Gautam Gambhir on Arshdeep Singh Throw Daryl Mitchell: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल भारतीय टीम एकतरफा अंदाज में जीत रही थी, लेकिन अर्शदीप सिंह ने न्यूजीलैंड के बैटर डेरेल मिचेल की तरफ जोरदार थ्रो किया. गेंद सीधे मिचेल के हाथ में लगी थी. इससे बाद उनकी अर्शदीप से कहा-सुनी हुई. मामला इतना बढ़ गया था भारतीय कप्तान और अंपायर को बीच बचाव करने के लिए आना पड़ा. वहीं फाइनल के बाद अर्शदीप पर इसके लिए जुर्माना भी लगा. अब इस मामले में भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने चौंकाने वाला बयान दिया है. गौतम गंभीर ने अर्शदीप का सपोर्ट करते हुए कहा कि अपने देश को रिप्रेजेंट करते समय अग्रेसन दिखाना नेचुरल है.
गौतम गंभीर ने ANI पॉडकास्ट पर अर्शदीप-मिचेल की इस झड़प को लेकर कहा,"आप अपने देश को रिप्रेजेंट कर रहे हैं और आपका अग्रेसन दिखाना लाज़मी है. इसमें कुछ भी गलत नहीं है. अगर आप बॉल वापस भी फेंकते हैं, तो यह पूरी तरह से ठीक है. इस दुनिया का कोई भी बॉलर दो छक्के नहीं खाना चाहता, और मैं अपने प्लेयर्स से इसी तरह का रिस्पॉन्स देखना चाहता हूं. अगर अर्शदीप ने डेरिल मिशेल से माफी नहीं मांगी होती, तो भी मुझे कोई दिक्कत नहीं होती." गंभीर ने कहा,"सॉरी कहने की कोई ज़रूरत नहीं थी. यह अच्छा है कि उन्होंने माफ़ी मांगी, लेकिन क्रिकेट के मैदान पर कोई दोस्त या दुश्मन नहीं होता. आपका काम सिर्फ़ अपने देश के लिए मैच जीतना है."
आईसीसी ने लगाया अर्शदीप पर जुर्माना
भारतीय टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह पर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है. अर्शदीप को आईसीसी के आचार संहिता के आर्टिकल 2.9 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया है. अर्शदीप के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट प्वाइंट भी जोड़ दिया गया है, जो पिछले 24 महीने में उनकी पहली गलती है. आर्टिकल 2.9 इंटरनेशनल मैच के दौरान किसी खिलाड़ी पर या उसके पास गलत या खतरनाक तरीके से गेंद (या कोई दूसरा क्रिकेट सामान) फेंकने से जुड़ा है. दरअसल, फाइनल मैच के दौरान अर्शदीप ने डेरिल मिचेल को जानबूझकर गेंद फेंक कर मारी थी.
यह घटना न्यूजीलैंड की पारी के 11वें ओवर में घटी थी. अर्शदीप की गेंद पर डेरिल मिचेल ने सामने की तरफ शॉट खेला था, जो एक टप्पा खाकर सीधा अर्शदीप के हाथों में गया था. हालांकि, भारतीय तेज गेंदबाज ने मिचेल के क्रीज में होने के बावजूद उनके पैर पर गेंद फेंककर मारी थी. अर्शदीप के इस बर्ताव से कीवी बल्लेबाज काफी नाखुश भी दिखाई दिए थे. हालांकि, बाद में कप्तान सूर्यकुमार और खुद अर्शदीप ने अपने बर्ताव के लिए डेरिल मिचेल से माफी मांगी थी.
अर्शदीप ने खिताबी मुकाबले में की गई अपनी गलती को स्वीकार कर लिया है. इसी कारण सुनवाई की कोई जरूरत नहीं पड़ी. अर्शदीप पर यह चार्ज ऑन-फील्ड अंपायर रिचर्ड इलिंगवर्थ और एलेक्स व्हार्फ, थर्ड अंपायर अल्लाहुद्दीन पालेकर और फोर्थ अंपायर एड्रियन होल्डस्टॉक ने लगाया है. लेवल 1 के उल्लंघन पर औपचारिक फटकार से लेकर खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत तक का जुर्माना और साथ ही एक या दो डिमेरिट प्वाइंट तक की सजा दी जाती है.
यह भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप जीता, अब नजरें वनडे विश्व कप 2027 पर, जसप्रीत बुमराह को लेकर BCCI की खास तैयारी
यह भी पढ़ें: T20 World Cup: 'कोई भी उठकर कुछ भी बयान देगा...' कीर्ति आजाद पर भड़के हेड कोच गौतम गंभीर














