खास बातें
- प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने शुक्रवार को 100 टन सालाना क्षमता वाले पुनसंस्करण संयंत्र को भाभा परमाणु शोध केन्द्र (बार्क) को समर्पित किया।
तारापुर: प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने शुक्रवार को 100 टन सालाना क्षमता वाले पुनर्संस्करण संयंत्र को भाभा परमाणु शोध केन्द्र (बार्क) को समर्पित किया, जो देश के परमाणु संयंत्र से निकले प्रयुक्त ईंधन को प्रजनक रिएक्टर में उपयोग करेगा। महाराष्ट्र के थाणे जिला में परिष्कृत पुनर्संस्करण कांपलैक्स का निर्माण करने के लिए अभियंताओं और वैज्ञानिकों को बधाई देते हुये मनमोहन सिंह ने कहा कि पुनर्संस्करण संयंत्र देश के त्रिचरण वाले परमाणु कार्यक्रम की मूलभूत आवश्कता था। उन्होंने कहा, प्रयुक्त ईंधन पुनर्संस्करण संयंत्र देश के तीन चरणों वाले परमाणु कार्यक्रम के लिए मील का पत्थर है। प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्र की जरूरत के लिए स्वच्छ, किफायती और सुरक्षित उर्जा के क्षेत्र में तारापुर स्वयं एक उदाहरण पेश करेगा। उन्होंने कहा कि अनुवर्ती थोरियम उपयोग के लिए भी पुनर्संस्करण संयंत्र एक बुनियादी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अभियंताओं एवं वैज्ञानिकों की क्षमता का उपयोग परमाणु क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग के नये अवसरों के लिए किया जाना चाहिए।