- टीम इंडिया ने घरेलू मैदान पर टी20 विश्व कप 2026 का खिताब तीसरी बार जीतकर इतिहास रचा है
- कोच गौतम गंभीर ने बीसीसीआई सचिव जय शाह का कठिन समय में समर्थन के लिए विशेष धन्यवाद दिया
- जसप्रीत बुमराह ने 4 विकेट लेकर भारत की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और गेंदबाजी में दम दिखाया
Gautam Gambhir React on Team India Win T20 World Cup 2026: टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खिताब को अपने नाम कर लिया है. रविवार को नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से रौंदा. भारत ने टी20 विश्व कप की ट्रॉफी को तीसरी बार जीता है. भारत घरेलू सरजमीं पर टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाला पहला देश बन गया है. टीम इंडिया से मिले 256 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हुई. इस सुनहरे पल के बाद कोच गौतम गंभीर ने एक बड़ा खुलासा किया कि कैसे कठिन समय में जय शाह ने उनका साथ दिया था.
जय शाह का वो एक फोन और गंभीर का भरोसा
खिताब जीतने के बाद प्रेस से बात करते हुए गंभीर ने बीसीसीआई सचिव जय शाह को विशेष धन्यवाद दिया. गंभीर ने कहा, "मैं जय शाह भाई को उनके सपोर्ट के लिए दिल से धन्यवाद देना चाहता हूं. न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका सीरीज के बाद, जब चीजें हमारे पक्ष में नहीं थीं, तब उन्होंने सबसे पहले मुझे फोन किया था और मुझ पर भरोसा जताया था." गंभीर ने आगे बताया कि वह जय भाई का शुक्रिया अदा करना चाहते हैं क्योंकि उस कॉल ने टीम के विजन को स्पष्ट करने में बड़ी भूमिका निभाई थी.
जीत खिलाड़ियों की है, हम तो सिर्फ जरिया हैं
"जीत खिलाड़ियों की है, हम तो सिर्फ जरिया हैं". अपनी कोचिंग स्टाइल के लिए मशहूर गंभीर ने जीत का पूरा श्रेय अपनी टीम के लड़ाकों को दिया. उन्होंने कहा, "खिलाड़ी ही एक कैप्टन और कोच को अच्छा या बुरा बनाते हैं. यह जीत पूरी तरह से हमारे खिलाड़ियों की मेहनत का नतीजा है, उन्होंने ही यह ट्रॉफी जीती है."
गौतम गंभीर और जय शाह की जुगलबंदी ने भारतीय क्रिकेट को उस मुकाम पर पहुंचा दिया है जहां से टीम इंडिया ने घर में वर्ल्ड कप न जीत पाने के सूखे को खत्म कर दिया.
फाइनल में भारत से मिले 256 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. सेमीफाइनल में शतकीय पारी खेलने वाले फिन एलन महज 9 रन बनाकर अक्षर पटेल का शिकार बने. इसके बाद रचिन रविंद्र भी एक रन बनाकर आउट हुए. ग्लेन फिलिप्स ने भी अपने प्रदर्शन से निराश किया और वह 5 रन बनाकर आउट हुए. मार्क चैपमेन को 3 रनों के स्कोर पर हार्दिक पांड्या ने पवेलियन भेजा. डेरिल मिचेल की खराब फॉर्म फाइनल में भी जारी रही और वह 17 रन ही बना सके.
एक छोर से बढ़िया बल्लेबाजी कर रहे टिम सीफर्ट 26 गेंदों में 52 रन बनाने के बाद वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर ईशान किशन को कैच देकर पवेलियन लौटे. सीफर्ट ने अपनी पारी में 2 चौके और 5 छक्के लगाए. जेम्स नीशम 8 रन ही बना सके, जो मैट हेनरी अपना खाता भी नहीं खोल पाए. कप्तान मिचेल सैंटनर ने 35 गेंदों में 43 रन बनाए. न्यूजीलैंड ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए और पूरी टीम 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. भारत की ओर से गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 15 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए. वहीं, अक्षर पटेल ने 27 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि हार्दिक पांड्या और वरुण चक्रवर्ती ने एक-एक विकेट चटकाया.
टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने तूफानी शुरुआत दी. दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 7.1 ओवर में 98 रन जोड़े. अभिषेक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 21 गेंदों में 52 रनों की आतिशी पारी खेली. वहीं, संजू सैमसन ने 46 गेंदों में 5 चौके और 8 छक्कों की मदद से 89 रन बनाए. संजू टी20 विश्व कप के फाइनल में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बने.
नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे ईशान किशन भी बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 25 गेंदों में 54 रन बनाए. ईशान ने 216 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 4 चौके और चार छक्के लगाए. हालांकि, हार्दिक पांड्या और कप्तान सूर्यकुमार यादव बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके. सूर्या बिना खाता खोले पवेलियन लौटे, जबकि हार्दिक ने 18 रन बनाए.
अंतिम ओवरों में शिवम दुबे ने 8 गेंदों में नाबाद 26 रन बनाए, जिसके दम पर भारतीय टीम 5 विकेट खोकर 255 रनों के बड़े टोटल तक पहुंचने में सफल रही. यह टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबले का सबसे बड़ा स्कोर भी रहा. भारतीय टीम ने 2007, 2024 के बाद तीसरा बार टी20 विश्व कप के खिताब को अपने नाम किया है. इसके साथ ही टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप को लगातार दूसरी बार जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है.














