IND vs NZ Final: वरुण चक्रवर्ती फाइनल में खेलेंगे? कप्तान सूर्यकुमार ने जवाब ने सबकुछ कह दिया

India vs New Zealand Final, T20 World Cup 2026: सूर्यकुमार यादव से जब वरुण चक्रवर्ती को लेकर सवाल किया गया है, तो भारतीय कप्तान का जवाब उनकी मनोदशा के बारे में बहुत कुछ कह गया

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
ICC Men's T20 World Cup 2026:
X: socail Media

T20 World Cup 2026: वर्ल्ड कप में रविवार को भारत और न्यूजीलैंड (IND vs NZ) के बीच होने वाली 'आखिरी वॉर' का इंतजार पूरा क्रिकेट जगत बहुत ही बेसब्री के साथ कर रहा है. और इस मेगा मुकाबले को लेकर भारतीय कप्तान सू्र्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) ज्यादा लोड नहीं ले रहे. मैच की  पूर्व संध्या पर भारतीय कप्तान की शारीरिक भाषा और जवाबों ने तो कुछ ऐसा ही संदेश दिया. यादव ने वरुण चक्रवर्ती की फॉर्म को लेकर उठ रही चिंताओं को शनिवार को भले ही खारिज कर दिया, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ रविवार को होने वाले आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप के फाइनल से पहले अंतिम एकादश में इस ‘मिस्ट्री' स्पिनर की जगह को लेकर अटकलें थमने का नाम नहीं ले रहीं है. कुलदीप यादव के विकल्प के तौर पर मौजूद होने से टीम संयोजन पर चर्चा जारी है. कप्तान ने हालांकि साफ कहा कि टीम के भीतर चक्रवर्ती की फॉर्म को लेकर कोई चिंता नहीं है.

सूर्यकुमार ने कहा, 'चक्रवर्ती की फॉर्म को लेकर कोई चिंता नहीं है. हमने सामूहिक प्रयास से मैच जीते हैं और जब आप मैच जीत रहे हों तो ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं होती. अगर टीम में 11 खिलाड़ी हैं तो हर दिन सभी का प्रदर्शन अच्छा नहीं होगा. उतार-चढ़ाव आते रहते हैं और बाकी खिलाड़ी उस कमी को पूरा करते हैं.' भारतीय कप्तान ने कहा, ‘मुझे चक्रवर्ती को लेकर कोई चिंता नहीं है. वह दुनिया के नंबर एक गेंदबाज हैं. उन्हें पता है कि बड़े मौकों पर अपना खेल कैसे ऊपर उठाना है और टीम को जीत दिलानी है. मुझे भरोसा है कि वह हमें फाइनल भी जीतने में मदद करेंगे.'

कोच, चीफ सेलेक्टर सभी की नजर वरुण पर

कप्तान सूर्यकुमार ने इस जवाब से साफ कर दिया कि वरुण फाइनल मुकाबले में भी मैदान पर उतरेंगे. हालांकि,  हालांकि ऐसा कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिला कि चक्रवर्ती की जगह टीम में पक्की है. तमिलनाडु के इस स्पिनर ने नेट में गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल की निगरानी में अभ्यास किया. इस दौरान सूर्यकुमार, मुख्य कोच गौतम गंभीर और चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर थोड़ी दूरी पर पिच के पास खड़े होकर बातचीत करते नजर आए.

चक्रवर्ती गेंदबाजी अभ्यास के बाद नीले रंग के एक आइस बॉक्स पर बैठकर दूसरे खिलाड़ियों के अभ्यास को देखने लगे. पास के नेट में कुलदीप यादव और तिलक वर्मा बारी-बारी से गेंदबाजी कर रहे थे. टूर्नामेंट में चक्रवर्ती की जगह को लेकर चर्चा इसलिए भी जारी है क्योंकि उन्होंने अब तक लगभग नौ रन प्रति ओवर की दर से रन दिये हैं. उन्होंने इस दौरान सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 64 रन लुटाए थे.

आसान नहीं कुलदीप को XI में लाना

उनकी जगह हालांकि कुलदीप को शामिल करना भी आसान फैसला नहीं माना जा रहा. कलाई के इस स्पिनर ने टूर्नामेंट में अब तक सिर्फ एक मैच खेला है और न्यूजीलैंड के डारेल मिशेल के खिलाफ उनका रिकॉर्ड वनडे में अच्छा नहीं रहा है. यही स्थिति ग्लेन फिलिप्स के साथ भी देखी गई है. इससे भारत के लिए चयन का समीकरण और जटिल हो जाता है. क्या भारत खिताबी मुकाबले के लिए टीम में बदलाव कर सकता है? उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, 'कल खुद देख लीजिए. लगता है आप आज ही सब कुछ जानना चाहते हैं.'

यह भी पढ़ें:  IND vs NZ Final: भारत vs न्यूजीलैंड फाइनल पिच को लेकर हुआ खुलासा, किस पिच पर होगा मैच, USP?, कैसा बर्ताव,  क्या होगा असर

Advertisement
Featured Video Of The Day
Iran Israel War: क्या आज हो जाएगा जंग का फैसला? | Khamenei Death | Bharat Ki Baat Batata Hoon