यह ख़बर 27 फ़रवरी, 2011 को प्रकाशित हुई थी

आयकर छूट की सीमा बढ़े : यशवंत सिन्हा

खास बातें

  • पूर्व वित्तमंत्री चाहते हैं कि सरकार महंगाई खासकर खाद्य वस्तुओं और ईंधन की ऊंची कीमतों से परेशान आम लोगों को कुछ राहत प्रदान करे।
New Delhi:

करोड़ों आयकरदाताओं की इच्छा है कि वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी सोमवार को पेश होने वाले आम बजट में आयकर छूट की सीमा बढ़ाने की घोषणा करें। अब उनकी इस चाह को पूर्व वित्तमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता यशवंत सिन्हा का भी समर्थन मिल गया। पूर्व वित्तमंत्री चाहते हैं कि सरकार महंगाई खासकर खाद्य वस्तुओं और ईंधन की ऊंची कीमतों से परेशान आम लोगों को कुछ राहत प्रदान करे। सिन्हा ने कहा, वित्तमंत्री को प्रस्तावित प्रत्यक्ष कर संहिता (डीटीसी) के कुछ प्रावधानों मसलन आयकर छूट की सीमा को इसी बजट में लागू करना चाहिए। देश में आयकर दाताओं की कुल संख्या चार करोड़ के आसपास है। अभी पुरुषों के लिए आयकर छूट की सीमा 1.60 लाख रुपये तथा महिलाओं के लिए 1.90 लाख रुपये है। वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयकर छूट की सीमा 2.40 लाख रुपये है। सिन्हा ने कहा कि प्रस्तावित प्रत्यक्ष कर संहिता के अनुरूप आयकर छूट की न्यूनतम सीमा दो लाख रुपये की जानी चाहिए। फिलहाल सिन्हा की अध्यक्षता वाली वित्त पर संसद की स्थायी समिति डीटीसी की समीक्षा कर रही है। सिन्हा ने मानक कटौती की सुविधा को फिर से बहाल किए जाने की भी वकालत की है। वेतनभोगियों को अपनी आमदनी में से एक निश्चित राशि कम कर शेष पर आयकर देना होता था। पर सरकार ने 2006 से मानक कटौती की सुविधा को वापस ले लिया था। पूर्व वित्तमंत्री ने कहा कि महंगाई को देखते हुए मानक कटौती के प्रावधान को फिर से बहाल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बचत पर कर प्रोत्साहन का दायरा भी बढ़ाया जाना चाहिए। फिलहाल कुल करयोग्य आय में से एक लाख रुपये की बचत की कटौती की जा सकती है। इसके अलावा इन्फ्रास्ट्रक्चर बांड्स में 20,000 रुपये तक के निवेश को भी घटाया जा सकता है। सिन्हा ने कहा, बचत पर आयकर छूट का दायरा बढ़ाया जाना चाहिए। वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा कि आवास ऋण पर किए गए ब्याज भुगतान को कर योग्य आमदनी में से घटाने की सीमा में भी इजाफा होना चाहिए। फिलहाल यह सीमा डेढ़ लाख रुपये तक है। सिन्हा ने कहा कि लोग वित्तमंत्री से कई ऐसे उपायों की उम्मीद कर रहे हैं, जिससे महंगाई के असर को कम किया जा सके।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com