खास बातें
- टीसीएस के निदेशक मंडल ने टाटा समूह के चेयरमैन रतन टाटा को वित्त वर्ष 2011-12 के लिए 8 करोड़ रुपये कमीशन देने का निर्णय किया है जो वित्त वर्ष 2010-11 में दिए गए कमीशन से करीब छह करोड़ रुपये अधिक है।
नई दिल्ली: टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के निदेशक मंडल ने टाटा समूह के चेयरमैन रतन टाटा को वित्त वर्ष 2011-12 के लिए 8 करोड़ रुपये कमीशन देने का निर्णय किया है जो वित्त वर्ष 2010-11 में दिए गए कमीशन से करीब छह करोड़ रुपये अधिक है।
कंपनी ने वित्त वर्ष 2010-11 में रतन टाटा को 2.4 करोड़ रुपये कमीशन का भुगतान किया था। कंपनी ने अपनी वाषिर्क रपट में कहा कि हर साल कमीशन का निर्णय निदेशक मंडल द्वारा किया जाता है और इसे गैर कार्यकारी निदेशकों को बोर्ड की बैठक और कुछ समिति की बैठकों में उनकी हाजिरी और योगदान के आधार पर वितरित किया जाता है।
देश की सबसे बड़ी साफ्टवेयर निर्यातक कंपनी टीसीएस ने वर्ष 2011-12 में शुद्ध मुनाफे में 21.9 प्रतिशत की वृद्धि हासिल की है। उसका मुनाफा बढ़कर 10,638.2 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी साफ्टवेयर उद्योग की राजस्व वृद्धि के अनुमान से भी आगे बढ़कर कारोबार कर रही है।
टीसीएस वर्ष 2011-12 में 10.17 अरब डालर का कारोबार कर दस अरब डालर के आंकड़े को पार करने वाली पहली भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी बन गई।