DC vs PBKS LIVE Score, IPL 2026: अरुण जेटली स्टेडियम में हो रहे आईपीएल 2026 के 35वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स से मिले 265 के लक्ष्य का पीछा कर ही पंजाब किंग्स को प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने तूफानी शुरुआत दिलाई है. ((LIVE SCORECARD)
दिल्ली कैपिटल्स ने शनिवार को अरुण जेटली स्टेडियम में जारी इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 35वें मैच में पंजाब किंग्स के सामने जीत के लिए 265 रन का विशाल टारगेट रखा है. दिल्ली को विशाल स्कोर तक पहुंचाने में केएल राहुल और नितीश राणा की जोड़ी का हाथ रहा, जिन्होंने दूसरे विकेट के लिए 220 रन की साझेदारी की. 41.9 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच इस सीजन लगातार 7वां टॉस जीतकर दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया. दिल्ली को 2.4 ओवर में पथुम निसांका के रूप में पहला झटका लगा. निसांका 7 गेंदों में 2 चौकों के साथ महज 11 रन बनाकर पवेलियन लौटे. उस समय तक टीम के खाते में महज 28 रन ही जुड़ सके थे.
यहां से केएल राहुल ने नितीश राणा के साथ दूसरे विकेट के लिए 95 गेंदों में 220 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया. नितीश 44 गेंदों में 4 छक्कों और 11 चौकों के साथ 91 रन बनाकर पवेलियन लौटे. इसके बाद डेविड मिलर ने केएल राहुल के साथ मोर्चा संभाला. दोनों खिलाड़ियों ने 9 गेंदों में 16 रन की अटूट साझेदारी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को उसके आईपीएल इतिहास के सबसे बड़े स्कोर तक पहुंचाया.
केएल राहुल 67 गेंदों में 9 छक्कों और 16 चौकों के साथ 152 रन बनाकर नाबाद रहे. इसी के साथ केएल आईपीएल इतिहास में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय बने। डेविड मिलर ने 3 गेंदों में नाबाद 3 रन अपने खाते में जोड़े। डीसी ने 20 ओवरों के खेल में 2 विकेट खोकर 264 रन बनाए. पंजाब किंग्स की तरफ से जैवियर बार्टलेट और अर्शदीप सिंह को 1-1 सफलता हाथ लगी.
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
दिल्ली कैपिटल्स: केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, समीर रिज़वी, अक्षर पटेल (कप्तान), नितीश राणा, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, टी नटराजन, मुकेश कुमार
पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार विशाक, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल














