खास बातें
- टाटा समूह के अध्यक्ष रतन टाटा को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पांच दिवसीय 98वें भारतीय विज्ञान कांग्रेस में जवाहरलाल पुरस्कार से सम्मानित करेंगे।
चेन्नई: टाटा समूह के अध्यक्ष रतन टाटा को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पांच दिवसीय 98वें भारतीय विज्ञान कांग्रेस में जवाहरलाल पुरस्कार से सम्मानित करेंगे। टाटा को भारतीय समाज में योगदान और नैनो कार बनाने को लेकर सम्मान दिया जा रहा है। भारतीय विज्ञान कांग्रेस संगठन (आईएससीए) के जनरल प्रेसिडेंट केसी पांडे ने कहा, प्रधानमंत्री भारतीय समाज में योगदान देने और नैनो कार के विकास के लिए रतन टाटा को जवाहर लाल नेहरू पुरस्कार प्रदान करेंगे। पुरस्कार में स्वर्ण पदक और प्रशस्ति पत्र शामिल होगा। उन्होंने कहा कि टाटा ने उद्घाटन सत्र में शामिल होने की पुष्टि कर दी है। पांडे ने कहा कि आईएससीए समिति ने टाटा को अंतिम छह लोगों में से चयनित किया। उन्होंने कहा कि छह नोबेल पुरस्कार विजेता प्रोफेसर अमर्त्य सेन, डा. वेंकटरमन रामाकृष्णन, डा. अदा योनथ, डा. थॉमस स्टेट्ज, डा. टीम हंट और डा. मार्टिन चेलफी कांग्रेस में हिस्सा लेंगे।