नई दिल्ली:
लोकसभा के चुनावी नतीजे आने के बाद चालू सप्ताह शेयर बाजार में कारोबार सीमित दायरे में रहेगा और निवेशकों का ध्यान नई सरकार की नीतिगत घोषणाओं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल के चयन पर होगी। विशेषज्ञों ने यह राय व्यक्त की है।
आरकेएसवी के सह संस्थापक रघु कुमार ने कहा, बाजार की मजबूती कारोबारियों के दिमाग में आखिरी चीज है। हम आने वाले सप्ताहों में बाजार में तेजी की उम्मीद कर सकते हैं, क्योंकि बाजार मोदी की अगुवाई वाली बीजेपी नीत सरकार के प्रभावों को अब पूरी तरह ग्रहण चुका है।
नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को इतिहास लिखा, जब बीजेपी को पहली बार अपने दम पर स्पष्ट बहुमत प्राप्त हुआ। बीजेपी को 543 लोकसभा सीटों में से अकेले 282 सीटें मिली हैं।
रेलिगेयर सिक्योरिटीज लिमिटेड के खुदरा वितरण विभाग के अध्यक्ष जयंत मांगलिक ने कहा कि अब स्थिर सरकार का मंच सज गया है, जो आकर नीतिगत फैसले तेज कर सकती है, ताकि वृद्धि को गति दी जा सके। हम उम्मीद करते हैं कि सेंसेक्स कुछ समय तक मौजूदा स्तर पर बना रहेगा और अभी तक हुए लाभ को और पुख्ता करेगा। इसके अलावा बाजार की निगाह महत्वपूर्ण मंत्रालयों के आवंटन पर होगी और नई सरकार के जुलाई, 2014 में संभावित पहले बजट पर होगी।