खास बातें
- देश की शीर्ष दस कंपनियों में से आठ का बाजार पूंजीकरण :मार्केट कैप: 2010 के अंतिम सप्ताह में 26,000 करोड़ रुपये से भी अधिक बढ़ा।
मुंबई: देश की शीर्ष दस कंपनियों में से आठ का बाजार पूंजीकरण :मार्केट कैप: 2010 के अंतिम सप्ताह में 26,000 करोड़ रुपये से भी अधिक बढ़ा। बीता साल सरकारी कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड :सीआईएल: के लिए बहुत महत्वपूर्ण रहा जिसने बाजार पूंजीकरण के लिहाज से देश की दस सबसे मूल्यवान कंपनियों की सूची में जगह बनाई। दशक के अंतिम साल को विदाई देते हुए टीसीएस तथा इन्फोसिस टेक्नोलॉजीज सहित आठ शीर्ष कंपनियों ने अपने कुल बाजार पूंजीकरण में 26,636.60 करोड़ रुपये और जोड़े। आलोच्य सप्ताह में टीसीएस का बाजार पूंजीकरण 4,765.76 करोड़ रुपये बढ़कर 2,28,023.59 करोड़ रुपये हो गया। इसी तरह आईटी कंपनी इन्फोसिस का बाजार पूंजीकरण 4,418.97 करोड़ रुपये बढ़कर 1,97,784.34 करोड़ रुपये हो गया। बंबई शेयर बाजार में कोल इंडिया का बाजार पूंजीकरण शुक्रवार को कारोबार बंद होने तक 1,294.84 करोड़ रुपये बढ़कर 1,98,649.52 करोड़ रुपये रहा। दो बड़े बैंकों एसबीआई तथा आईसीआईसीआई बैंक का बाजार पूंजीकरण कुल मिलाकर 6,510.25 करोड़ रुपये बढ़ा। एसबीआई का बाजार पूंजीकरण आलोच्य सप्ताह में 1,78,498.86 करोड़ रुपये तथा आईसीआईसीआई बैंक का 1,31,469.92 करोड़ रुपये रहा।