आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में सुपर-8 से बाहर हुई श्रीलंकाई क्रिकेट टीम ने बड़ा बदलाव करते हुए गैरी कर्स्टन को मुख्य कोच नियुक्त किया गया. उनका अनुबंध 15 अप्रैल से शुरू होगा. दक्षिण अफ्रीका के पूर्व सलामी बल्लेबाज कर्स्टन ने खिलाड़ी के तौर पर शानदार करियर के बाद एक सफल कोच के रूप में अपनी पहचान बनाई. गैरी कर्स्टन के कोच रहते ही भारतीय टीम लंबे अंतराल के बाद 2011 में दूसरी बार वनडे वर्ल्ड कप जीतने में सफल रही थी.
गैरी कर्स्टन 14 अप्रैल, 2028 तक इस पद पर बने रहेंगे और मुख्य रूप से दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में आयोजित होने वाले 2027 वनडे विश्व कप के लिए श्रीलंका की तैयारियों की देखरेख करेंगे. श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने एक मीडिया विज्ञप्ति में इस नियुक्ति की पुष्टि करते हुए कहा कि यह कदम राष्ट्रीय हाई परफॉर्मेंस केंद्र की संरचना को नया रूप देने और प्रमुख वैश्विक आयोजनों से पहले राष्ट्रीय टीम को मजबूत करने के व्यापक प्रयासों का हिस्सा है.
कर्स्टन अपने साथ अंतरराष्ट्रीय कोचिंग का व्यापक अनुभव लेकर आए हैं, क्योंकि उन्होंने 2008 से 2011 तक अपने कार्यकाल के दौरान भारत को 2011 विश्व कप का खिताब दिलाया था. भारत के साथ अपने सफल कार्यकाल के बाद 58 वर्षीय कर्स्टन ने 2011 से 2013 के बीच दक्षिण अफ्रीका के मुख्य कोच के रूप में भी कार्य किया. इस दौरान प्रोटियाज तीनों प्रारूपों में नंबर एक रैंकिंग वाली टीम बन गई.
कर्स्टन हाल ही में क्रिकेट नामीबिया से जुड़े थे और उन्होंने हाल ही में संपन्न हुए टी20 विश्व कप के दौरान सलाहकार के रूप में अपनी सेवाएं दी थीं. एसएलसी ने एक विज्ञप्ति में कहा,"कर्स्टन की मुख्य जिम्मेदारियों में आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2027 के लिए श्रीलंका राष्ट्रीय पुरुष टीम की तैयारी और अभियान में मार्गदर्शन करना शामिल होगा."
कर्स्टन 1993 से 2004 तक अपने खेल करियर के दौरान दक्षिण अफ्रीका के सबसे सफल बल्लेबाजों में से एक थे. उन्होंने टेस्ट और वनडे अंतरराष्ट्रीय मैचों में कुल 14,087 रन बनाए हैं. उनके नाम टेस्ट में 21 शतक और वनडे में 13 शतक हैं.
यह भी पढ़ें: शाहिद अफरीदी ने जड़ा था मोहम्मद आमिर को थप्पड़...2010 फिक्सिंग मामले पर पूर्व पाकिस्तानी स्टार का बड़ा खुलासा
यह भी पढ़ें: Exclusive: 'हर दिन हमारे लिए दिन नॉकआउट बन गया', जाने क्यों ऐसा बोले वाशिंगटन सुंदर














