भारत-पाकिस्तान के मैच का एलान होते ही श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में भी गर्माहट बढ़ने लगी है. यहां के टैक्सी ड्राइवर से लेकर होटल के कर्मचारी, श्रीलंका के बिग बाजार, टुकटकु ड्राइवर, भारतीय सब्जी के ठेले से थोड़े अलग ट्राइसाइकिल पर फल बेचते दुकानदार, सभी भारतीय टीम का बेताबी से इंतजार कर रहे हैं. अभिषेक शर्मा के अस्पताल में भर्ती की खबर भी यहां जंगल के आग की तरह फैल गई.
गॉल फेस रोड पर समंदर के सामने नेपाल के क्रिकेट सैलानी
गॉल फेस रोड पर विशाल समुद्र के सामने छह-सात नेपाली फ़ैन्स ने NDTV की रेड माइक देखते ही हमें घेर लिया. वही सवाल, 'अभिषेक शर्मा को क्या हुआ है? आएंगे? खेलेंगे? और फिर, 'आपकी टीम बहुत अच्छी है. हमारी (नेपाल) टीम भी बहुत अच्छी है.' नेपाल से कोलंबो भारत-पाक क्रिकेट मैच देखने आईं अनुष्का कहती हैं, “मुझे अभिषेक शर्मा और नेपाल के रोहित पौडेल बहुत अच्छे लगते हैं. भारत को नेपाल आकर क्रिकेट खेलना चाहिए.'
प्रेमदासा स्टेडियम के बाहर अफरातफरी
NDTV की टीम की रिका रॉय और विमल मोहन जब टेम्पल रोड में घुसे तब प्रेमदासा स्टेडियम में आयरलैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच क्रिकेट मैच जारी था. वैसे तो स्टेडियम आधा भी नहीं भरा था और अच्छे क्रिकेट पर तालियां भी छिटपुट ही बज रही थीं. कुछ फैन्स बॉक्स ऑफिस पर टिकट की तलाश में भी दिखे. लेकिन सबकी नजरें आने वाले भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर कौतूहल से भरी दिख रही थीं.
झंडों की कतारों से सजा कोलंबो शहर
कोलंबो के उपनगरीय बोरेला इलाके से स्टेडियम की ओर ड्राइव करते हुए वर्ल्ड कप के सैकड़ों झंडे राजधानी के चारों तरफ जैसे क्रिकेट सैलानियों के इंतज़ार कर रहे हैं. हवाओं से संघर्ष करते हुए ये झंडे तालियां बजाकर उनके स्वागत की तैयारी में मुस्तैद दिख रहे हैं.
कोलंबो शहर भारत के कई शहरों का अद्भुत संगम नज़र आता है. कभी गोवा तो कहीं बंगाल के गड़ियाहाट से लेकर चेन्नई के माउंट रोड और दिल्ली के करोलबाग के दुकानों की झलक भारतीय क्रिकेट फ़ैन्स के लिए बड़ा मंच तैयार करती दिख रही है. चाय की दुकानों पर प्लेइंग इलेवन को लेकर यहां भी बहसबाजी हो रही है, लेकिन विनम्रता के साथ. लोग मौसम को लेकर भी पूर्वानुमान लगा रहे हैं. सुरक्षाकर्मियों की संख्या धोरी-धीरे बढ़ती नज़र आ रही है.
उबर ड्राइवर है या क्रिकेट गाइड!
हमारे उबर ड्राइवर, अनुरा ज्ञानेई एकदम क्रिकेट और लोकल गाइड की भूमिका निभाते हैं. शहर के खुबसूरत लाइट से सजे ‘लोटस टावर' को दिखाकर फिल्म ‘नसीब' के मूविंग होटल की याद दिलाते हैं. कोलंबो का खूबसूरत सुप्रीम कोर्ट दिखाते हैं. और फिर अचानक 1996 वर्ल्ड कप के धमाकेदार बल्लेबाज़ सनथ जयसूर्या और कालु विथर्ना की बात छेड़ देते हैं. 1996 के वर्ल्ड कप की यादें बड़े चाव से ताज़ा करते हैं. बार-बार सचिन तेंदुलकर का ज़िक्र करने लगते हैं.
फिर भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर सुर पकड़ लेते हैं, 'पाकिस्तान के प्रशंसक चार दिन से यहां हैं. भारतीयों के आने का इंटजार कर रहे हैं। वे कुछ बैचों में आ रहे हैं. मैं जानता हूं कि भारत एक मजबूत टीम है.'
भारत-पाकिस्तान मैच के टिकट के इंतज़ार में फैन्स
प्रेमदासा स्टेडियम की 7 नंबर गेट के आगे मैनचेस्टर से आए पीटर रिज बताते हैं. 'हम भारत बनाम पाकिस्तान के लिए टिकट नहीं पा सके. हम कोलंबो में अन्य मैच देखने के लिए यहां हैं.' उन्होंने ये भी कहा, 'हम रिंग साइड पर होंगे, उम्मीद है कि मैच के दौरान कुछ टिकट मिल जाएंगे.'
टिकटों की कालाबाजारी
भारत-पाकिस्तान के मैच के होने की ख़बर के साथ ही टिकटों की कालाबाजारी को लेकर भी फुसफुसाहट होने लगी है. आयरलैंड से क्रिकेट मैच देखने आए दल लिए यहां एक त्योहार जैसा माहौल बन गया है.
कुल मिलाकर 15 फ़रवरी से पहले क्रिकेट बुखार चढ़ता जा रहा है. प्रेमदासा स्टेडिम की ओर खड़े कई बौद्ध मंदिरों से शाम को ‘बुद्धं शरणं गच्छामि' का मंत्र छनते हुए बाहर तक आकर कानों में मिसरी घोलता है तो क्रिकेट की बातें इन सबका ज़ायका बढ़ा देती हैं.
यह भी पढ़ें- ENG vs WI: वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को 30 रनों से हराया, ये खिलाड़ी रहे मैच के हीरो














