हेडिंग्ले में हो रहे सीरीज के पहले मुकाबले में शुभमन गिल की शतकीय पारी के दम पर भारतीय टीम पहली पारी में 471 रन बनाने में सफल हुई. शुभमन गिल बतौर कप्तान अपना डेब्यू कर रहे हैं और इस मुकाबले में उन्होंने पहली पारी में 227 गेंदों पर 147 रनों की पारी खेली. इस दौरान उनके बल्ले से 19 चौके और एक छक्का आया. गिल जिस तरह से बल्लेबाजी कर रहे थे, उससे लगा कि वह आसानी से दोहरा शतक जड़ देंगे, लेकिन आखिरकार उन्हें शोएब बशीर ने अपने जाल में फंसाया. हालांकि, आउट होने से पहले उन्होंने एक बड़े रिकॉर्ड लिस्ट में जरूर जगह बनाई. शुभमन गिल अब बतौर कप्तान अपने डेब्यू में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाजों की सूची में आठवें स्थान पर आ गए हैं और उन्होंने पूर्व ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी हैरी ट्रॉट को पीछे छोड़ा है, जिन्होंने 1896 में लॉर्ड्स के मैदान पर 143 रनों की पारी खेली थी.
शुभमन गिल ने रिकॉर्ड लिस्ट में ली एंट्री
बतौर कप्तान अपने पहले टेस्ट मुकाबले में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड ग्राहम डाउलिंग के नाम है, जिन्होंने 1967-68 सीजन में भारत के खिलाफ क्राइस्टचर्च में 239 रनों की पारी खेली थी. इसके बाद लिस्ट में शिवनारायण चंद्रपॉल हैं, जिन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कप्तानी डेब्यू पर नाबाद 203 रनों की पारी खेली थी. इस दोनों के अलावा कोई भी कप्तान अपने टेस्ट डेब्यू पर दोहरा शतक नहीं लगा पाया है. इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर क्लेम हिल हैं, जिन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 191 रनों की पारी खेली थी.
बतौर कप्तान पहले मैच में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज | |||
खिलाड़ी क नाम | पारी | vs देश | साल |
ग्राहम डाउलिंग (NZ) | 239 | भारत | 1967-68 |
शिवनारायण चंद्रपॉल (WI) | 203 | दक्षिण अफ्रीका | 2004-05 |
क्लेम हिल (AUS) | 191 | दक्षिण अफ्रीका | 1910/11 |
विजय हजारे (IND) | 164 | इंग्लैंड | 1951/52 |
क्लाइव लॉयड (WI) | 163 | भारत | 1974/75 |
वारविक आर्मस्ट्रांग (AUS) | 158 | इंग्लैंड | 1920/21 |
बिली मर्डोक (AUS) | 153 | इंग्लैंड | 1880 |
शुभमन गिल (IND) | 147 | इंग्लैंड | 2025 |
हैरी ट्रॉट (AUS) | 143 | इंग्लैंड | 1896 |
मोंटी नोबल (AUS) | 133 | इंग्लैंड | 1903/04 |