यह ख़बर 08 जनवरी, 2011 को प्रकाशित हुई थी

सरकार मुद्रास्फीति रोकने के लिए प्रतिबद्ध : प्रणब

खास बातें

  • वित्तमंत्री ने मुद्रास्फीति में वृद्धि को वैश्विक जिंस कीमतों में तेजी से जोड़ते हुए कहा कि सरकार महंगाई पर लगाम लगाने के लिए हर कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।
New Delhi:

वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी ने मुद्रास्फीति में वृद्धि को आंशिक रूप से वैश्विक जिंस कीमतों में तेजी से जोड़ते हुए कहा कि सरकार महंगाई पर लगाम लगाने के लिए हर कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।  नौवें प्रवासी भारतीय दिवस पर संबोधन के दौरान मुखर्जी ने कहा हमें मुद्रास्फीति को सामान्य स्तर पर बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने होंगे। मुखर्जी ने कहा कि वैश्विक वित्तीय मंदी के बाद सरकार द्वारा अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए जो राहत पैकेज दिए गए थे, उसके कारण भी महंगाई बढ़ रही है। उन्होंने कहा, अर्थव्यवस्था में प्रत्येक क्रिया से प्रतिक्रिया होती है। हमें ऐसी परिस्थिति का भी सामना करना पड़ता है, जिसमें रोजकोषीय विस्तार से राजकोषीय घाटा बढ़ता है। फिर वैश्विक जिंसों के दाम में बढ़ोतरी के साथ अस्थिर दाम का दौर शुरू हो गया। यह नीति नियंताओं के समक्ष एक चुनौती है। गौरतलब है कि 25 दिसंबर को समाप्त सप्ताह में मुद्रास्फीति प्याज और अन्य सब्जियों के दाम में बढ़ोतरी से एक वर्ष के उच्चतम स्तर 18.32 प्रतिशत पर पहुंच गई है। सरकार दामों में विशेषकर प्याज के दाम में कमी लाने के लिए पहले से ही जमाखारों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। 2008 में आए वैश्विक आर्थिक मंदी से निपटने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक और सरकार ने अनेक राहत पैकज जारी किए थे। मुखर्जी ने भारतीय मूल के लोगों से निवेश और योगदान करने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार दहाई अंक वृद्धि हासिल करने के लिए कोशिश कर रही है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com