यह ख़बर 09 जनवरी, 2011 को प्रकाशित हुई थी

ठंड ने बढ़ाई शराब की बिक्री, दिसंबर में रिकॉर्ड ऊंचाई पर

खास बातें

  • राजधानी में दिसंबर में शराब की बिक्री लगभग 190 करोड़ रुपये रही है। दिल्ली में किसी एक माह में शराब की यह रिकॉर्ड बिक्री है।
New Delhi:

राजधानी में दिसंबर में शराब की बिक्री लगभग 190 करोड़ रुपये रही है। दिल्ली में किसी एक माह में शराब की यह रिकॉर्ड बिक्री है। कड़ाके की ठंड की वजह से शराब की बिक्री में तेजी आई है। आंकड़ों के अनुसार, दिल्लीवासियों ने दिसंबर में 13 लाख केस शराब पी। इनमें रम, स्कॉच, जिन, व्हीस्की और बियर शामिल हैं। दिसंबर, 2009 में यह आंकड़ा 11 लाख केस रहा था। आबकारी विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, दिसंबर 2010 में शराब बिक्री का आंकड़ा 188 करोड़ रुपये का रहा है, जबकि दिसंबर, 2009 में यह 165 करोड़ रुपये रहा था। आबकारी विभाग के अनुसार, राजधानी में पिछले महीने शराब के 13,25,456 केस बिके, जबकि दिसंबर, 2009 में यह आंकड़ा 11,24,103 केस का रहा था। शराब वर्ग में सबसे ज्यादा बिक्री रम की रही। दिसंबर, 2010 में रम के 1,80,601 केस बिके, जबकि दिसंबर, 2009 में यह आंकड़ा 1,19,521 केस का रहा था। शराब बिक्री के आंकड़ों में वृद्धि का कारण बताते हुए अधिकारी ने कहा कि पिछले साल की तुलना में दिल्ली की आबादी में इजाफा हुआ है और इसके अलावा शराब की दुकानों और शराब पिलाने वाले रेस्तरांओं की संख्या भी बढ़ चुकी है। उन्होंने कहा कि आज ग्राहकों के पास कई ब्रांडों में से चयन का विकल्प है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com