खास बातें
- आईटी कंपनियों की आय में सुधार की अटकलों के बीच इन शेयरों में लिवाली दर्ज की गई। निफ्टी 0.20 अंक बढ़कर 5654.75 अंक पर बंद हुआ।
Mumbai: भारी उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बीच शेयर बाजारों में जारी गिरावट का सिलसिला सोमवार को थम गया। चुनिंदा शेयरों में लिवाली के बल पर बंबई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 22 अंक चढ़कर बंद हुआ। पिछले दो कारोबारी सत्र में 675 अंक गंवाने वाला सेंसेक्स सोमवार को 21.81 अंक मजबूत होकर 18,882.25 अंक पर बंद हुआ। आईटी कंपनियों की आय में सुधार की अटकलों के बीच इन शेयरों में लिवाली दर्ज की गई। हालांकि, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी महज 0.20 अंक बढ़कर 5,654.75 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 5,696.15 अंक और 5,624.15 अंक के दायरे में घूमता रहा। अन्य एशियाई बाजारों में कमजोर रुख और यूरोपीय बाजारों के गिरावट के साथ खुलने से भी घरेलू बाजार में धारणा कमजोर रही। बढ़ती मुद्रास्फीति पर अंकुश लगाने के लिए रिजर्व बैंक द्वारा नीतिगत दरें बढ़ाए जाने की संभावना से बाजार की चाल सुस्त बनी हुई है। हालांकि, आईटी कंपनियों की आय में सुधार की उम्मीद से इनके शेयरों में लिवाली का रुख देखा गया, जिससे टीसीएस 1.74 प्रतिशत मजबूत होकर 1,138.15 रुपये पर बंद हुआ। वहीं इंफोसिस 2.06 प्रतिशत की बढ़त लेकर 3,267.95 रुपये पर बंद हुआ।