India vs New Zealand 1st T20I Highlights: भारत ने नागपुर में हुए सीरीज के पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में न्यूजीलैंड को 48 रनों से रौंद दिया और सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई. वर्ल्ड कप की ड्रेस रिहर्सल मानी जा रही इस सीरीज में भारतीय खिलाड़ियों पर नजरें थीं. अभिषके की तूफानी पारी के बाद रिंकू ने टीम इंडिया को बेहतरीन फिनिश दिलाया. जिससे टीम इंडिया 238 रन बना पाई. लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 190 रन बनाए. (Scorecard)
भारत से मिले पहाड़ से स्कोर का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी. अर्शदीप और हार्दिक ने शुरुआती ओवर में विकेट झटके और न्यूजीलैंड इन झटकों से उबर नहीं पाई. पावरप्ले के बाद आकर वरुण चक्रवर्ती ने जाल बुनना शुरू किया, जिससे कीवी टीम के लिए जीत का जरूरी रन रेट लगातार बढ़ता गया. हालांकि, ग्लेन फिलिप्स और मार्क चैपमैन ने संघर्ष जारी रखा. लेकिन जब यह दोनों आउट हुए तो भारत की जीत सुनिश्चित हो गई. न्यूजीलैंड के लिए फिलिप्स ने 78 रनों की पारी खेली. जबकि मार्क चैपमैन ने 39 रन बनाए. भारत के लिए वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे के खाते में 2-2 विकेट आए.
इससे पहले, नागपुर में हो रहे सीरीज के पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत से मिले 239 के लक्ष्य का पीछा कर रहे न्यूजीलैंड को वरुण चक्रवर्ती ने पांचवां झटका दिया है. उन्होंने मार्क चैपमैन का शिकार किया. न्यूजीलैंड ने अभी तक डेवन कॉन्वे, टिम रॉबिंसन, रचिन रविंद्र, ग्लेन फ़िलिप्स और मार्क चैपमैन के विकेट गंवाए हैं.
इससे पहले, इससे पहले भारतीय टीम अभिषेक शर्मा की तूफानी बल्लेबाजी के बदौलत 20 ओवर में 238 रन बनाने में कामयाब हुई थी. टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही और उसने 27 के स्कोर पर संजू और ईशान के विकेट गंवा दिए थे. लेकिन फिर अभिषेक ने तूफानी पारी खेली. अभिषेक ने कप्तान के साथ तीसरे विकेट के लिए 99 रनों की साझेदारी कर टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में ला दिया. हालांकि, अभिषेक अपने शतक से चूक गए और 84 रन बनाकर आउट हुए. उन्होंने 35 गेंदों में 5 चौके और 8 छक्के लगाए. जबकि कप्तान सूर्या 32 रन बनाकर पवेलियन लौटे. इसके बाद भारत ने जल्दी-जल्दी विकेट गंवाए, लेकिन फिर डेथ ओवरों में रिंकू सिंह का तूफान देखने को मिला. फिनिशर रिंकू सिंह ने 20 गेंदों में नाबाद 44 रनों की पारी खेली. .
इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतरी हैं दोनों टीमें
भारत प्लेइंग इलेवन: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह
न्यूजीलैंड प्लेइंग इलेवन: टिम रॉबिन्सन, डेवोन कॉनवे (विकेटकीपर), रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डैरिल मिशेल, मिशेल सैंटनर (कप्तान), क्रिस्टियन क्लार्क, काइल जैमीसन, ईश सोढ़ी, जैकब डफी
Here are the Highlights of India vs New Zealand (IND vs NZ) 1st T20I 2026 Match Straight from Vidarbha Cricket Association Stadium Nagpur
IND vs NZ LIVE Score: भारत ने 48 रनों से जीता मैच
और औपचारिकताएं पूरी हुई. टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 200 का स्कोर पार नहीं करने दिया और 48 रनों से मैच अपने नाम किया. भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है. अभिषेक की तूफानी पारी के दम पर भारत ने पहाड़ सा स्कोर खड़ा किया था. न्यूजीलैंड ने पूरी कोशिश की. लेकिन लाइन पार नहीं कर पाए. भारत के सभी गेंदबाजों को मार पड़ी. लेकिन अर्शदीप और हार्दिक ने जो शुरुआत दिलाई थी. उससे न्यूजीलैंड उबर नहीं पाई. न्यूजीलैंड के लिए ग्लेन फिलिप्स सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. फिलिप्स 78 रन बना पाए.
IND vs NZ LIVE Score: हैट्रिक पर शिवम दुबे
शिवम दुबे हैट्रिक पर हैं. रिंकू सिंह ने कैच लपका है. क्रिस्टियन क्लार्क को जाना होगा. ऑफ स्टंप के बाहर वाइड फुल-टॉस गेंद. क्रिस्टियन क्लार्क ने आगे बढ़कर इसे फ्लैट शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन लॉन्ग-ऑन पर लपके गए. रिंकू ने कोई गलती नहीं की.
19.4 ओवर: न्यूजीलैंड 189/7
IND vs NZ LIVE Score: शिवम दुबे ने दिलाई सफलता
शिवम दुबे ने सफलता दिलाई है. डैरिल मिचेल लपके गए. रवि बिश्नोई ने बाउंड्री लाइन पर दौड़ते हुए शानदार कैच लपका. डैरिल मिचेल 18 गेंद में 28 रन बनाकर आउट हुए. तीन गेंद और.
19.3 ओवर: न्यूजीलैंड 189/6
IND vs NZ LIVE Score: अर्शदीप का शानदार ओवर
अर्शदीप का शानदार ओवर रहा. इस ओवर से तय हुई टीम इंडिया की जीत. ओवर से सिर्फ 6 रन आए. न्यूजीलैंड को जीत के लिए 52 रन चाहिए. आखिरी ओवर फेंकने शिवम दुबे आएंगे.
19.0 ओवर: न्यूजीलैंड 187/5
IND vs NZ LIVE Score: ईशान से छूटा कैच
ईशान किशन से कैच छूटा. अर्शदीप ने डैरिल मिचेल को अपने जाल में फंसा ही लिया था. लेकिन डीप मिड विकेट पर ईशान ने कैच टपकाया. इस ओवर में भारत की जीत तय हो जानी है.
18.2 ओवर: न्यूजीलैंड 183/5
IND vs NZ LIVE Score: बुमराह का महंगा ओवर
जसप्रीत बुमराह का महंगा ओवर रहा है. उनके इस ओवर से 15 रन आए हैं. न्यूजीलैंड को 12 में 58 रन चाहिए. चौके से ओवर की शुरुआत हुई थी और चौके से ओवर का अंत हुआ.
18.0 ओवर: न्यूजीलैंड 181/5
IND vs NZ LIVE Score: अर्शदीप का महंगा ओवर
अर्शदीप का ओवर अच्छा जा रहा था. लेकिन आखिरी दो गेंदों पर उन्होंने चौके पड़े. न्यूजीलैंड की हार तय है. जीत के लिए जरूरी रन रेट 24.33 का हो गया है जबकि मौजूदा रन रेट 9.76 का है. न्यूजीलैंड को 18 गेंद में जीत के लिए 73 रन की जरूरत है.
17.0 ओवर: न्यूज़ीलैंड 166/5
IND vs NZ LIVE Score: 24 में चाहिए 86
न्यूजीलैंड को जीत के लिए 24 गेंद में 86 रन चाहिए. क्रीज पर अब डैरिल मिचेल और मिचेल सैंटनर की जोड़ी है. आखिरी ओवर से 10 रन आए हैं. मौजूदा रन रेट 10 के करीब है और जरूरी रन रेट 21 से अधिक का है. अक्षर के चोटिल होने पर अभिषेक ने उनका ओवर फेंका है. अगला ओवर फेंकने अर्शदीप सिंह आएंगे.
16.0 ओवर: न्यूजीलैंड 154/5
IND vs NZ LIVE Score: वरुण चक्रवर्ती ने दिलाई पांचवीं सफलता
वरुण चक्रवर्ती ने भारत को पांचवीं सफलता दिलाई है. अभिषेक शर्मा ने कैच लपका. लेंथ डिलवरी थी. चैपमैन ने कदमों का इस्तेमाल किया, लेकिन कोई कनेक्शन नहीं हुआ. अभिषेक आए और ऑन्ग ऑन पर आसान कैच लपका. चैपमैन को बल्ला चलाना ही था, क्योंकि जरूरी रन रेट लगातार बढ़ता जा रहा है. चैपमैन ने 24 गेंदों में 39 रनों की पारी खेली.
14.5 ओवर: न्यूजीलैंड 143/5
IND vs NZ LIVE Score: 36 गेंद में चाहिए 103 रन
न्यूजीलैंड को 36 गेंद में जीत के लिए 103 रनों की जरूरत है. जरूरी रन रेट 17 से ऊपर का है. जबकि मौजूदा रन रेट 10 के करीब है. मार्क चैपमैन अपने अर्द्धशतक के करीब हैं. अभी चक्रवर्ती और अक्षर पटेल का एक-एक ओवर बाकी है.
14.0 ओवर: न्यूज़ीलैंड 136/4
IND vs NZ LIVE Score: अक्षर ने दिलाई चौथी सफलता
अक्षर पटेल ने भारत को दिलाई चौथी सफलता. शिवम दुबे ने कैच लपका. फिलिप्स की पारी समाप्त. भारत खुश होगा. मिडिल लेंथ पर अच्छी डिलवरी. फिलिप्स बैक फुट पर गए थे और पुल का प्रयास किया था. फिलिप्स ने 40 गेंदों में 78 रनों की पारी खेली. उन्होंने अपनी पारी के दौरान चार चौके जड़े और छह छक्के लगाए.
