Gautam Gambhir serious chat With Abhishek Sharma: साउथ अफ्रीका से मिली हार के बाद कोच गौतम गंभीर एक्शन में हैं .कोच गंभीर ने लगातार फ्लॉप हो रहे अभिषेक शर्मा के साथ बात की है जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. गंभीर ने अभिषेक शर्मा को अपने साथ टीम बस में बगल में बैठाकर उनसे काफी देर तक बात की है. गंभीर की बातचीत को देखकर समझा जा सकती है कि वो इस युवा बल्लेबाज को आगे के प्लान के बारे में बता रहे हैं. गंभीर और अभिषेक के बीच हुई बातचीत को देखकर कई फैन्स ने अंदाजा लगाया है कि कोच युवा बैटर को उनकी बल्लेबाजी तकनीक को लेकर समझा रहे हैं और साथ ही अगले मैच में उन्हें इलेवन में शामिल किया जाएगा या नहीं, उसको लेकर भी बात कर रहे हैं. गंभीर और अभिषेक की इस वीडियो को देखकर फैन्स कई तरह के कयास लगा रहे हैं. अब ये देखना है कि जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में अभिषेक भारत की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होते हैं या नहीं.
ये भी पढ़ें- T20 World Cup Semifinal Scenario: भारत की हार और वेस्टइंडीज की जीत के बाद वर्ल्ड कप में उथल पुथल, जानें कौन पहुंचेगा समीफाइनल में
दरअसल, जैसे ही खिलाड़ी चेन्नई एयरपोर्ट के बाहर बस में चढ़े, कैमरों ने भारतीय हेड कोच और ड्राइवर के ठीक पीछे बैठे संघर्ष कर रहे ओपनर अभिषेक को कोच के साथ बात करते हुए कैमरे में कैद कर लिया. यह वीडियो तब से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है.
भारत के सबसे विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक टूर्नामेंट में मुश्किल दौर से गुज़र रहे हैं. उनके नाम अबतक 0, 0, 0 और 15 रन का स्कोर दर्ज है. बाएं हाथ का यह बल्लेबाज USA, पाकिस्तान और नीदरलैंड के खिलाफ ग्रुप मैचों में अपना खाता भी नहीं खोल पाया था.
टीम मैनेजमेंट के सपोर्ट के बावजूद, अभिषेक साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर 8 मैच में एक और मौके का फायदा नहीं उठा सके. मुश्किल टारगेट का पीछा करते हुए, अभिषेक ने बाउंड्री लगाकर अच्छी शुरुआत की, जिससे थोड़ी देर के लिए मैच में वापसी की उम्मीद जगी थी. लेकिन विस्फोटक बल्लेबाज 15 रन पर आउट हो गए, और भारत आखिरकार 76 रन से बुरी तरह हार गया था. अब जब भारत को अपने दोनों मैच हर हाल में जीतने हैं, ऐसे में क्या अभिषेक भारतीय इलेवन में शामिल होंगे. इसको लेकर बहस तेज हो गई है. भारतीय टीम 26 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच खेलने वाली है.














