खास बातें
- कमजोर वैश्विक रुख के बीच निवेशकों द्वारा उच्च स्तर पर मुनाफा वसूली किए जाने से बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 371 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ।
मुंबई: शेयर बाजार में छह दिन से जारी तेजी आज थम गई। कमजोर वैश्विक रुख के बीच निवेशकों द्वारा उच्च स्तर पर मुनाफा वसूली किए जाने से बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 371 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ।
पिछले छह कारोबारी सत्रों में 782 अंक की बढ़त हासिल कर चुका सेंसेक्स आज 370.68 अंक टूटकर 16,863.30 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 117.40 अंक की गिरावट के साथ 5,087.30 अंक पर बंद हुआ। ब्रोकरों ने कहा कि एशियाई बाजारों में नरमी के रुख और यूरोपीय बाजारों के गिरावट के साथ खुलने से स्थानीय बाजार की धारणा कमजोर हुई।
दिग्गज कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 2.71 प्रतिशत टूटकर 795.45 रुपये पर बंद हुआ, जबकि इनफोसिस में 0.54 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और इसका शेयर 2,705.90 रुपये पर बंद हुआ।