13.3 ओवर: न्यूजीलैंड 131/4
IND vs NZ LIVE Score: 48 गेंद में चाहिए 129 रन
न्यूजीलैंड को 48 गेंद में जीत के लिए 129 रन चाहिए. ग्लेन फ़िलिप्स और मार्क चैपमैन कोशिश में लगे हुए हैं और दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए अर्द्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है. जरूरी रन रेट 16 के करीब है. भारत के जीत की संभावना 97 प्रतिशत है. आखिरी ओवर से 15 रन आए हैं. शिवम दुबे के ओवर में ग्लेन फिलिप्स और मार्क चैपमेन ने छक्का जड़ा है.
12.0 ओवर: न्यूजीलैंड 110/3
IND vs NZ LIVE Score: ग्लेन फिलिप्स का अर्द्धशतक
न्यूजीलैंड का स्कोर 100 के करीब है. 54 गेंद में 144 रनों की जरूरत है. आखिरी ओवर से 8 रन आए. ग्लेन फिलिप्स का अर्द्धशतक पूरा हुआ. सिंगल के साथ उन्होंने अपना अर्द्धशतक पूरा किया. मौजूदा रन रेट बढ़कर 8.63 का हो गया है. जबकि जरूरी रन रेट 16.00 का पहुंच गया है.
11.0 ओवर: न्यूजीलैंड 95/3
IND vs NZ LIVE Score: रिंकू से छूटा कैच
मार्क चैपमैन से कैच छूटा है. बुमराह अटैक पर आए थे. रिंकू सिंह से कैच छूट गया था. गुड लेंथ गेंद को फ्लिक किया था. धीमी गति की गेंद थी. डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग की ओर गई थी गेंद. रिंकू के हाथ से लगकर छिटक गई.
10.1 ओवर: न्यूजीलैंड 87/3
IND vs NZ LIVE Score: वरुण का महंगा ओवर
वरुण चक्रवर्ती का महंगा ओवर रहा यह. इस ओवर से 14 रन आए हैं. जरूरी रन रेट अभी भी 15 के करीब है. ग्लेन फ़िलिप्स एक छोर से आक्रमण कर रहे हैं. आखिरी ओवर में उन्होंने एक चौका और एक छक्का जड़ा है. न्यूजीलैंड को जीत के लिए 66 गेंद में 162 रन चाहिए.
9.0 ओवर: न्यूजीलैंड 77/3
IND vs NZ LIVE Score: 15 के करीब जरूरी रन रेट
IND vs NZ LIVE Score: न्यूजीलैंड के लिए जीत के लिए जरूरी रन रेट 15 के करीब पहुंच गया है. उसका मौजूदा रन रेट 8 के करीब है. इस ओवर से 9 रन आए हैं. वरुण चक्रवर्ती के ओवर काफी अहम होने जा रहे हैं. देखना होगा कि टीम इंडिया न्यूजीलैंड को पूरे 20 ओवर खेलने देती है या उससे पहले ही पारी समाप्त कर देती है?
8.0 ओवर: न्यूजीलैंड 63/3
IND vs NZ LIVE Score: वरुण चक्रवर्ती ने दिलाई तीसरी सफलता
पावरप्ले के बाद वरुण चक्रवर्ती ने शिकार किया. स्टेप आउट करके लेंथ गेंद पर प्रहार करने का प्रयास था. लेकिन कनेक्शन सही नहीं हुआ और लपके गए. बल्ला मुड गया था. मिडविकेट पर शिवम दुबे के लिए आसान कैच. रॉबिंसन 15 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हुए. अपनी पारी के दौरान उन्होंने दो चौके और एक छक्का लगाया.
6.3 ओवर: न्यूजीलैंड 52/3
IND vs NZ LIVE Score: न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी का पहला पॉवरप्ले हुआ समाप्त
पहला पॉवरप्ले समाप्त हो चुका है. न्यूजीलैंड का स्कोर पहले पॉवरप्ले की समाप्ति के बाद 50/2 रन है. टिम रॉबिंसन 13 गेंद में 20 और ग्लेन फिलिप्स 16 गेंद में 28 रन बनाकर खेल रहे हैं. आउट होने वाले खिलाड़ी डेवन कॉन्वे (0) और रचिन रविंद्र (01) हैं. भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह और हार्दिक पंड्या ने क्रमशः एक-एक सफलता प्राप्त की है.
IND vs NZ LIVE Score: न्यूजीलैंड ने 5 ओवरों में बनाए 39/2
न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी पारी के पांच ओवर समाप्त हो चुके हैं. टीम ने पांच ओवरों की समाप्ति के बाद 39/2 रन बनाए हैं. टिम रॉबिंसन 11 गेंद में 19 और ग्लेन फिलिप्स 12 गेंद में 18 रन बनाकर खेल रहे हैं. आउट होने वाले खिलाड़ी डेवन कॉन्वे (0) और रचिन रविंद्र (01) हैं.
