुरुआत करने के लिए मैदान पर उतर चुके हैं. अब सभी की नजर इस युवा ओपनिंग जोड़ी पर होगी, जो टीम इंडिया को तेज शुरुआत दिलाने की कोशिश करेगी.
India vs West Indies 2nd T20I LIVE: टॉस के बाद क्या बोले कप्तान श्रेयस अय्यर?
टॉस के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि, वैसे, हम भी पहले गेंदबाजी करना चाहते थे, लेकिन जाहिर है, आपको हालात के हिसाब से जितनी जल्दी हो सके, ढलना होगा. शाम सुहानी है और थोड़ी ओस भी है, इसलिए उम्मीद है कि दूसरी पारी में भी हालात ऐसे ही रहेंगे. हमने बस इस बात पर चर्चा की है कि पूरे 40 ओवरों के खेल के दौरान हम अपने स्टैंडर्ड बनाए रखें. हम यह पक्का करना चाहते हैं कि हम अपने अप्रोच पर पूरी तरह फोकस रहें. जैसा कि मैंने कहा, हम हर बार मैदान पर उतरते समय अपने स्टैंडर्ड को और बेहतर बनाना चाहते हैं. हम खुद को और बेहतर बनाने की चुनौती लेना चाहते हैं और यह पक्का करना चाहते हैं कि हम ज्यादा मैच जीतें (टीम की जीत की आदत के बारे में). हम उसी टीम के साथ खेल रहे हैं.
India vs West Indies 2nd T20I LIVE: भारत और वेस्टइंडीज की प्लेइंग-11
वेस्टइंडीज (प्लेइंग इलेवन): शाई होप (विकेटकीपर/कप्तान), कामिल पूरन, शिम्रोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोस्टन चेज़, रोमारियो शेफर्ड, गुडाकेश मोती, शमर स्प्रिंगर, अकील होसेन, शमर जोसेफ.
भारत (प्लेइंग इलेवन): अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नमन धीर, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, मयंक यादव.
India vs West Indies 2nd T20I LIVE: वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी
वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया है. टीम इंडिया को पहले बल्लेबाजी का न्योता मिला है. मैच निर्धारित समयानुसार शाम 7:00 बजे से शुरू होगा.
India vs West Indies 2nd T20I LIVE: मैच से पहले रांची की पिच रिपोर्ट
रांची के जेएससीए स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए काफी मददगार नजर आ रही है. स्क्वायर बाउंड्री करीब 67 मीटर और सीधी बाउंड्री 77 मीटर की है, इसलिए बड़े शॉट लगाने के लिए बल्लेबाजों को अच्छी ताकत लगानी होगी. हालांकि पिच काफी सख्त दिख रही है और उस पर घास भी बहुत कम है, जिससे रन बनाने में आसानी रहने की उम्मीद है. शाम के समय ओस अहम भूमिका निभा सकती है.