Thomas Rave Statement on Vaibhav Suryavanshi Batting in U19 WC Final: भारतीय अंडर-19 टीम ने एक बार फिर क्रिकेट जगत में अपनी बादशाहत साबित कर दी है. शुक्रवार को खेले गए खिताबी मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 100 रनों से करारी शिकस्त देकर विश्व कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया. इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही भारत अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में 400 रन का आंकड़ा छूने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है.
वैभव सूर्यवंशी का तूफानी शतक
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम के लिए 14 वर्षीय सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी काल बनकर टूटे. वैभव ने मात्र 80 गेंदों में 175 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 15 चौके और 15 गगनचुंबी छक्के शामिल थे. उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने 50 ओवरों में 9 विकेट खोकर 411 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. कप्तान आयुष म्हात्रे ने भी 53 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया.
इंग्लैंड के कप्तान ने कहा, "हमें हैरान कर दिया"
मैच के बाद इंग्लैंड के कप्तान थॉमस रेव ने वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की और अपनी बेबसी जाहिर की. उन्होंने कहा, "ईमानदारी से कहूं तो हम थोड़े हैरान रह गए थे. जब सूर्यवंशी जैसा खिलाड़ी इस तरह की फॉर्म में आ जाता है, तो मुकाबला बहुत मुश्किल हो जाता है. अच्छी पिच पर जब वह चल पड़े, तो हमें समझ नहीं आ रहा था कि उन्हें कहां गेंदबाजी करें." रेव ने आगे कहा कि उनकी योजना स्टंप्स पर गेंद डालने और वेरिएशन इस्तेमाल करने की थी, जो पहले भारत के खिलाफ कारगर रही थी, लेकिन फाइनल में वैभव के सामने कोई भी रणनीति काम नहीं आई.
311 रनों पर सिमट गई इंग्लैंड
412 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने भी हार नहीं मानी. कैलेब फाल्कनर ने मात्र 67 गेंदों में 115 रनों की धुआंधार पारी खेली, जबकि बेन डॉकिंस ने 66 रन बनाए. हालांकि, भारतीय गेंदबाजों के संयम के आगे इंग्लैंड की टीम 40.2 ओवरों में 311 रनों पर सिमट गई.