IND vs NZ LIVE Score: टिम रॉबिंसन का भी चल रहा है बल्ला
पारी का आगाज करते हुए टिम रॉबिंसन भी अच्छे टच में नजर आ रहे हैं. खबर लिखे जाने तक उन्होंने 10 गेंदों का सामना किया है. इस बीच उनके बल्ले से 180.00 की स्ट्राइक रेट से 18 रन निकले हैं. टीम का स्कोर चार औवरों में 33/2 रन है.
IND vs NZ LIVE Score: ग्लेन फिलिप्स ने लगाया छक्का चौका
ग्लेन फिलिप्स अच्छे टच में नजर आ रहे हैं. उन्होंने शुरूआती छह गेंदों में ही 12 रन बना लिए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से एक चौका और एक छक्का देखने को मिला है.
IND vs NZ LIVE Score: हार्दिक पंड्या का वार नहीं झेल पाए रचिन रवींद्र, न्यूजीलैंड को लगा दूसरा झटका
भारतीय टीम को दूसरी सफलता हार्दिक पंड्या ने दिलाई है. भारतीय ऑलराउंडर ने रचिन रवींद्र को अभिषेक के हाथों कैच आउट करते हुए पवेलियन का रास्ता दिखाया है. टीम का स्कोर 1.3 ओवरों में 2-1 रन है.
IND vs NZ LIVE Score: अर्शदीप सिंह ने दिलाई पहली सफलता, डेवोन कॉनवे आउट, सैमसन ने पकड़ा शानदार कैच
भारतीय टीम को पहली सफलता डेवोन कॉनवे (00) के रूप में हाथ लगी है. पारी का आगाज करते हुए वह दूसरी ही गेंद पर अर्शदीप सिंह का शिकार बने हैं. सैमसन ने उनका शानदार कैच पकड़ा है.
IND vs NZ LIVE Score: टिम रॉबिंसन और डेवोन कॉनवे क्रीज पर उतरे, जीत के लिए मिला है 239 का लक्ष्य
न्यूजीलैंड की तरफ से टिम रॉबिंसन और डेवोन कॉनवे पारी का आगाज करने आए हैं. भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह पहला ओवर डाल रहे हैं. जीत के लिए 239 रनों का लक्ष्य मिला है.
IND vs NZ LIVE Score: भारत ने बनाए 238
भले ही टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और मिडिल ओवरों में उसने विकेट गंवाए, लेकिन अभिषेक और रिंकू की तूफान पारी के दम पर टीम इंडिया 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 238 का स्कोर आसानी से खड़ा किया. अभिषेक जब तक क्रीज पर थे, भारतीय टीम 250 का स्कोर करती दिख रही थी. लेकिन उनके आउट होने के बाद मिडिल ओवरों में विकेट गिरे. हालांकि, फिनिशर रिंकू ने आखिरी ओवर में 20 गेंदों में 4 चौके और तीन छक्कों के दम पर 44 रनों की पारी खेली.
IND vs NZ LIVE Score: लगातार दो छक्के
रिंकू सिंह ने लगातार दो छक्के जड़े हैं. डेरिल मिटेल अटैक पर आए थे और रिंकू ने छक्के के साथ उनका स्वागत किया.
IND vs NZ LIVE Score: आखिरी ओवर बाकी
अब आखिरी ओवर बाकी है. भारत ने इस ओवर में 6 रन बटोरे हैं. टीम इंडिया 217 के स्कोर पर है. रिंकू ने 14 गेंदों में 24 रनों की पारी खेली है. देखना होगा कि क्या टीम इंडिया 230 के स्कोर तक पहुंच पाएगी या नहीं. बीते 5 ओवर में 49 रन बनाए हैं और 2 विकेट झटके हैं.
19.0 ओवर: भारत 217/7
IND vs NZ LIVE Score: अक्षर पटेल भी लौटे
अक्षर पटेल की पवेलियन लौटे. अक्षर ने लॉफ्टेड ड्राइव लगाने की कोशिश में जल्दबाजी की और मिशेल लॉन्ग-ऑफ बाउंड्री के पास दाईं ओर दौड़े और आसानी से कैच पकड़ लिया. धीमी गति की फुल लेंथ गेंद. अक्षर को लगा कि वह लॉन्ग-ऑफ के ऊपर छक्का मार सकते हैं, लेकिन उन्होंने शॉट को थोड़ा रोका और कैच आउट हो गए. बैकग्राउंड में स्काई को उम्मीद थी कि गेंद फील्डर के ऊपर से निकल जाएगी. अक्षर 5 गेंद में 5 रन बनाकर आउट हुए.
