टीम इंडिया के एक साथ कई टेस्ट, क्यों ढील की गुंजाइश नहीं? आज T20I टीम का चयन में सरप्राइज!

आज दोपहर में चयनकर्ता टी20 फॉर्मेट के नये कप्तान के साथ नई टीम का एलान करेंगे. टेस्ट के दौरान भी खिलाड़ियों की नजर टी20 टीम पर बनी रहेगी.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
भारतीय खिलाड़ी

आज से खासकर क्लासिकल क्रिकेट को पसंद करने वाले क्रिकेट फैंस को आठ महीने बाद मेन इन ब्लू, वाइट जर्सी में रेड बॉल का सामना करते नजर आएंगे. वैसे तो ये मुकाबला दुनिया की तीसरे नंबर की भारतीय टीम और बिना रैंकिंग वाली अफगानिस्तान (रैंकिंग के लिए तीन साल में 8 टेस्ट खेलना जरूरी) के बीच है. लेकिन फैंस की पैनी नजरें मैदान और मैदान के बाहर टीम इंडिया पर बनी रहने वाली हैं. टीम इंडिया के ताकतवर होने के बावजूद उसकी फिक्र के लिए एक से ज्यादा वजहें हैं.  

टेस्ट में विंडीज और प्रोटियाज के हाथों हार की टीस 

क्रिकेट की दुनिया आज आईपीएल फ़्रेंचाइजी के ग्लैमर से भरे रंगीन कपड़ों के बजाए टीम इंडिया को जब वाइट्स में खेलता देखेगी तो पिछले साल की गर्मी के मौसम में खेले गए टेस्ट सीरीज की यादें भी ताजा होंगी. इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टेस्ट सीरीज के धुरंधरों की चर्चा भी होने लगी है. इंग्लैंड में भारत ने टेस्ट सीरीज में 2-2 की बराबरी कर खूब शोहरत बटोरी थी. 

मगर, इंग्लैंड के बाद भारत को वेस्टइंडीज से अहमदाबाद में और दक्षिण अफ़्रीका से कोलकाता और गुवाहाटी में (0-2 से हार) हार का सामना करना पड़ा. यानी भारत को आखिरी टेस्ट में जीत हासिल किये तकरीबन 8 महीने का वक्त हो चुका है. ऐसे में टीम इंडिया अफगानिस्तान को भी हल्का मानकर मैदान पर उतरने की गलती नहीं करेगी.

टेस्ट मोड में तैयार होने के लिए बेहद थोड़ा वक्त

अफगानिस्तान के खिलाफ इकलौते टेस्ट मैच के लिए मैदान पर उतरेगी तो आईपीएल मोड से टेस्ट मोड में उतरने के लिए उसे अपने पुरानी प्रैक्टिस या इंस्टिंक्ट पर भरोसा करना होगा. 31 मई को आईपीएल के फाइनल और बहुत छोटे ब्रेक के बाद टीम इंडिया को टेस्ट मैच की तैयारी के लिए बहुत थोड़ा वक्त मिला है. 

Advertisement

टेस्ट के टिकट के लिए मारामारी नहीं

आईपीएल के टिकटों के लिए मारामारी आम बात है. इस बार तो दिल्ली में आईपीएल के टिकटों की कालाबाजारी के गिरोह का भी पर्दाफाश हुआ. लेकिन दो दिनों पहले तक चंडीगढ़ में होने वाले भारत-अफगानिस्तान टेस्ट के टिकट ना के बराबर ही बिके बताये गये. 

आईपीएल की जबरदस्त लोकप्रियता के आगे इस टेस्ट मैच के लिए दर्शकों को स्टेडियम बुलाना भी बड़ी चुनौती साबित हो रही है. उम्मीद की जानी चाहिए कि टीम इंडिया के खिलाड़ियों के रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन दर्शकों को मैदान तक खींच ही लाएंगे.   

Advertisement

टी20 टीम और टी20 टीम का कप्तान

आज ही दोपहर में चयनकर्ता टी20 फॉर्मेट के नये कप्तान के साथ नई टीम का एलान करेंगे. टेस्ट के दौरान भी खिलाड़ियों की नजर टी20 टीम पर जरूर रहेगी. चयनकर्ताओं को आगे आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मैच की सीरीज और फिर इंग्लैंड दौरे और एशियन गेम्स के लिए टीम का चयन करना है. 

माना जा रहा है कि वर्ल्ड कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव अपने फॉर्म की वजह से कप्तानी के साथ टीम में जगह बनाने का मौका भी गंवाने वाले हैं. कई नए नामों को एंट्री मिलने की बात कही जा रही है. माना जा रहा है कि 16 साल के वंडर बॉय वैभव सूर्यवंशी का नाम भी किसी एक टी20 टीम में शामिल हो सकता है. वैभव सूर्यवंशी फिलहाल इंडिया-ए के मैच के लिए श्रीलंका जाकर सुर्ख़ियां बटोर रहे हैं.

यह भी पढ़ें- World Cup 2027: विराट ने पास कर लिया परिक्षा, रोहित को अभी करना है खुद को साबित? सबा करीम का बोल्ड बयान

Featured Video Of The Day
खान सर पर FIR दर्ज, गार्ड के गोली चलाने के मामले में Patna Police की कार्रवाई
Topics mentioned in this article