- जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम ने रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में बंगाल को हराकर पहली बार फाइनल में जगह बनाई है.
- तेज गेंदबाज आकिब नबी ने क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल में अपनी बेहतरीन गेंदबाजी से टीम को जीत दिलाई है.
- आकिब नबी ने दोनों मैचों में प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार हासिल किया और कुल नौ विकेट लिए हैं.
Auqib Nabi Dar Led Jammu & Kashmir to Historic Ranji Trophy 2026 Final: जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम ने बुधवार को इतिहास रचा दिया है. जम्मू-कश्मीर की टीम ने पश्चिम बंगाल के कल्याणी स्थित बंगाल क्रिकेट अकादमी ग्राउंड में खेले गए सेमीफाइनल में बंगाल जैसी मजबूत टीम को 6 विकेट से हराकर पहली बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की है. जम्मू-कश्मीर के रणजी ट्रॉफी के फाइनल तक के सफर में वैसे तो टीम में शामिल सभी खिलाड़ियों की अहम भूमिका रही है, लेकिन दाएं हाथ के तेज गेंदबाज आकिब नबी टीम के लिए नायक बनकर उभरे हैं.
जम्मू के नायक आकिब नबी
आकिब नबी ने अपनी बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल में जम्मू-कश्मीर को जीत दिलायी और पहली बार फाइनल का टिकट दिलाया. वह दोनों ही मैचों में प्लेयर ऑफ द मैच रहे हैं. जम्मू-कश्मीर का क्वार्टर फाइनल मुकाबला मध्यप्रदेश के खिलाफ खेला गया था. इस मैच को जम्मू-कश्मीर ने 56 रन से जीतकर फाइनल में जगह बनाई थी. आकिब नबी ने टीम के लिए पहली पारी में 40 रन देकर 7, तो दूसरी पारी में 70 रन देकर 5 विकेट लिए थे.
सेमीफाइनल में जम्मू-कश्मीर का मुकाबला मजबूत बंगाल क्रिकेट टीम के साथ था. बंगाल की टीम के सामने जम्मू-कश्मीर मजबूती से उभरी और 6 विकेट से जीत हासिल कर पहली बार फाइनल में जगह बनाई. आकिब ने गेंद के साथ-साथ बल्ले से भी अमूल्य योगदान दिया. पहली पारी में 5 और दूसरी पारी में 4 सहित कुल 9 विकेट लेने वाले अकिब ने पहली पारी में बल्लेबाजी के दौरान 42 रन की पारी खेली थी. उनके इसी प्रदर्शन के दम पर जम्मू-कश्मीर ने बंगाल को हराकर फाइनल में जगह बनाई.
फाइनल में भी आकिब नबी के प्रदर्शन पर न सिर्फ जम्मू-कश्मीर क्रिकेट फैंस बल्कि भारतीय टीम के चयनकर्ताओं की भी नजर रहेगी. 29 साल के आकिब नबी 2020 में जम्मू-कश्मीर के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट में डेब्यू किया था. आकिब को आईपीएल 2026 के लिए दिल्ली कैपिटल्स ने 8.40 करोड़ में साइन किया है.
डेल स्टेन के फैन
जम्मू-कश्मीर का यह तेज गेंदबाज शुरू से ही डेल स्टेन का फैन रहा है और उनकी गेंदबाजी शैली की नकल करना उसके लिए एक और शौक था. नबी ने इंटरव्यू के दौरान कहा था,"बचपन में वो मेरे आदर्श थे. मुझे उनका एक्शन और विकेट लेने के बाद जश्न मनाने का तरीका बहुत पसंद था. मैं डेल स्टेन की गेंदबाजी बहुत देखता था. उनकी गेंदबाजी में सब कुछ कविता जैसा था."
दाएं हाथ के इस गेंदबाज को 40 प्रथम श्रेणी मैच, 36 लिस्ट ए और 34 टी20 मैच खेलने का लंबा अनुभव है. उन्होंने 2020 में झारखंड के खिलाफ प्रथम श्रेणी में डेब्यू किया था. 2018 में हरियाणा के खिलाफ अपना पहला लिस्ट ए मैच खेला, जबकि 2019 में झारखंड के खिलाफ टी20 में डेब्यू किया.
शुरूआत में नहीं थी क्रिकेट में दिलचस्पी
जम्मू-कश्मीर के इस गेंदबाज को शुरुआत में क्रिकेट में कोई खास दिलचस्पी नहीं थी और वह मजे के लिए टेनिस बॉल क्रिकेट खेला करते थे. कूच बिहार में रहने के दौरान ही उन्होंने इस खेल को गंभीरता से लेने का फैसला किया.
आकिब नबी ने कहा,"मैं शौक के तौर पर टेनिस बॉल क्रिकेट खेलता था. मेरा एक दोस्त जेकेसीए के ट्रायल के लिए गया था, लेकिन उसका चयन नहीं हुआ. मुझे क्रिकेट में कभी इतनी दिलचस्पी नहीं थी. उसने ज़िद की, और जब उसने मुझे कैंपों के बारे में बताया, तो मुझे भी दिलचस्पी हुई. मैंने भी ट्रायल दिया, लेकिन दो-तीन साल तक मेरा चयन नहीं हुआ."
उन्होंने कहा,"2016 में, अपने अंडर-19 के आखिरी साल में, आखिरकार मेरा चयन हो गया – वनडे के लिए नहीं, बल्कि चार दिवसीय मैचों के लिए. जब मैंने कूच बिहार ट्रॉफी खेली, तो मैंने ठान लिया कि मैं यही करना चाहता हूं. फिर मैंने अंडर-23 में दो-तीन साल खेला और 2020 में रणजी ट्रॉफी में पदार्पण किया."
आकिब ने टीम में रहते हुए इरफ़ान पठान से मिले मार्गदर्शन का श्रेय दिया. उन्होंने कहा,"जब मैंने रणजी ट्रॉफी में डेब्यू किया, तब इरफ़ान पठान हमारी टीम में थे. उन्होंने मुझे गेंदबाजी से संबंधित कई उपयोगी टिप्स दिए. सबसे पहले उन्होंने ही मुझे अपनी कलाई पर काम करने और कुछ भी न बदलने की सलाह दी थी."
यह भी पढ़ें: MS Dhoni के पसंदीदा मैदान पर होगा BBL का मुकाबला! रिपोर्ट में हुआ बड़ा दावा