17.5 ओवर: भारत 209/7
IND vs NZ LIVE Score: भारत का स्कोर 200 पार
रिंकू सिंह के बल्ले से आया छक्का और इसके साथ ही भारत का स्कोर 200 पार हुआ. रिंकू कितने देर क्रीज पर रहेंगे तय करेगा कि भारत कितना स्कोर करेगी. अभी 16 गेंद बाकी हैं.
17.2 ओवर: भारत 203/6
IND vs NZ LIVE Score: 10 रन का ओवर
इस ओवर से 10 रन आए हैं. अब 3 ओवर बचे हैं. भारत 200 के स्कोर से 3 रन दूर है. भारत 250 तक पहुंचेगा या नहीं, यह सिर्फ और सिर्फ इस पर तय करेगा कि रिंकू कितनी गेंद खेलते हैं.
17.0 ओवर: भारत 197/6
IND vs NZ LIVE Score: इस ओवर से आए सिर्फ 5 रन
इस ओवर से सिर्फ 5 रन आए हैं और भारत ने हार्दिक पांड्या का भी विकेट गवंयाा. टीम इंडिया का स्कोर 200 के करीब है. रिंकू सिंह और अक्षर पटेल की जोड़ी अभी क्रीज पर है. देखना होगा कि आखिरी के 4 ओवरों में टीम इंडिया कितने रन बटोर पाती है? क्या भारत 230 से अधिक रन बना पाएगी?
16.0 ओवर: भारत 187/6
IND vs NZ LIVE Score: भारत को छठा झटका
भारत को यहां एक और झटका लगता हुआ. हार्दिक पांड्या को भी जाना होगा. हार्दिक 16 गेंदों में 25 रन बनाकर आउट हुए. एक बार फिर बड़ा शॉर्ट खेलने का प्रयास था. लेकिन डीप मिड विकेट पर लपके गए. अभिषेक के जाने के बाद रनों की रफ्तार कम हुई है. हालांकि, टीम इंडिया का स्कोर 200 के करीब है.
15.4 ओवर: भारत 185/6
IND vs NZ LIVE Score: 14 रन आए ओवर से
आखिरी के 5 ओवर बचे हैं. इस ओवर से 14 रन आए हैं. हार्दिक पांड्या और रिंकू पर जिम्मा है कि वह भारत को बेहतर फिनिश दिलाए. भारत का रन रेट 12 के पार है. हार्दिक ने पिछले ओवर में एक चौका और एक छक्का जड़ा है.
15.0 ओवर: भारत 182/5
IND vs NZ LIVE Score: आखिरी 6 ओवर
आखिरी के 6 ओवर बाकी है. इस ओवर से 14 रन आए हैं. अब क्रीज पर हार्दिक पांड्या और रिंकू सिंह हैं. बीते 5 ओवर में भारत ने 62 रन बटोरे हैं और 3 विकेट गंवाए हैं. देखना होगा कि यहां से टीम इंडिया कितना स्कोर कर पाती है.
14.0 ओवर: भारत 168/5
IND vs NZ LIVE Score: शिवम दुबे आउट
शिवम दुबे आउट हुए. एक और सॉफ्ट डिसमिसल. लेंथ डिलवरी थी. दुबे ने जल्दी ही बैट का मुंह बंद कर दिया. वो फ्लिक करने गए थे. लेकिन बाहरी किनारा लगा. दुबे 4 गेंदों में 1 छक्के के दम पर 9 रन बनाकर आउट हुए.
13.4 ओवर: भारत 166/5
IND vs NZ LIVE Score: अब हार्दिक और शिवम दुबे पर जिम्मा
अब हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे पर जिम्मा है कि अभिषेक ने जो शुरुआत दिलाई है, वो उसे भुनाएं. आखिर ओवर से सिर्फ 5 रन आए हैं. भारत जिस तरह से रन बटोर रहा है, उसकी कोशिश होगी कि कम से कम 250 का स्कोर किया जाए.
13.0 ओवर: भारत 154/4
IND vs NZ LIVE Score: शतक से चूके अभिषेक
अभिषेक शर्मा अपने शतक से चूक गए हैं. शॉर्ट खेलते ही उन्होंने एहसास हो गया कि उनसे गलती हुई. खुद से नाखुश. इस ओवर में पहले ही दो छक्के और एक चौका जड़ चुके थे अभिषेक. स्लॉट में गेंद थी. बल्ला उनके हाथ में मुड़ गया और लॉन्ग ऑन पर मिसहिट करके आउट हुए. हालांकि, आउट से पहले वो भारत को अच्छी स्थिति में पहुंचा चुके हैं. अभिषेक ने 35 गेंदों में पांच चौके और 8 छक्कों के दम पर 84 रनों की पारी खेली.
