इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) में बुधवार को 97 रन की मैच जिताऊ पारी के बाद वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav sooryavanshi) की लोकप्रिया अलग ही मुकाम पर पहुंच गई है. इसी मैच में सूर्यवंशी इस मुकाबले से पहले 53 छक्कों के साथ उतरे थे जो गेल के 59 छक्कों के रिकॉर्ड से छह कम थे, लेकिन सूर्यवंशी 12 छक्के जड़कर सुपर रिकॉर्ड बनाते हुए 65 छक्कों के साथ इतिहास रचते हुए इस मामले में बॉस बन गए हैं. सूर्यवंशी की इस आतिशी पारी पर प्रतिक्रिया देते हुए कमेंट्री कर रहे भारत के पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने वीरेंद्र सहवाग से पूछा कि अगर यह युवा खिलाड़ी नीलामी (ऑक्शन) में आता है, तो वे उसे कितने पैसे देंगे. इस पर सहवाग ने बिना किसी झिझक के कहा कि वह 30 करोड़ रुपये देंगे, तो वहीं भारत के पूर्व बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने तुरंत जवाब दिया कि वह बिना दोबारा सोचे इस ऑफर की बराबरी करेंगे.
सूर्यवंशी को सीनियर टीम में लेने की मांग तेज
वैभव सूर्यवंशी को सीनियर भारतीय पुरुष टीम में जल्द से जल्द शामिल करने की मांग लगातार तेज होती जा रही है. अपने आईपीएल डेब्यू को मुश्किल से एक साल ही हुआ है और क्रिकेट जगत को पहले ही पूरा भरोसा हो चुका है कि यह 15 वर्षीय विलक्षण प्रतिभा (प्रॉडिटी) उच्चतम स्तर के लिए तैयार है. प्रशंसकों को उनकी प्रतिभा की झलक देखने के लिए ज़्यादा इंतज़ार नहीं करना पड़ेगा क्योंकि यह युवा खिलाड़ी अगले महीने ही इंडिया-ए के लिए खेलता हुआ नज़र आएगा, जब तिलक वर्मा की अगुवाई वाली टीम त्रिकोणीय श्रृंखला (ट्राई-सीरीज़) के लिए श्रीलंका रवाना होगी.
आईपीएल चेयरमैन ने BCCI से की थी यह अपील
वहीं, आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल ने इस युवा खिलाड़ी के आगे के सफर के बारे में पूछे जाने पर बिल्कुल सही बात कही. उन्होंने उन्हें एक 'विशेष प्रतिभा' (स्पेशल टैलेंट) बताया और इस बात पर ज़ोर दिया कि बीसीसीआई और आरआर (राजस्थान रॉयल्स) का निरंतर मार्गदर्शन उन्हें और भी बेहतर बनाएगा. आरआर और एसआरएच के बीच आईपीएल एलिमिनेटर से पहले द टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए धूमल ने कहा, 'मुझे लगता है कि बीसीसीआई और फ्रैंचाइज़ी को उन्हें सही रास्ता दिखाने के मामले में उनका हाथ थामने की ज़रूरत होगी, ताकि उनका स्वभाव और मानसिक संतुलन (टेम्परामेंट) बरकरार रहे क्योंकि खेल केवल शारीरिक कौशल के बारे में नहीं है, यह मानसिक दृढ़ता के बारे में भी है.'














