यह ख़बर 20 जनवरी, 2011 को प्रकाशित हुई थी

खाद्य मुद्रास्फीति में नरमी से सेंसेक्स 68 अंक चढ़ा

खास बातें

  • रिजर्व बैंक द्वारा ब्याज दरें बढ़ाने की संभावना घटने के बीच बैंकिंग एवं वित्तीय कंपनियों के शेयरों में लिवाली से सेंसेक्स 68 अंक चढ़कर बंद हुआ।
Mumbai:

खाद्य वस्तुओं की मुद्रास्फीति में नरमी आने से रिजर्व बैंक द्वारा अल्पकालिक ब्याज दरें बढ़ाने की संभावना घटने के बीच बैंकिंग एवं वित्तीय कंपनियों के शेयरों में लिवाली से बंबई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 68 अंक चढ़कर बंद हुआ। पिछले सत्र में 114 अंक गंवाने वाला सेंसेक्स गुरुवार को 68.22 अंक मजबूत होकर 19,046.54 अंक पर बंद हुआ। 8 जनवरी को समाप्त हुए सप्ताह में खाद्य वस्तुओं की मुद्रास्फीति घटकर 15.52 प्रतिशत पर आ गई, जो इससे पूर्व सप्ताह में 16.91 प्रतिशत पर थी। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 20.55 अंक सुधर कर 5,711.60 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 5,729.45 और 5,634.50 अंक के दायरे में घूमता रहा। सेंसेक्स में शामिल शेयरों में आईसीआईसीआई बैंक 2.67 प्रतिशत, जिंदल स्टील 2.33 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक 1.94 प्रतिशत, रिलायंस कॉम 1.72 प्रतिशत, टीसीएस 1.53 प्रतिशत, एचडीएफसी 1.50 प्रतिशत, महिन्द्रा एंड महिन्द्रा 1.24 प्रतिशत, इंफोसिस टेक 1.14 प्रतिशत, टाटा पावर 1.12 प्रतिशत और एसबीआई 1.04 प्रतिशत बढ़त के साथ बंद हुआ। हालांकि, आईटीसी 2.16 प्रतिशत, ओएनजीसी 2.02 प्रतिशत, बजाज ऑटो 1.75 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज 1.20 प्रतिशत और भारती एयरटेल 1.09 प्रतिशत गिरावट के साथ बंद हुए।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com