12.0 ओवर: भारत 149/4
IND vs NZ LIVE Score: कप्तान सूर्या आउट
कप्तान सूर्यकुमार यादव पवेलियन लौटे. न्यूजीलैंड को बड़ा झटका लगा है. सैंटनर ने सूर्यकुमार यादव को अपने जाल में फंसाया. मिडिल और लेग में शॉर्ट ऑफ गुड लेंथ गेंद को प्रहार किया. गेंद बल्ले के अंदरूनी हिस्से से लगी इसलिए संपर्क अच्छा नहीं हुआ और एलिवेशन नहीं मिला.
10.4 ओवर: भारत 126/3
IND vs NZ LIVE Score: कप्तान सूर्या ने लगाई बाउंड्री
अब कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बाउंड्री ठोकी है. उन्होंने ओवर की चौथी और पांचवीं गेंद पर बाउंड्री लगाई है. आखिरी ओवर से 11 रन आए हैं. अब समय हुआ है ड्रिंक्स ब्रेक का. 10 ओवरों का खेल हुआ है और भारत ने 117 रन बटोरे हैं. सूर्यकुमार यादव और अभिषेक शर्मा के बीच साझेदारी 90 रनों की हो चुकी है. भारत का रन रेट 12 के करीब है.
10.0 ओवर: भारत 117/2
IND vs NZ LIVE Score: नहीं थम रहा अभिषेक का तूफान
अभिषेक शर्मा का तूफान रूकने का नाम नहीं ले रहा है. आखिरी ओवर में भी उन्होंने छक्का जड़ा है. भारत का स्कोर 100 पार है. अभिषेक ऐसे ही खेलते रहे तो वह आज शतक ठोक देंगे. दूसरे छोर पर सूर्या है, जो आज अच्छे टच में दिख रहे हैं.
9.0 ओवर: भारत 106/2
IND vs NZ LIVE Score:अभिषेक शर्मा का वर्ल्ड रिकॉर्ड
अभिषेक शर्मा ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है. वह टी20 अंतरराष्ट्रीय के ऐसे पहले बल्लेबाज हैं, जिन्होंने सबसे अधिक मौकों पर 25 या उससे कम गेंदों पर फिफ्टी ठोकी है. अभिषेक ने 8वीं बार आज यह कारनामा किया है. उन्होंने सूर्या, फिल सॉल्ट और एविन लुईस को पीछे छोड़ा है.
टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में अधिकतर 25 या उससे कम गेंदों में 50 रन बनाने वाले खिलाड़ी
8 अभिषेक शर्मा7 फिल साल्ट
7 सूर्यकुमार यादव
7 एविन लुईस
IND vs NZ LIVE Score: 20 रन का ओवर
इस ओवर से 20 रन आए हैं. अभिषेक की तूफानी बल्लेबाजी जारी है. भारत का स्कोर 100 के करीब है और अभी 10 ओवरों का खेल नहीं हुआ है. अभिषेक ऐसे ही खेलते रहे तो टीम इंडिया 200 से अधिक का स्कोर खड़ा करेगी. न्यूजीलैंड के स्पिनरों की कोशिश यहां पर गेम को थोड़ा धीमा करने की है.
8.0 ओवर: भारत 96/2
IND vs NZ LIVE Score: अभिषेक ने 22 गेंद पर जड़ी फिफ्टी
अभिषेक शर्मा ने 22 गेंद में फिफ्टी जड़ी है. अभी तक वह चार छक्के और चार चौके लगा चुके हैं. इस ओवर में उन्होंने लगातार तीन गेंदों में चौके लगाए हैं. यह अभिषेक के करियर का 7वां अर्द्धशतक है. अभिषेक और सूर्या के बीच साझेदारी 50 से अधिक रनों की हो चुकी है. यह
7.4 ओवर: भारत 89/2
IND vs NZ LIVE Score: अब स्पिनर आए हैं
अब स्पिनर आए हैं. दोनों छोर से स्पिनर हैं. हालांकि, अभिषेक का बल्ला रूक नहीं रहा है. उन्होंने पिछले ओवर की पांचवीं गेंद पर चौका जड़ा है. अभिषेक तेजी से अपने अर्द्धशतक की ओर बढ़ रहे हैं.
7.0 ओवर: भारत 76/2
IND vs NZ LIVE Score: अभिषेक ने की छक्कों की बरसात
अभिषेक शर्मा ने इस ओवर में भी एक छक्का जड़ा है. दूसरे छोर पर खड़े सूर्यकुमार यादव ने भी ओवर की चौथी गेंद पर हवाई फायर किया. इस ओवर से भी 14 रन आए हैं.
6.0 ओवर: भारत 68/2
IND vs NZ LIVE Score: 50 पार स्कोर
भारत का स्कोर 50 पार हुआ. अभी एक छोर से सूर्यकुमार यादव प्रहार कर रहे हैं तो दूसरे छोर से अभिषेक शर्मा. अभिषेक ने इस ओवर में दो छक्के जड़े हैं. इस ओवर से 16 रन आए हैं. भारत का रन रेट 11 के करीब है. पावरप्ले का आखिरी ओवर बाकी है. अभी तक पिच ने जरूर बल्लेबाजों को परेशान किया है. गेंद कभी -कभी उम्मीद से नीची रह जा रही है.
