खास बातें
- टेलीमार्केटिंग कंपनियों को मंगलवार से मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर अपना कारोबार चलाना होगा, क्योंकि दूरसंचार विभाग द्वारा अभी तक उनकी लैंडलाइन नंबर की नई सीरीज को अंतिम रूप दिया जाना बाकी है।
New Delhi: टेलीमार्केटिंग कंपनियों को मंगलवार से मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर अपना कारोबार चलाना होगा, क्योंकि दूरसंचार विभाग द्वारा अभी तक उनकी लैंडलाइन नंबर की नई सीरीज को अंतिम रूप दिया जाना बाकी है। वहीं दूसरी ओर, दूरसंचार नियामक ट्राई अनचाहे कॉल्स पर अंकुश लगाने के लिए नए नियमों को लागू करने पर अड़ा है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने संकेत दिया कि दूरसंचार विभाग टेलीमार्केटिंग कंपनियों के लैंडलाइन कनेक्शन के लिए एक समान सीरीज पेश करने की स्थिति में फिलहाल नहीं है और कंपनियों को 1 मार्च से मोबाइल फोन का उपयोग कर कारोबार करना होगा। उन्होंने इसके लिए ट्राई की ओर से अस्पष्ट संकेत को जिम्मेदार ठहराया। इसके अलावा, नए नंबरों की सीरीज लागू करने से पहले सुरक्षा संबंधी जटिलताएं, बिलिंग एवं तकनीकी मुद्दों को हल किए जाने की जरूरत है। उल्लेखनीय है कि ट्राई ने दूरसंचार ऑपरेटरों को 28 फरवरी तक टेलीमार्केटिंग फर्मों के सभी मौजूदा दूरसंचार संसाधनों को वापस लेने और नए नंबर वाली योजना के आधार पर उन्हें कनेक्शन देने को कहा है।