भारत और जापान के बीच खेला जाने वाले एकमात्र टी20 इंटरनेशनल मुकाबला संपन्न हो चुका है. मैच से पहले जैसा की उम्मीद जताई जा रही थी कि भारतीय टीम यह मुकाबला आसानी से अपने नाम कर लेगी. वैसा कुछ खास परिणाम सामने नहीं आया है. भारतीय टीम को क्रिकेट के नौसिखिए टीम के खिलाफ काफी जद्दोजहद के बाद जीत मिली है. मैच के दौरान भारतीय क्रिकेट प्रेमियों को विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा से एक आतिशी पारी की उम्मीद थी. मगर वह जिस तरह से आउट हुए. उसे देख हर कोई हैरान था.
चार्ली हारा हिंजे ने बनाया शिकार
मैच के दौरान चार्ली हारा हिंजे ने उन्हें अपना शिकार बनाया. पारी का पहला ओवर डालने आए हिंजे ने आखिरी गेंद लेग स्टंप पर डाली थी. जहां अभिषेक ने स्वीप शॉट के जरिए बड़ा शॉट लगाने का प्रयास किया. मगर उसमें वह नाकामयाब रहे. परिणाम यह रहा कि गेंद उनके बल्ले के ऊपरी हिस्से से टकराते हुए शॉर्ट फाइन लेग की दिशा में उछल गई. यहां शोमा सुगाया स्लेटर ने कोई गलती नहीं की. उन्होंने एक लंबी दौड़ लगाते हुए कैच लेकर सबको हैरान कर दिया. परिणामस्वरूप अभिषेक को पवेलियन का रास्ता देखना पड़ा.
महज एक गेंद खेल पाए अभिषेक
जापान के खिलाफ पारी का आगाज करते हुए अभिषेक शर्मा ने महज एक गेंद का सामना किया. इस बीच वह खाता भी नहीं खोल पाए. भारत की तरफ से बारिश से प्रभावित मुकाबले में चौथे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए कैप्टन श्रेयस अय्यर ने 12 गेंदों में 16 रनों की सर्वाधिक पारी खेली. उनके अलावा संजू सैमसन ने सात गेंद में नौ और ईशान किशन छह गेंद में तीन रन का योगदान देने में कामयाब रहे. तिलक वर्मा ने तीन गेंद में एक रन की नाबाद पारी खेली.
जापान को दो रन से मिली शिकस्त
भारत की तरफ से पांच ओवरों में जीत के लिए मिले 33 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जापान की पूरी टीम तीन विकेट के नुकसान पर 30 रन तक ही पहुंच पाई. पारी का आगाज करते हुए कैप्टन केंडेल काडोवाकी फ्लेमिंग ने 12 गेंद में 12 रन की सर्वाधिक पारी खेली. उनके अलावा बेंजामिन इटो डेविस ने आठ गेंदों में नाबाद नौ रनों की पारी खेली. मगर फिर भी टीम को जीत नसीब नहीं हुई और दो रन से करीबी शिकस्त का सामना करना पड़ा.
यह भी पढ़ें- 'यह बहुत ही खतरनाक संयोजन होने जा रहा', जापान मैच से पहले वॉशिंगटन की वैभव पर 'सुंदर' भविष्यवाणी