5.0 ओवर: भारत 54/2
IND vs NZ LIVE Score: 7 रन आए ओवर से
इस ओवर से 7 रन आए हैं. अभिषेक शर्मा और सूर्यकुमार यादव की नजरें भारत को यहां से वापसी करवाने पर होगी. अभी पावरप्ले के खत्म होने में दो ओवर बाकी है. हालांकि, भारत का रन रेट 10 के करीब बना हुआ है.
4.0 ओवर: भारत 38/2
IND vs NZ LIVE Score भारत को लगा दूसरा झटका
जैकब डफी ने फंसाया. एक और विकेट आसान विकेट. ईशान किशन आक्रामक शॉट लगाने के लिए आगे बढ़े, लेकिन गेंद उनके बल्ले के ऊपरी हिस्से पर लगी. कवर के ऊपर से शॉट लगाने की कोशिश की. ईशान किशन 5 गेंद में 8 रन बनाकर आउट हुए.
2.5 ओवर: भारत 27/2
IND vs NZ LIVE Score: ईशान आए क्रीज पर
अब ईशान किशन आए हैं क्रीज पर. आते ही उन्होंने अपना जलवा दिखाया. ओवर की आखिरी गेंद पर चौका आया. दो ओवर हुए हैं. हालांकि, आउट होने से पहले संजू ने दो चौके जरूर जड़े थे. इस ओवर से 14 रन आए.
2.0 ओवर: भारत 22/1
IND vs NZ LIVE Score: भारत को लगा पहला झटका
संजू सैमसन को जाना होगा. बैकफुट पर जाकर मिडविकेट पर खेलने का प्रयास था. संजू ने छोटी गेंद का अनुमान लगाया था. लेकिन जेमिसन ने लेंथ ऊपर रखी. गुड लेंथ गेंद को सैमसन ने फ़्लिक किया.
IND vs NZ LIVE Score: अभिषेक ने जड़ा छक्का
अभिषेक शर्मा ने छक्का जड़ा है ओवर की आखिरी गेंद पर. पहले ओवर से 8 रन आए हैं. अभिषेक और संजू की नजर भारत को धमाकेदार शुरुआत दिलाने पर है.
1.0 ओवर: भारत 8/0
IND vs NZ LIVE Score: शुरू हुआ मैच
IND vs NZ LIVE Score: भारत की बल्लेबाजी शुरू हुई. क्रीज पर अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की सलामी जोड़ी मौजूद हैं.
IND vs NZ LIVE Score: न्यूजीलैंड ने अलग तरह से पढ़ी पिच
न्यूजीलैंड ने पिच रिपोर्ट से अलग राय रखी है. सैंटनर ने कहा कि उन्हें लगता है कि यह पिच हाई-स्कोरिंग हो सकती है. यहां की पिच 2024 में दोबारा बिछाई गई थी, इसलिए पुराने आंकड़ों पर भरोसा नहीं किया जा सकता. अगर पिच से स्पिनर को मदद मिलती है तो मैच रोमांचक हो सकता है. ओस पड़ने पर वरुण और अक्षर की गेंदबाजी ही निर्णायक साबित होगी.
IND vs NZ LIVE Score: कुलदीप, अय्यर को मौका नहीं
टॉस के दौरान कप्तान सूर्या ने बताया कि आज के मुकाबले में कुलदीप यादव, रवि बिश्नोई और श्रेयस अय्यर को प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं दिया गया है. इसका मतलब है कि रिंकू सिंह की वापसी हो रही है.
IND vs NZ LIVE Score: न्यूजीलैंड ने जीता टॉस
न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ टॉस जीत लिया है और उसने भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया है. न्यूजीलैंड के कप्तान ने कहा है कि पिच अच्छी लग रही है और यहां बड़ा स्कोर हो सकता है.
IND vs NZ Live Score: सूर्यकुमार यादव लगाएंगे स्पेशल 'शतक'
भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव नागपुर में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जाने वाले पहले टी20 मैच में स्पेशल 'शतक' लगाएंगे। ऐसा करने वाले वह भारत के चौथे खिलाड़ी बनेंगे. सूर्यकुमार यादव ने अपने करियर में अब तक 99 टी20 मैच खेले हैं. नागपुर में खेला जाने वाला मुकाबला उनके करियर का 100वां टी20 होगा. नागपुर में वह टी20 मैचों का शतक लगाएंगे और ऐसा करने वाले भारत के चौथे खिलाड़ी बनेंगे.
