विज्ञापन

क्या मध्य प्रदेश को मिलेगी पहली महिला DGP? प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव समेत 3 IPS अफसर रेस में

मध्य प्रदेश को जल्द नया DGP मिलने वाला है. मौजूदा DGP कैलाश मकवाना 30 नवंबर 2026 को रिटायर हो रहे हैं. प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव, वरुण कपूर और उपेंद्र कुमार जैन प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं. प्रज्ञा की नियुक्ति होने पर राज्य को पहली महिला DGP मिल सकती है.

क्या मध्य प्रदेश को मिलेगी पहली महिला DGP? प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव समेत 3 IPS अफसर रेस में
IPS प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव मध्‍य प्रदेश डीजीपी की दौड़ में शाम‍िल.
Social Media
  • मध्य प्रदेश के मौजूदा DGP कैलाश मकवाना 30 नवंबर 2026 को सेवानिवृत्त होंगे और नए DGP का चयन प्रक्रिया में है
  • तीन वरिष्ठ IPS प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव, वरुण कपूर और उपेंद्र कुमार जैन DGP पद के दावेदार माने जा रहे हैं
  • प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव की नियुक्ति हुई तो वह मध्य प्रदेश की पहली महिला पुलिस महानिदेशक बनेंगी

मध्य प्रदेश को जल्द ही नया पुलिस महानिदेशक (DGP) मिलने वाला है. मौजूदा DGP कैलाश मकवाना 30 नवंबर 2026 को सेवानिवृत्त होने वाले हैं. उनकी जगह कौन मध्य प्रदेश का नया DGP होगा, इस पर मंथन जारी है. फिलहाल 1991 बैच के तीन वरिष्ठ IPS अधिकारियों प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव, वरुण कपूर और उपेंद्र कुमार जैन का नाम DGP की दौड़ में सबसे प्रमुख माना जा रहा है.

क्या पहली महिला DGP मिलेगा एमपी को?

प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव (DG, होम गार्ड) का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है. अगर उनकी नियुक्ति होती है तो वह मध्य प्रदेश पुलिस के इतिहास की पहली महिला DGP होंगी. वरुण कपूर (DG, जेल) का नाम भी वरिष्ठता क्रम में सबसे आगे माना जा रहा है. उपेंद्र कुमार जैन (DG, EOW - आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ) भी दावेदारों में शामिल हैं. आर्थिक अपराधों की जांच के मामलों में उनके लंबे अनुभव को उनकी बड़ी ताकत माना जा रहा है.

12 IPS अधिकारियों के नाम UPSC को भेजे

मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार ने नए पुलिस महानिदेशक के चयन के लिए 12 वरिष्ठ IPS अधिकारियों का एक पैनल संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) को भेज दिया है. नवंबर 2026 के पहले सप्ताह में दिल्ली में UPSC की उच्चस्तरीय बैठक होने की संभावना है. इसके बाद मध्य प्रदेश के नए DGP के लिए किसी एक नाम पर अंतिम मुहर लग सकती है.

1. IPS प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव : सबसे चर्चित चेहरा
बैच/कैडर:
1991, मध्य प्रदेश कैडर
वर्तमान पद: DG, होम गार्ड, सिविल सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन तथा SDERF, मध्य प्रदेश
शिक्षा: एमए
खास बात: अगर नियुक्ति होती है तो वह मध्य प्रदेश की पहली महिला DGP होंगी. मई 2025 में वह होम गार्ड की पहली महिला DG बनी थीं. इससे पहले PHQ में स्पेशल DG और महिला सुरक्षा विंग में जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं.
सेवानिवृत्ति: फरवरी 2028
पुरस्कार: राष्ट्रपति पुलिस पदक और सराहनीय सेवा पदक

2. IPS वरुण कपूर : वरिष्ठता में सबसे आगे
बैच/कैडर: 1991, मध्य प्रदेश कैडर
वर्तमान पद: DG, जेल
नियुक्ति: 31 जुलाई 2025 को DG जेल बने
खास पहचान: साइबर क्राइम जागरूकता अभियानों के लिए जाने जाते हैं. इन्होंने Black Ribbon Initiative और Project Cy-Cops जैसे अभियान शुरू किए. फिटनेस, वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी और लेखन में भी रुचि रखते हैं.
वरिष्ठता: तीनों प्रमुख दावेदारों में सबसे वरिष्ठ माने जा रहे हैं.
सेवानिवृत्ति: मई 2027
अतिरिक्त प्रभार: भोपाल संभाग के लॉ एंड ऑर्डर के नोडल अधिकारी भी हैं.

3. IPS उपेंद्र कुमार जैन : EOW विशेषज्ञ
बैच/कैडर: 1991, मध्य प्रदेश कैडर
वर्तमान पद: DG, आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW)
नियुक्ति: दिसंबर 2024 में इस पद पर नियुक्त हुए थे.
पूर्व जिम्मेदारी: MD, MP Police Housing and Infrastructure Development Corporation
ताकत: आर्थिक अपराधों की जांच का लंबा अनुभव
सेवानिवृत्ति: अगस्त 2027
अतिरिक्त प्रभार: उज्जैन संभाग

DGP की दौड़ में शामिल 12 नाम

मध्य प्रदेश के नए DGP के लिए जिन IPS अधिकारियों के नाम UPSC को भेजे गए हैं, उनमें वरुण कपूर, उपेंद्र जैन, प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव, पंकज श्रीवास्तव, आदर्श कटियार, जी. अखेटो सेमा, अनिल कुमार, रवि गुप्ता, आनंद कुमार सिंह, मनमीत सिंह नरंग, राजाबाबू सिंह और डी.पी. गुप्ता शामिल हैं.
 

यह भी पढ़ें-IPS आदित्य मिश्रा के तबादले से भावुक हुआ बालाघाट, लोगों ने कहा- ऐसे SP फिर नहीं मिलेंगे 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
IPS, Madhya Pradesh, Bhopal, DGP
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com