यह ख़बर 11 जून, 2012 को प्रकाशित हुई थी

एसएंडपी की चेतावनी से सेंसेक्स 51 अंक टूटा

खास बातें

  • स्टैंडर्ड एंड पूअर्स (एसएंडपी) की चेतावनी से बंबई शेयर बाजार ने शुरुआती बढ़त गंवा दी और इसका संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 51 अंक के नुकसान पर बंद हुआ।
मुंबई:

स्टैंडर्ड एंड पूअर्स (एसएंडपी) की चेतावनी से बंबई शेयर बाजार ने शुरुआती बढ़त गंवा दी और इसका संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 51 अंक के नुकसान पर बंद हुआ।

एसएंडपी ने आगाह किया है कि ब्रिक देशों में भारत संभवत: निवेश ग्रेड रेटिंग गंवाने वाला पहला राष्ट्र बन जाएगा। इससे शुरुआत में 175 अंक चढ़ने वाला सेंसेक्स अंत में नुकसान के साथ बंद हुआ।

पिछले पांच सत्रों में 754 अंक की बढ़त दर्ज करने वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 174.94 अंक की बढ़त के साथ 16,893.81 अंक पर पहुंच गया।

इस बीच, एसएंडपी की एक रिपोर्ट में सकल घरेलू उत्पाद की वृद्धि दर में गिरावट और आर्थिक नीतियों के निर्माण में राजनीतिक अड़चनों को देश की अर्थव्यवस्था के लिए चिंताजनक बताया। इससे बाजार की धारणा प्रभावित हुई और अंत में सेंसेक्स 50.86 अंक की गिरावट के साथ 16,668.01 अंक पर बंद हुआ।

इसी के अनुरूप नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 14.25 अंक या 0.28 प्रतिशत की गिरावट के साथ 5,054.10 अंक पर आ गया। एक समय इसने दिन का उच्चस्तर 5,124.45 अंक भी छुआ।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, एलएंडटी और मारुति जैसी बड़ी कंपनियों के शेयर नुकसान के साथ बंद हुए। ब्रोकरों ने कहा कि वैश्विक शेयर बाजारों में बेहतर रुख तथा वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी के इस आश्वासन कि अगले वित्त वर्ष में जीडीपी की वृद्धि दर में सुधार होगा, ने बाजार को बड़ी गिरावट से बचा लिया।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

इसी सप्ताह, आने वाले अप्रैल माह के औद्योगिक उत्पादन के आंकड़ों तथा मई के महंगाई के आंकड़ों की वजह से भी बाजार में सतर्कता का रुख रहा। भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति की समीक्षा 18 जून को आनी है, इसका भी कहीं न कहीं बाजार पर असर दिखाई दिया।