यह ख़बर 23 जनवरी, 2011 को प्रकाशित हुई थी

क्रेडिट पॉलिसी से तय होगी बाजार की दिशा

खास बातें

  • पिछले सप्ताह मामूली सुधार के बाद 25 जनवरी को बहुप्रतीक्षित रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समीक्षा बैठक से इस सप्ताह बाजार की दिशा निर्धारित होगी।
New Delhi:

शेयर बाजार के विशेषज्ञों का मानना है कि पिछले सप्ताह मामूली सुधार के बाद 25 जनवरी को बहुप्रतीक्षित रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समीक्षा बैठक से इस सप्ताह बाजार की दिशा निर्धारित होगी। बंबई शेयर बाजार में 21 जनवरी को समाप्त सप्ताह में उतार-चढ़ाव का रुख दिखाई पड़ा और सप्ताहांत में यह 0.77 प्रतिशत अथवा 147.09 अंकों की तेजी के साथ 19,007.53 अंक पर बंद हुआ। बाजार पर्यवेक्षकों का मानना है कि आगामी सप्ताह भी बाजार में उतार-चढ़ाव का रुख देखने को मिल सकता है। आईआईएफएल के शोध प्रमुख अमर अंबानी ने कहा, लगातार दो सप्ताह भारी गिरावट के बाद तेजड़िये फिर कुछ खोई जमीन वापस हासिल करने में सफल रहे। लेकिन मंदड़िये भी आसानी से अपना संघर्ष त्यागने के मूड में नजर नहीं आ रहे। इस द्वंद्व के कारण बाजार में उतार-चढ़ाव का रुख देखने को मिला। अंबानी ने कहा, आगामी सप्ताह बाजार की निगाह दो मुख्य घटनाओं पर होगी। पहला, वायदा और विकल्प खंड की समयावधि की समाप्ति तथा दूसरा रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति के संबंध में होने वाली समीक्षा बैठक। तिमाही कार्यपरिणाम और वैश्विक संकेतों के अलावा उक्त दोनों ही पहलू बाजार की आगे की दिशा को निर्धारित करेंगे। मुद्रास्फीति के नवंबर के 7.48 प्रतिशत के मुकाबले दिसंबर में बढ़कर 8.43 प्रतिशत होने की वजह से बाजार को लगता है कि 25 जनवरी को होने वाली मौद्रिक नीति समीक्षा में रिजर्व बैंक नीतिगत दरों में 25 आधार अंक अथवा चौथाई प्रतिशत की वृद्धि कर सकता है। एक विश्लेषक ने कहा कि इस माह के उत्तरार्ध में ब्याज दर में और वृद्धि की जा सकती है। बाजार पर्यवेक्षकों का मानना है कि बाजार आगे की दिशा के संदर्भ में संकेत देश के सबसे महत्वपूर्ण कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के तिमाही कार्यपरिणाम से भी ले सकती है, जिसे शुक्रवार को शेयर बाजार के कारोबार की समाप्ति के बाद घोषित किया गया। प्रमुख निगमित कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज का तीसरी तिमाही में शुद्ध मुनाफा 28.14 प्रतिशत बढ़कर 5,136 करोड़ रुपये रहा। इसके बारे में विशेषज्ञों की राय है कि यह बाजार की उम्मीदों से कम है। बोनांजा पोर्टफोलियो के उपाध्यक्ष अविनाश गुप्ता ने कहा कि बाजार में सुस्ती के रुख की संभावना है, क्योंकि रिलायंस के कार्यपरिणाम पर बाजार की प्रतिक्रिया सोमवार के कारोबार में देखने को मिलेगी। इसके अलावा बाजार अपना रुख मंगलवार को होने वाली रिजर्व बैंक की समीक्षा बैठक से भी तय करेगा। इसी तरह का दृष्टिकोण जियोजित पारिबास फाइनेंशल सर्विसेज के शोध प्रमुख एलेक्स मैथ्यू ने भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनवरी में अभी तक कारोबार का कमजोर रुख देखने को मिला है, जहां विदेशी संस्थागत निवेशकों की लिवाली नदारद थी।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com