India vs Pakistan: अब जबकि पाकिस्तान ने टी20 विश्व कप (T20 World Cup 2026) में 15 फरवरी को भारत (Ind vs Pak) के खिलाफ खेले जाने वाले मुकाबले को लेकर हरी झंडी दिखा दी है, तो मेगा मुकाबले को लेकर तमाम गतिविधियां तेज हो गई हैं. पूर्व दिग्गजों के साथ-साथ वर्तमान टीमों की ओर से बयान आने शुरू हो गए हैं. और इस बड़े मैच से पहले भारतीय सहायक कोच रेयान टेन डोएशचेट ने कहा है कि खेले जाने वाले मुकाबले के लिए पाकिस्तान को फायदा मिलेगा क्योंकि यह टीम दो हफ्ते से कोलंबो में है. सहायक कोच रेयान टेन डोएशचेट ने कहा कि भारतीय टीम टी20 विश्व कप के लीग मैच में पाकिस्तान का सामना करने के लिए मानसिक रूप से पहले ही तैयार थी. और पड़ोसी देश के हाल में मुकाबले के बहिष्कार को खत्म करने के निर्णय से टीम का ध्यान केवल क्रिकेट पर केंद्रित कर दिया है.
डोएशचेट ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'भारतीय ड्रेसिंग रूम ने कभी भी मैदान से बाहर की घटनाओं को अपनी तैयारी पर असर डालने नहीं दिया. जैसा कि मैंने कहा कि हमने इस स्थिति को स्वीकार लिया था और जब तक हम वहां पहुंचते, और वे मैदान में उपस्थित नहीं होते. तब तक हम यही मान कर चल रहे थे कि हम मैच खेलेंगे.' दक्षिण अफ्रीका में जन्में नीदरलैंड के पूर्व कप्तान ने दोहराया कि खिलाड़ी जानबूझकर इस मुकाबले से जुड़ी राजनीतिक बहस से दूरी बना रहे हैं.
उन्होंने कहा, ‘हम सभी राजनीति से दूर रहने की कोशिश कर रहे हैं. मैंने पहले भी देश की भावनाओं और दोनों देशों के बीच की राजनीति के बारे में जिक्र किया है, लेकिन मुझे लगता है कि हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण केवल क्रिकेट पर ध्यान देना है.' डोएशे ने यह भी स्वीकार किया कि पाकिस्तान को कोलंबो में पहले से रहने का एक ‘लॉजिस्टिक' लाभ मिल सकता है. सहायक कोच ने कहा, 'यह चुनौतीपूर्ण होगा क्योंकि पाकिस्तान पिछले दो हफ्ते से कोलंबो में है और हम पूरी तरह से अगले हफ्ते उस मुकाबले में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं.' भारत 12 फरवरी को नामीबिया से भिड़ेगा और डोएशचेट का मानना है कि पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर स्पष्टता से दोनों टीमों को केवल खेल पर ध्यान लगाने का मौका मिलेगा. आईसीसी ने सुनिश्चित किया है कि टूर्नामेंट सुचारू रूप से चले और अब दोनों टीम का पूरा ध्यान मैदान पर है.