सूर्यकुमार यादव से पहले भारत के लिए 100 या उससे अधिक टी20 खेलने की उपलब्धि रोहित शर्मा, विराट कोहली और हार्दिक पांड्या के नाम है. रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा 159 टी20 खेले हैं. दूसरे स्थान पर 125 मैचों के साथ विराट कोहली हैं. हार्दिक पांड्या 124 मैचों के साथ तीसरे स्थान पर हैं. हार्दिक नागपुर में कोहली की बराबरी कर लेंगे. पांचवें स्थान पर पूर्व कप्तान एमएस धोनी हैं जिन्होंने 98 टी20 खेले थे. रोहित और विराट टी20 से संन्यास ले चुके हैं. हार्दिक के पास रोहित को सबसे ज्यादा मैच खेलने के मामले में पछाड़ने का मौका है.
IND Vs NZ 1st T202I Live Score: सूर्या का कैसा है रिकॉर्ड
न्यूजीलैंड के खिलाफ सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन अच्छा रहा है. 2021 से 2023 के बीच इस टीम के खिलाफ सूर्यकुमार ने 8 टी20 मैचों में 47.33 की औसत और 153.51 की स्ट्राइक रेट से 284 रन बनाए हैं. उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 111 रहा है. भारतीय कप्तान के टी20 करियर पर नजर डालें तो 99 टी20 मैचों की 93 पारियों में 4 शतक और 21 अर्धशतक की मदद से उन्होंने 2,788 रन बनाए हैं.
IND Vs NZ 1st T202I Live Score: कप्तान सूर्यकुमार यादव पर रहेगी निगाह
मैच में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव के बतौर बल्लेबाज प्रदर्शन पर नजर रहेगी. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया का टी20 फॉर्मेट शानदार प्रदर्शन रहा है. टीम अजेय रही है, लेकिन एक बल्लेबाज के तौर पर सूर्यकुमार यादव के प्रदर्शन में लगातार गिरावट आई है. भारतीय कप्तान पिछली 25 पारियों में एक भी अर्धशतक नहीं लगा पाए हैं.
साल 2025 में सूर्यकुमार यादव ने 22 टी20 मैच खेले जिसमें बिना किसी अर्धशतक के महज 14 की औसत से रन बनाए. उनकी लगातार और लंबी असफलता ने टीम की चिंता बढ़ाई है. टीम का शीर्ष क्रम कमजोर हो रहा है और अन्य बल्लेबाजों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ रहा है.
IND vs NZ Live Score: ईशान किशन होंगे प्लेइंग इलेवन का हिस्सा
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 में ईशान किशन प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होंगे और वह तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे. सूर्यकुमार के बयान के बाद ईशान किशन की लगभग 26 महीने बाद भारतीय टीम में वापसी पक्की मानी जा रही है.
ईशान ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच, जो टी20 था, 28 नवंबर 2023 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गुवाहाटी में खेला था. इसके बाद से वह टीम से लगातार बाहर चल रहे थे. घरेलू क्रिकेट में लगातार दमदार प्रदर्शन के बाद न्यूजीलैंड टी20 सीरीज और टी20 विश्व कप के लिए ईशान की भारतीय टीम में वापसी हुई है.
ईशान की भारतीय टीम में वापसी तो हो गई थी, लेकिन उनका टीम में जगह बनना तब तक मुश्किल था, जब तक पूर्व से स्थापित खिलाड़ी आउट ऑफ फॉर्म होकर प्लेइंग इलेवन से बाहर न जाएं. तिलक वर्मा का इंजरी की वजह से पहले तीन टी20 से बाहर होना ईशान के लिए लकी साबित हुआ है, और ईशान तिलक की जगह ही तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे. विकेटकीपर बल्लेबाज और ओपनर के रूप में संजू सैमसन पहली पसंद हैं.
IND vs NZ Live Score: ऐसी है दोनों टीमें
टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (पहले तीन टी20 के लिए), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, ईशान किशन (विकेटकीपर), रवि बिश्नोई.
टी20 सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की टीम: मिशेल सेंटनर (कप्तान), डेवोन कोनवे, बेवन जेकब्स, टिम रॉबिनसन, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, जैक फॉक्स, डेरिल मिचेल, जेम्स नीशम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रविंद्र, जेकब डफी, काइल जेमीसन, ईश सोढ़ी और मैट हेनरी.
India vs New Zealand Live Score: कैसा है रिकॉर्ड
भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 25 टी20 मैच खेले गए हैं. इसमें भारतीय टीम का पलड़ा भारी रहा है. टीम इंडिया ने 14 मैच जीते हैं. न्यूजीलैंड को 10 मैचों में जीत मिली है, और एक मैच टाई रहा है.
नमस्कार!
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाले पहले टी20 इंरनेशनल मुकाबले में आपका स्वागत है. पहले मैच से जुड़ी पल-पल की अपडेट के लिए बने रहें हमारे साथ.














