नई दिल्ली:
सेंसेक्स की पांच शीर्ष कंपनियों का बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) पिछले सप्ताह 98,000 करोड़ रुपये से अधिक बढ़ गया। कोल इंडिया और भारतीय स्टेट बैंक सबसे ज्यादा लाभ में रहीं।
सप्ताह के दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज, ओएनजीसी, कोल इंडिया, एसबीआई और एचडीएफसी के बाजार पूंजीकरण में कुल मिलाकर 98,170.73 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ। वहीं दूसरी ओर टीसीएस, आईटीसी, एचडीएफसी बैंक, इंफोसिस और आईसीआईसीआई बैंक का मूल्यांकन 28,637.39 करोड़ रुपये घटा।
सप्ताह के दौरान कोल इंडिया का बाजार पूंजीकरण 32,781.93 करोड़ रुपये बढ़कर 2,51,107.07 करोड़ रुपये हो गया और वह सबसे ज्यादा लाभ वाली कंपनी रही। इस दौरान एसबीआई की बाजार हैसियत 25,454.41 करोड़ रुपये बढ़कर 2,05,699.55 करोड़ रुपये और ओएनजीसी का मूल्यांकन 19,292.63 करोड़ रुपये बढ़कर 3,48,636.22 करोड़ रुपये हो गया।
इसी तरह, रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 15,304.76 करोड़ रुपये बढ़कर 3,64,550.69 करोड़ रुपये और एचडीएफसी का मूल्यांकन 5,337 करोड़ रुपये बढ़कर 1,43,514 करोड़ रुपये हो गया।