हेडिंग्ले में इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच से पहले पाकिस्तान के राष्ट्रगान का एक अलग अंदाज देखने को मिला. इंग्लिश सिंगर लॉरा राइट ने इसे उर्दू में गाया. हालांकि, इसे लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग राय देखने को मिली, लेकिन राइट ने बताया कि उन्होंने पाकिस्तान के राष्ट्रगान के उच्चारण में महारत हासिल करने के लिए बहुत मेहनत की थी.
एक इंटरव्यू में, राइट ने बताया कि वह छह महीने से पाकिस्तान की राष्ट्रीय भाषा- उर्दू- सीख रही थीं. राइट ने 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ भारत की टेस्ट सीरीज के दौरान भारतीय राष्ट्रगान 'जन गण मन' भी बंगाली में गाया था. दुनिया भर के कई इवेंट्स में राष्ट्रगान गाकर मशहूर हुईं राइट ने उर्दू और बंगाली सीखने के लिए की गई अपनी मेहनत के बारे में बताया.
भारत-पाकिस्तान के राष्ट्रगान गाना वाकई एक चुनौती
'द एथलेटिक' के साथ एक इंटरव्यू में राइट ने कहा, 'किसी भी देश का राष्ट्रगान गाने के लिए कहा जाना बहुत सम्मान की बात है, और मैं इसे कभी भी हल्के में नहीं लेती. भारत और पाकिस्तान के राष्ट्रगान गाना वाकई एक चुनौती है, और जब मुझसे इसके लिए कहा जाता है, तो हां कहने से पहले मैं सच में सोचती हूं क्योंकि मुझे यकीन होना चाहिए कि मैं इसे सही ढंग से गा सकती हूं.'
छह महीने उर्दू पर काम किया
पाकिस्तान का राष्ट्रगान गाने के मौके पर मेजो-सोप्रानो सिंगर ने कहा, 'मुझे यह पता होना चाहिए कि इसे सीखने के लिए मेरे पास काफी समय है और मैं पिछले छह महीनों से उर्दू पर काम कर रही हूं. यह ऐसा नहीं है कि कोई कहे: 'क्या आप आकर जेरूसलम गा सकती हैं?' यह उससे कहीं बड़ी बात है, लेकिन यह मेरे लिए बहुत बड़े सम्मान की बात होगी और मुझे बस उम्मीद है कि मैं इसे पूरी शिद्दत से गा पाऊंगी.'
भारतीय राष्ट्रगान गाने से पहले नर्वस थीं राइट
राइट ने यह भी बताया कि भारतीय राष्ट्रगान गाने से पहले वह नर्वस थीं. उन्होंने बताया कि, 'पहली बार भारतीय राष्ट्रगान गाते समय मैं शायद सबसे ज़्यादा नर्वस थी. जब आप क्लासिकल म्यूजिक सीखते हैं, तो आपको इटैलियन और जर्मन भाषाओं की बुनियादी समझ दी जाती है, लेकिन जब आप राष्ट्रगान गाते हैं, तो आपका सामना कई अलग-अलग भाषाओं से होता है.'
उन्होंने आगे कहा, 'मैंने भारतीय राष्ट्रगान को सुनने और इसे बोलने वाले दो-तीन लोगों के साथ काफ़ी समय बिताया ताकि मैं उच्चारण और शब्दों के उतार-चढ़ाव को सुन सकूं और शब्दों का मतलब समझ सकूं. यह मेरे करियर का वह हिस्सा है जिसे लोग देख नहीं पाते.'
ये भी पढ़ें- VIDEO: आर्यवीर के शॉट में दिखी पिता सहवाग की झलक, वीडियो देख फैंस भी हुए हैरान