यह ख़बर 24 मई, 2014 को प्रकाशित हुई थी

शेयर बाजार : मिडकैप में 12 फीसदी, स्मॉलकैप में 16 फीसदी तेजी रही

मुंबई:

देश के शेयर बाजारों में पिछले सप्ताह प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में दो फीसदी से अधिक तेजी रही। इस दौरान बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांक में क्रमश: करीब 12 फीसदी और 16 फीसदी तेजी रही।

बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स पिछले सप्ताह 2.37 फीसदी या 571.61 अंकों की तेजी के साथ शुक्रवार को 24,693.35 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 2.28 फीसदी या 164.10 अंकों की तेजी के साथ 7367.10 पर बंद हुआ।

शुक्रवार को सेंसेक्स और निफ्टी अपने जीवनकाल के ऐतिहासिक ऊपरी स्तर पर बंद हुए। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से पिछले सप्ताह 18 में तेजी रही। गिरावट वाले शेयरों में सन फार्मा (4.65 फीसदी), आईटीसी (4.31 फीसदी), डॉ. रेड्डीज लैब (4.22 फीसदी), टाटा मोटर्स (4.09 फीसदी) और इंफोसिस (3.50 फीसदी) प्रमुख रहे।

गत सप्ताह मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में 10 फीसदी से अधिक तेजी रही। मिडकैप 11.62 फीसदी या 902.60 अंकों की तेजी के साथ 8,668.32 पर बंद हुआ। स्मॉलकैप 15.75 फीसदी या 1242.28 अंकों की तेजी के साथ 9,128.04 पर बंद हुआ।

गत सप्ताह के प्रमुख घटनाक्रमों में लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी और उसे स्पष्ट बहुमत मिला है, जिसके दम पर वह अकेले ही सरकार बना सकती है। नरेंद्र मोदी को सोमवार को प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। मोदी को उद्योग अनुकूल नीतियों वाला नेता माना जाता है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com